बाबरी केस को जरूर मिलेगा अल्लाह का बंदा: आजम
नगर विकास, अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ मंत्री आजम खां ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोई तो वजह होगी जिससे हाशिम अंसारी ने खुद को बाबरी मस्जिद केस की पैरवी से हटने की घोषणा की है। वैसे, उनके अलग होने से केस की पैरवी पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
आजम ने एक बयान में कहा, बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के किसी सदस्य या बाबरी मस्जिद के मुकदमे की पैरवी कर रहे किसी व्यक्ति द्वारा खुद को पैरवी से अलग कर लेने से मुकदमे पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
मुकदमे की पैरवी के लिए देश की 125 करोड़ की आबादी में से अल्लाह का कोई बंदा जरूर मिल जाएगा।
उन्होंने कहा, जहां तक हाशिम अंसारी की नाराजगी का संबंध है तो उन्हें इस बाबत किसी स्तर पर या किसी को भी कोई जानकारी नहीं है।
हाशिम की नाराजगी पर उठाए सवाल
आजम खां ने कहा कि यह बड़ी हैरानी की बात है कि एक व्यक्ति जो इतने दिनों से पूरी शिद्दत के साथ खड़ा रहा और लगातार पैरवी करता रहा, उसके सामने अब ऐसी कौन सी बात आ गई कि वह कमजोर पड़ गया और अपने कदमों को पीछे खींच लिया है।
उन्होंने कहा, अंसारी की इस नाराजगी की कोई न कोई पृष्ठभूमि जरूर है, वर्ना यह कैसे हो सकता है कि बाबरी मस्जिद का इतना बड़ा पैरोकार अचानक नाराज होकर अपने कदम पीछे खींच ले।