रायबरेली में सोनिया की सियासी घेराबंदी करेंगे जेटली, भाजपा ने विपक्षी सूरमाओं के लिए तैयार की रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिशन 2019 की तैयारी में लगी भाजपा विपक्षी सूरमाओं को उनके घर में ही घेरने में जुट गई है। राहुल गांधी को घेरने के इरादे से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पिछले पांच साल से अमेठी में सक्रिय हैं। भाजपा ने अब सोनिया गांधी की सियासी घेराबंदी के लिए अपने वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को मैदान में उतारा है।
राज्यसभा सदस्य के रूप में जेटली ने रायबरेली को अपना नोडल जिला बनाया है। उनका नवंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में रायबरेली दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे में वह रायबरेली में कई विकास योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा अन्य जिन स्थानों पर भाजपा के सांसद नहीं हैं वहां भी विकास के एजेंडे से सियासी घेराबंदी की तैयारी है।
इसी तरह आजमगढ़, बदायूं, मैनपुरी, कन्नौज और फिरोजाबाद पर भाजपा ने अभी से नजर गड़ा दी है। इन स्थानों की जिम्मेदारी भी जल्द ही पार्टी के किसी न किसी बड़े चेहरे को सौंपने का फैसला किया गया है। इनमें हरदीप पुरी और शिवप्रताप शुक्ल शामिल हैं। ये दोनों केंद्र सरकार में मंत्री हैं और उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य हैं।
इन सीटों पर ये हैं प्रत्याशी
आजमगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, बदायूं से मुलायम के भतीजे धर्मेन्द्र यादव, कन्नौज से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, मैनपुरी से तेजप्रताप सिंह यादव और फिरोजाबाद से प्रो. रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव सांसद हैं।
भाजपा ने इन सभी स्थानों पर विकास का एजेंडा सेट करने के लिए अपने राज्यसभा सदस्यों को लगाने की रणनीति बनाई है। इनकी सांसद निधि इन गैर भाजपा सांसदों वाले क्षेत्रों में खर्च करने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश से भाजपा के 11 नेता राज्यसभा सदस्य हैं।
दुखती रग पर हाथ रख विपक्ष को देंगे मात
भगवा टोली के रणनीतिकारों ने इन क्षेत्रों की दुखती रग पर हाथ रख विपक्ष को मात देने का तानाबाना बुना है। अमेठी में स्मृति ईरानी पहले ही इस तरह के मुद्दों पर राहुल को घेर रही हैं। अब भाजपा ने रायबरेली में इतने लंबे समय से कांग्रेस की सत्ता होने के बावजूद कोई विश्वविद्यालय न होने तथा खिलाड़ियों के लिए बड़ा स्टेडियम न होने का मुद्दा उठाया है।
केंद्रीय वित्त मंत्री के प्रतिनिधि हीरो वाजपेयी ने पिछले दिनों रायबरेली में जल्द ही इन मुद्दों पर काम शुरू होने की घोषणा की है। वहां अगस्त में प्रदेश के पहले एम्स की ओपीडी शुरू होने के मौके पर भाजपा पहले ही कांग्रेस और सपा को घेर चुकी है।