लखनऊ में तोड़ी जा रही है चर्चित अंबेडकर स्मारक की दीवार, जानिए क्यों...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में सृजन विहार कॉलोनी के बाशिंदों की मुश्किलें जल्द ही दूर होने वाली हैं। यहां के लोगों को मुख्य शहर का सीधा रास्ता देने वाली अंबेडकर स्मारक की बाहरी दीवार अगले सप्ताह ध्वस्त कर दी जाएगी।
सामाजिक परिवर्तन स्थल के वाह्य क्षेत्र की इस दीवार को ध्वस्त करने का हाईकोर्ट ने आदेश दिया था। इस आदेश पर सुप्रीम कोर्ट में स्टे था, वह भी खत्म हो चुका है। इस दीवार को गिराकर रास्ता खोलने के संबंध में बृहस्पतिवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और राज्य सेतु निर्माण निगम के बीच फैसला हो गया। सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों ने अगले सप्ताह दीवार गिराने की बात कही है।
सुप्रीम कोर्ट में स्टे निरस्त हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन एलडीए और सेतु निगम के बीच खींचतान के चलते भागीदारी भवन रोड की दीवार गिराने का काम अब तक शुरू नहीं हो सका था।
अंबेडकर स्मारक की दीवार गिरने से इनको मिलेगा फायदा
हालांकि अब दीवार गिराने का रास्ता साफ होने के साथ ताज होटल रोड से अंडरपास के जरिये गोमती नगर विस्तार तक पहुंचने के मार्ग की बाधा जल्द दूर होने वाली है। यह रास्ता खुलने से ग्वारी रेलवे लाइन के नीचे जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमतीनगर विस्तार मुख्य शहर से सीधे जुड़ जाएगा।
पिछले वित्तीय वर्ष में शासन की व्यय और वित्तीय समिति की ओर से करीब 40 करोड़ रुपये का कुल बजट इस अंडरपास के लिए पास किया गया था। चालू वित्तीय वर्ष में करीब 200 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अंडरपास करीब आधा किलोमीटर लंबा है, जिसका थोड़ा भाग रेलवे को भी बनाना होगा। ये काम पिछले डेढ़ साल में अब तक रुका हुआ था।
सृजन विहार कॉलोनी के लोगों को अब ये आस जगी है कि 10 सितंबर तक अंबेडकर स्मारक की बाहरी दीवार ध्वस्त हो जाएगी। एलडीए के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में राजकीय सेतु निर्माण के अधिकारियों को दीवार तोड़ने से संबंधित बातचीत की गई। जिस पर सेतु निगम के अधिकारियों ने कहा कि वे हर हाल में अगले सप्ताह दीवार ध्वस्त कर देंगे।