आजम ने बुखारी की तुलना अमर सिंह से की!
उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आजम खां ने जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने इमाम बुखारी की तुलना सपा के पूर्व नेता अमर सिंह के साथ की है।
साथ ही आजम खां ने फेसबुक पर अपने नाम से फर्जी पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई को जायज ठहराया है।
आजम खां से शनिवार को जब फेसबुक प्रकरण की चौतरफा आलोचना और इस पर इमाम बुखारी के बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बुखारी की तुलना अमर सिंह से कर दी। आजम ने कहा कि अब उनके बयान पर क्या प्रतिक्रिया दी जाए।
मेरे नाम से पोस्ट डालने वाला न माइनर है न छात्र
आजम ने कहा कि फेसबुक पर जिस युवक ने उनके नाम से फर्जी पोस्ट डाला था, वह न तो माइनर है और न ही छात्र। मंत्री ने कहा कि लोग उस युवक का समर्थन इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि यह मामला मुझसे जुड़ा है।
आजम ने इस मामले में युवक के खिलाफ की गई कार्रवाई को जायज ठहराया। प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि किसानों से सभी तरह की वसूली पर रोक लगा दी गई है।
किसानों को जितना भी नुकसान हुआ है उसकी शत प्रतिशत भरपाई की जाएगी।