अमेठी में सहमी कांग्रेस को सोनिया से उम्मीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब तक अमेठी सीट आसानी से जीतने वाली कांग्रेस की बेचैनी लगातार बढ़ रही है। जमीनी हालात भी यही कहते हैं कि इस बार यहां वंशवाद को कड़ी चुनौती मिल रही है।
बीते दस वर्षों में पहली बार अमेठी में कांग्रेस की बेफिक्री गुम दिख रही है। सियासी हालात ऐसे बन गए हैं कि 2004 और 2009 के लोकसभा चुनावों में अमेठी से दूर रहने वाली सोनिया गांधी को 2014 के चुनाव से करीब पखवारे भर पहले यहां जनसभा करनी पड़ी।
प्रियंका वाड्रा यहां पहले से ही ताबड़तोड़ दौरे कर रही हैं। इसके पहले पूरी गांधी फैमिली राहुल गांधी के नामांकन के दौरान यहां अपनी दस्तक दे चुकी है।
अमेठी के कांग्रेसी भले ही ‘आप’ नेता कुमार विश्वास और भाजपा की स्मृति ईरानी की उम्मीदवारी को हवा में उड़ाने के दावे कर रहे हों लेकिन पार्टी इसे हल्के में नहीं ले रही है।
सहमा हुआ है गांधी परिवार
राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के ताबड़तोड़ दौरे, राहुल के नामांकन के दौरान पूरी गांधी फैमिली की मौजूदगी के बाद सोनिया गांधी की जनसभा ने क्षेत्रीय कांग्रेसियों के बेफिक्री के दावों को संदेह के दायरे में खड़ा कर दिया है।
2004 और 2009 के लोकसभा चुनावों पर नजर डालें तो प्रियंका वाड्रा ही क्षेत्र में राहुल का प्रचार करती थीं।
राहुल गांधी क्षेत्र में एक दिन में सभी विधानसभा क्षेत्रों में सभा कर फुर्सत पा लेते थे। सोनिया गांधी ने अमेठी संसदीय क्षेत्र में 1999 में अपनी उम्मीदवारी के दौरान चुनावी जनसभा की थी।
उसके बाद उन्होंने अमेठी में अपने पुत्र राहुल गांधी के प्रचार की जरूरत ही नहीं समझी। दरअसल गांधी फैमिली की अमेठी को लेकर फिक्र की वजहें अनायास नहीं हैं।
विधानसभा में कांग्रेस को मात
जो कार्यकर्ता कुमार विश्वास और स्मृति ईरानी की दावेदारी को हवा में उड़ाने की बात कह रहे हैं उन्हीं के रहते 2012 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की दुर्गति गांधी परिवार देख चुका है।
आमतौर पर अमेठी में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में जनता के अलग-अलग रुख से गांधी फैमिली को भी कहीं न कहीं इस बात का अहसास है कि राहुल गांधी की जीत में संगठन की भूमिका कितनी होती है?
उसे यह भी मालूम है कि मजबूत विकल्प के अभाव का राहुल गांधी को अमेठी में अतिरिक्त लाभ मिलता रहा है।
ऐसे में जब अमेठी में कुमार विश्वास और स्मृति ईरानी जनता के बीच ही राहुल को घेर रहे हैं तो जाहिर तौर पर गांधी फैमिली को उनकी काट के लिए ज्यादा सक्रिय होना ही होगा।
अमेठी में सोनिया की अपील
यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जनसभा को संबोधित किया , जिसमें उन्होने जनता से राहुल गांधी के लिए वोट मांगे।
अपने भाषण में सोनिया ने भाजपा और अन्य विपक्षियों पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बेवजह कांग्रेस को बदनाम करने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में धर्म और जाति के आधार पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है।
उन्होने लोगों से राहुल को समर्थन देने की अपील की। बहरहाल इतना तो कहा ही जा सकता है कि गांधी परिवार की अमेठी में सक्रियता दर्शा रही है कि इस बार मुकाबला पहले की तरह आसान नहीं रहने वाला है।