हाथी ने ग्रामीण को सूंड़ में लपेट कर पटका फिर रौंद डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहराइच के कतर्नियाघाट के बिछिया बाजार से खरीदारी कर लौट रहे ग्रामीण पर रास्ते में जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने ग्रामीण को सूंड में लपेट कर पटक कर बेदम कर दिया। उसके बाद रौंदकर मार डाला।
दूसरे राहगीरों ने ग्रामीणो को बचाने की कोशिश की तो हाथी ने उन्हें भी दौड़ा लिया। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची लेकिन जंगली हाथी के खिसकने तक दूर ही खड़ी रही। एसओ ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से ग्रामीण दहशत में हैं।
कतर्नियाघाट रेंज क्षेत्र में गेरुआ नदी के पार आबाद भरथापुर गांव के लोग जंगल के रास्ते होकर बिछिया बाजार पहुंचते हैं। गांव निवासी लेखराम (40) पुत्र मालती प्रसाद घरेलू सामान खरीदने के लिए दोपहर में बाजार गया था।
बाजार से जंगल के रास्ते लौटते समय जंगली हाथी से सामना हो गया। लेखराम ने भागने की कोशिश की लेकिन झाड़ियों में फंसकर गिर गया। इसी बीच पहुंचे हाथी ने उसे सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पैर से रौंद दिया।
बचाने आए लोगों को दौड़ाया
पीछे से आ रहे राहगीरों ने शोर मचाकर लेखराम की जान बचाने की कोशिश की लेकिन जंगली हाथी ने उन्हें भी दौड़ा लिया। सभी ने किसी तरह भागकर जान बचाई।
सूचना पर वन दरोगा मनोज कुमार, वन रक्षक अशफाक व अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन जंलगी हाथी के मौजूद होने के कारण काफी देर बाद मृतक तक पहुंच पाए।
थानाध्यक्ष सुजौली कपिलदेव चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना से राहगीर और आसपास के ग्रामीण दहशत में हैं।
सात माह पूर्व खेत में हमला कर ग्रामीण को था मारा
कतर्नियाघाट रेंज में गेरुआ पार भरथापुर गांव के निकट खेत में सात माह पूर्व जंगली हाथियों का झुंड आ धमका था। हाथियों ने फसल बचाने पहुंचे गांव निवासी रूपल पुत्र बेचू को भी इसी तरह सूंड में लपेट कर पटकने के बाद पैर से रौंदकर मारा था।