{"_id":"697298532d6a085cf6082771","slug":"bike-rider-looking-at-google-maps-falls-into-a-well-rescued-by-policemen-lucknow-news-c-13-1-vns1028-1572897-2026-01-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: गूगल मैप देख रहा बाइक सवार कुएं में गिरा, सिपाहियों ने बचाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: गूगल मैप देख रहा बाइक सवार कुएं में गिरा, सिपाहियों ने बचाया
विज्ञापन
कुएं से रितेश बचाने वाले सिपाही।
- फोटो : -संवाद
विज्ञापन
नगराम। गूगल मैप के सहारे बाइक से घर जा रहे रायबरेली भवानीगढ़ निवासी रितेश जायसवाल (25) बुधवार रात हादसे का शिकार हो गए। हसवा नहर पुल के पास मोड़ की वजह से उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह एक पुराने गहरे कुएं में जा गिरे। गश्त पर निकले नगराम थाने के दो सिपाहियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्हें कुएं से सकुशल निकाला।
रितेश जायसवाल मौजूदा समय में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित एवीएम कॉलोनी में रहते हैं। वह चौक स्थित शराब की दुकान में सेल्समैन का काम करते हैं। बुधवार रात करीब 12:30 बजे नगराम-करोरा मार्ग से होते हुए गूगल मैप के सहारे बाइक से घर जा रहे थे। हसवा नहर पुल के पास मोड़ पर मैप देखने के चक्कर में उनका संतुलन गड़बड़ा गया और बाइक एक पुराने कुएं की दीवार से टकरा गई। रितेश उछल कर कुएं में जा गिरे।
विज्ञापन
काफी प्रयास के बाद भी रितेश कुएं से बाहर नहीं निकल सके। मदद के लिए काफी आवाज भी लगाई पर आसपास किसी के न होने से आवाज अनसुनी रह गई। कुछ देर बाद गश्त पर निकले नगराम थाने के सिपाही पवन यादव और सुरजीत को सड़क किनारे लावारिस बाइक दिखी। वहां रुकने पर सिपाहियों को रितेश की आवाज सुनाई दी। कुएं में झांकने पर रितेश नजर आए। दोनों सिपाहियों ने अपने मफलर और शॉल को जोड़कर रस्सी का रूप दिया और रितेश को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में रितेश को मामूली चोट भी भी लगी।
विज्ञापन
...तो जान भी जा सकती थी
यह संयोग ही था कि कुएं में थोड़ा ही पानी था। अधिक पानी होता तो रितेश की जान भी जा सकती थी। दूसरे, कुंए में गिरने के दौरान उनका सिर भी सुरक्षित रहा। रितेश ने उनकी जान बचाने वाले दोनों सिपाहियों पवन व सुरजीत को धन्यवाद दिया।

कुएं से रितेश बचाने वाले सिपाही। - फोटो : -संवाद