मोदी न सोते हैं और न सोने देते हैं: अमित शाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आमचुनाव में यूपी में भाजपा को बड़ी जीत दिलाने वाले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज मंगलवार को लखनऊ में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने पार्टी के बड़े नेताओं, सांसदों व मंत्रियों की खिंचाई भी की। चुटकी लेते हुए कहा, ‘सावधान हो जाइए। आप लोगों ने मोदीजी को यह कहते सुना है कि न खाता हूं और खाने दूंगा, पर उससे आगे की बात मुझसे सुन लीजिए।
गुजरात में विधायक और मोदी के मंत्रिमंडल का सदस्य रहने के नाते अपना अनुभव बता रहा हूं। भैया! वे न तो सोते हैं और सोने देते हैं’। शाह ने कहा कि मंत्रिमंडल के साथियों सहित सभी से बताना चाहता हूं कि थोड़े दिन में यही होने वाला है।
मोदी ने तैयार की पांच साल की योजना
अमित शाह बोले, नरेंद्र मोदी उस आदमी का नाम है जिसके पास एक-एक जिले और तथा सीट की जानकारी होती है। वे ऐसी कार्ययोजना आपके सामने रख देंगे कि आपके पास उस पर चलने के अलावा दूसरा रास्ता ही नहीं रहेगा। सफलता मिलनी भी तय रहेगी।
केंद्र सरकार का अभी तीन महीने का कार्यकाल भी पूरा नहीं हुआ है, पर पांच साल की पूरी कार्ययोजना तैयार है, जिस पर सभी को काम करना होगा।
अटल से शुरू की बात: अमित शाह ने अपनी बात कुछ यूं शुरू की, बचपन से अटलजी की यह पंक्ति सुना करता था कि दिल्ली का रास्ता लखनऊ होकर जाता है। प्रभारी के रूप में जब लखनऊ आया और चुनाव के चलते प्रदेश का दौरा किया तो यह बात अक्षरश: सही दिखाई दी।
ऐसी कृपा बरसी कि उत्तर प्रदेश की बदौलत देश में पहली बार विशुद्ध गैरकांग्रेसी सरकार और भाजपा की अपनी पूर्ण बहुमत वाली सरकार बन गई।