सीएम ने लॉन्च किया एप ‘समाजवादी अखिलेश’
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी विचारधारा के व्यापक प्रचार-प्रसार और जन संवाद के लिए गुरुवार को ‘समाजवादी अखिलेश’ (samajwadiakhilesh) नाम से मोबाइल एप लॉन्च किया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जनता से संवाद कायम करने का सशक्त और प्रभावी माध्यम है। स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण में इसकी अहम भूमिका हो सकती है। संचार क्रांति से दुनिया में बहुत बदलाव आ गया है।
टाइपराइटर से लेकर कंप्यूटर और टेलीफोन से लेकर एप तक का सफर तकनीक की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण रहा है। इससे हमारी जिंदगी और रहन-सहन में भी बहुत बदलाव आ सकता है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था से नई तकनीक का जुड़ाव बहुत फायदेमंद साबित होगा।
किसानों तक पहुंचेंगी नई जानकारियां
अखिलेश ने कहा कि नई व्यवस्था में सक्षम सिस्टम लागू होने से विकास की नई-नई जानकारियां किसानों तक पहुंचेंगी और गांवों की स्थिति भी सुधरेगी।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संतुलन बनेगा। खेती अधिक लाभदायक और उन्नत होगी। एप के जरिये लोग बेहतर ढंग से अपडेट रह सकेंगे।