यूपी का विकास ही देश का विकास: अखिलेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक तरफ दिल्ली के लालकिले से देश के प्रधानमंत्री ने जोरदार अंदाज में अपने सपनों का भाषण दिया, तो यूपी में अखिलेश कोई करिश्माई भाषण देने में नाकाम दिखे।
68वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यूपी की राजधानी लखनऊ में विधानसभा पर सुबह 9 बजे तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सूबे के नागरिकों के नाम भाषण भी दिया।
एक तरफ दिल्ली के लाल किले से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा फहराकर एक अलग ही देश की नींव रखने की कोशिश की, तो अखिलेश ने हमेशा की तरह यूपी की उपलब्धियां गिनाकर ही भाषण खत्म कर दिया।
अखिलेश ने कहा कि यूपी का विकास ही देश का विकास है। उन्होंने सूबे में हो रहे विकास का उल्लेख किया और बताया कि देश के सबसे बड़े राज्य में चुनौतियां भी सबसे ज्यादा हैं।
नहीं की कोई बड़ी घोषणा
एक तरफ दिल्ली के लाल किले से मोदी ने योजना आयोग की जगह नई संस्था के निर्माण, सांसदों के लिए आदर्श ग्राम और तमाम अन्य आमूल-चूल बदलावों की बात की, तो अखिलेश बिना किसी नए विचार के ही मंच पर भाषण देते नजर आए।
अखिलेश ने अपने कार्यकाल में हुए कार्यों का ही जिक्र किया और कन्या विद्याधन से लेकर लैपटॉप योजना और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं से लेकर पुलिस रिफॉर्म का ही गुणगान किया।
बेरोजगारी दूर करने की बात करते हुए अखिलेश ने बताया कि 1100 करोड़ की लागत से 24 लाख युवाओं को तीन साल में रोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
गिनाई कुछ अन्य बड़ी योजनाएं
अखिलेश ने इस मौके पर अपनी सरकार की तमाम बड़ी योजनाएं गिना डालीं। उन्होंने बताया कि लखनऊ के चक गंजरिया में आईटी सिटी का निर्माण एक बड़ा प्रोजेक्ट है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सूबे के बहराइच और फैजाबाद जैसे जिलों में भी मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव उन्होंने केंद्रीय संस्था को भेज दिया है।
अखिलेश ने कहा कि सूबे के राममनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज को एम्स की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है और इसमें 150 एमबीबीएस की सीटें बढ़ाई जाएगी।
रुकेगा महिलाओं के खिलाफ अपराध
अखिलेश ने पर्यटन का भी जिक्र किया और बताया कि सूबे में क्षेत्रीय वायुयान सेवा की भी शुरुआत करने पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए पुलिस सिस्टम में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं और मॉडर्न पुलिस कंट्रोल रूम सूबे के हर जिले में बनाए जाएंगे।
इसके अलावा, यूपी पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस भी किया जाएगा। अखिलेश ने जानकारी दी कि कानपुर में प्रयोग सफल रहा है और जल्द ही लखनऊ में पुलिस रिफॉर्म का काम शुरू होगा। राज्यपाल राम नाइक ने भी राजभवन में ध्वजारोहण कर महिलाओं को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।