बीफ खाना गुनाह है तो काटजू को मिले सजाः आजम खां
नगर विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री आजम खां का कहना है कि अगर बीफ खाना गुनाह है तो जस्टिस काटजू, शोभा डे समेत आधे हिंदुस्तान को भी वही सजा मिलनी चाहिए जो सोमवार को दिल्ली में जम्मू-कश्मीर के निर्दलीय विधायक रशीद को दी गई।
आजम ने यह भी कहा कि बीफ के नाम पर मुसलमानों को बेवजह मारा जा रहा है और मुंह काला किया जा रहा है। विरोध करने वाले बताएं कि हम कहां जाएं और क्या करें? मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने ये बातें कहीं।
अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले आजम ने कहा, मुसलमान एक कमजोर कौम है जो 1947 के बाद से अब तक तकलीफ में है। हम चाहते हैं कि कोई रास्ता निकले और प्यार से रहें। कहा जा रहा है कि जो बीफ खाता है वह हिंदुस्तान छोड़ दे।
मुसलमान कहां जाएं हिंदुस्तान छोड़कर?
बताओ क्या करें और कहां जाएं हिंदुस्तान छोड़कर? अब बस यही काम बाकी रह गया है कि हिंदुस्तान के नक्शे पर मुसलमान लिखकर उसे काला कर दें। इससे सारे मुसलमानों का मुंह काला हो जाएगा।
बीफ की सियासत में पूरे मुल्क को खतरे में डाल रहे हैं। यह कहां तक वाजिब है। जहां तक गुस्से का सवाल है तो हम क्या गुस्सा कर सकते हैं। हमारी हैसियत ही क्या है? गुस्सा करने की हैसियत नहीं है। किस बात का गुस्सा करें। यहां रहना है तो पिटना है, मारे जाना है।
यह पूछने पर कि आपने अपनी जान को खतरा बताया है? आजम ने यह कहते हुए सवाल को टाल दिया कि अजी मेरी जान की छोड़िए। काम की बात हो रही है, होने दीजिए।