भाजपा के मंत्री संभालेंगे 2019 के रण की कमान, सौंपा गया '74 प्लस' का प्लान
भारतीय जनता पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में फिर भगवा परचम लहराने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। मिशन प्लस 74 के तहत प्रत्येक मंत्री को दो-दो लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है, जो दो से चार नवंबर तक इन लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव संचालन समिति की बैठकों में शामिल होंगे। वोटर लिस्ट, बूथ समितियों के अभिनंदन, बाइक रैली और पदयात्रा के कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। इसके लिए हर जिले में 15 कार्यकर्ताओं का चयन किया जाएगा।
मिशन-2019 फतेह करने के लिए भाजपा ने 40 लाख दायित्ववान कार्यकर्ताओं के जरिये 13.50 करोड़ वोटरों तक पहुंचने की योजना बनाई है। इसे अमली जामा पहनाने के लिए सघन योजना बनाई गई है। इसमें प्रदेश सरकार के मंत्रियों की भी अहम भूमिका होगी।
भाजपा संगठन व प्रदेश सरकार के मंत्रियों की संयुक्त बैठक सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, संगठन मंत्री सुनील बंसल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा, अधिकतर मंत्री, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व उपाध्यक्ष और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मौजूद थे। इस बैठक में मंत्रियों को लोकसभा चुनाव की तैयारियों का एजेंडा सौंप दिया गया।
उन्हें बता दिया गया कि आने वाले महीनों में मुख्य फोकस लोकसभा चुनावों पर रहेगा। मंत्रियों को दो-दो लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ एक-एक प्रदेश पदाधिकारी लगाया गया है। वे 2 से 4 नवंबर के बीच दोनों लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव संचालन समिति की बैठक में शामिल होंगे। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र की बैठक पूरे दिन दो चरणों में चलेगी। मंत्रियों को फरवरी तक का टास्क समझाया गया है। इसको मंत्री लोकसभा क्षेत्र संचालन समिति की बैठक में रखेगे। मंत्रियों को अभी 2 से 4 नवंबर तक ही दो-दो लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है।
10 से 15 नवंबर तक बूथ समितियों का अभिनंदन
मंत्रियों की लोकसभा संचालन समिति की बैठक के बाद पहला कार्यक्रम 10 से 15 नवंबर के बीच बूथ समितियों के सदस्यों के अभिनंदन समारोह का है। हर बूथ पर अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, दोनों उप मुख्यमंत्री, महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत अन्य विधायक शामिल होंगे।
17 नवंबर को कमल संदेश बाइक रैली
80 लोकसभा क्षेत्रों में निकलने वाली रैली में हर बूथ से पांच-पांच कार्यकर्ता झंडा, पटका व टोपी के साथ लोकसभा केंद्र पर पहुंचेंगे। शुभारंभ स्थल से रैली अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों को रवाना होगी।
दिसंबर में 403 विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा
महात्मा गांधी की जयंती के 150वें वर्ष में प्रवेश करने पर भाजपा 1 से 15 दिसंबर के बीच सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा आयोजित करेगी। हर विधानसभा में 25-25 लोगों की 6 टोलियां बनाकर 150 किमी की पदयात्रा की जाएगी।
26 जनवरी को लाभार्थियों के घर जलाएंगे दीपक
कमल विकास ज्योति महाभियान 26 जनवरी को शाम पांच बजे से प्रारंभ होगा। बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता मोदी व योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर-घर जाकर कमल दीपक जलाकर केंद्र व राज्य की उपलब्धियां बताएंगे।