अमर उजाला वेबिनार में एकेटीयू कुलपति बोले, सितंबर में ऑफलाइन होंगे पेपर, मिलेंगे ज्यादा विकल्प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) की सभी कोर्सों की फाइनल ईयर की परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में होंगी। परीक्षाएं ऑफलाइन होंगी। विद्यार्थियों को पेपर में ज्यादा विकल्प मिलेंगे। दो-दो घंटे के ही पेपर होंगे। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित (एमसीक्यू) होगी या थ्योरी आधारित, इस पर निर्णय सोमवार को एकेडमिक काउंसिल की बैठक में लिया जाएगा। बीटेक की परीक्षा एक दिन में और अन्य की दो दिन में आयोजित की जाएगी। इसके बाद जल्द परिणाम जारी कर दिए जाएंगे। यह जानकारी एकेटीयू कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने रविवार को अमर उजाला के वेबिनार में विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए दी।
प्रो. पाठक ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को कोर्स पूरा करने में किसी तरह की दिक्कत आई है। उन्हें 16 से 30 अगस्त तक अपने डाउट क्लीयर करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए कॉलेजों को निर्देश देंगे। परीक्षा कार्यक्रम और पढ़ाई के लिए डिटेल गाइडलाइन सोमवार या मंगलवार तक जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एक सर्वे में हमने पाया कि लगभग 30 से 35 फीसदी स्टूडेंट के पास इंटरनेट, डेटा की दिक्कत है। इसलिए सभी को समान अवसर देने के लिए ऑफलाइन पेपर आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों की दिक्कत को ध्यान में रखकर ही सेल्फ सेंटर की व्यवस्था की गई है।
यहां देखें पूरा वीडियो
यहां तीन शिफ्ट में सैनिटाइजेशन, थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी। सोशल डिस्टेंसिंग भी मेंटेन की जाएगी। प्रो. पाठक ने कहा कि विद्यार्थी परीक्षा को लेकर किसी तरह के तनाव में न आएं। कोरोना संक्रमण से बचाव के हर संभव प्रयास करें। विश्वविद्यालय उनका हर स्तर पर सहयोग करेगा। विद्यार्थियों की सेहत को ध्यान में रखकर ही शोध से जुड़े, पीजी वाइवा ऑनलाइन किया है। जहां संभव है, वहां हम विद्यार्थियों को नहीं बुलाने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। संक्रमण काल में विश्वविद्यालय ने थर्मल स्कैनर रोबोट, करेंसी सैनिटाइजेशन मशीन, सैनिटाइजर टनल, फेस शील्ड का इनोवेशन किया है। विद्यार्थी भी आगे आएं और चुनौतियों को अवसर में बदलें।
मार्क्सशीट पर लिखा होगा कोविड प्रमोशन
विद्यार्थियों की शंकाएं दूर करते हुए प्रो. पाठक ने कहा कि हम फर्स्ट, सेकेंड व थर्ड ईयर के स्डूडेंट्स का प्रमोशन करेंगे। प्र्रमोशन का आधार 70-30 का होगा। 70 नंबर का पिछले साल का मूल्यांकन और 30 नंबर इस साल के सेशनल। उन्होंने बताया कि सीबीएसई की तरह विद्यार्थियों की मार्क्सशीट में इस पर कोविड प्रमोशन लिखकर देंगे। कोरोना एक वैश्विक बीमारी है। इसलिए किसी को प्रमोशन लिखकर देने से कोई दिक्कत नहीं होगी। सभी इससे जूझ रहे हैं। कोविड प्रमोशन लिखी मार्क्शसीट से भविष्य में भी कोई दिक्कत नहीं होगी।
प्रमोशन का रिजल्ट इसी माह, ऑनलाइन क्लास पांच अगस्त से
प्रो. पाठक ने सवालों के जवाब मेें बताया कि प्रमोशन का आधार तय कर लिया है। सोमवार को इस पर एकेडमिक काउंसिल की बैठक में मुहर लगेगी। इसके बाद रिजल्ट बनाना शुरू कर दिया जाएगा। इसी महीने रिजल्ट जारी कर देंगे। पांच अगस्त से ऑनलाइन क्लास शुरू करेंगे, जब तक स्थिति क्लास रूम टीचिंग के लिए सामान्य नहीं हो जाती, मूक्स के लेक्चर तैयार हैं, इन्हें अपलोड कर देंगे। विद्यार्थी इससे पढ़ाई शुरू कर सकेंगे।