{"_id":"61d825f9ff606a449a47d983","slug":"akhilesh-taunts-cm-yogi-in-gonda-he-laid-the-foundation-stone-of-the-medical-college-baba-will-not-be-able-to-inaugurate","type":"story","status":"publish","title_hn":"गोंडा में अखिलेश ने सीएम योगी का तंज : मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास तो किया, बाबा उद्घाटन नहीं कर पाएंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गोंडा में अखिलेश ने सीएम योगी का तंज : मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास तो किया, बाबा उद्घाटन नहीं कर पाएंगे
Fri, 07 Jan 2022 07:01 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Fri, 07 Jan 2022 07:01 PM IST
सार
प्रधानमंत्री के सुरक्षा को लेकर उठे विवाद में अखिलेश ने कहा कि किसान भाईयों को प्रधानमंत्री को मंच पर जाने देना चाहिए था ताकि खाली कुर्सियां देखते और किसानों को बताते तीन काले कानून क्यों लाए गए और तीन कानून क्यों वापस किए गए।
विज्ञापन
गोंडा में पूर्व मंत्री पंडित सिंह की प्रतिमा अनावरण के दौरान अखिलेश यादव, राम गोपाल और अन्य
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हिटलर की सरकार में एक प्रोपेगंडा मंत्री होता था, भाजपा की पूरी सरकार ही प्रोपेगंडा सरकार है। भाजपा सरकार केवल शिलान्यास कर रही है। गोंडा में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास बाबा ने किया है। मगर उद्घाटन नहीं कर पाएंगे। इतने कमजोर मुख्यमंत्री हैं कि विधानसभा का टिकट मांग रहे हैं। कभी इस विधानसभा से कभी उस विधानसभा से। उन्हें कोई टिकट नहीं दे रहा है। क्योंकि वह भाजपा के सदस्य ही नहीं है। भाजपा के तमाम नेेता उनसे खुद परेशान हैं।
विज्ञापन
सपा मुखिया यहां पूर्व मंत्री स्वर्गीय विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित के सिंह के जन्मदिवस पर सूरज होटल के प्रांगण में स्थापित पूर्व मंत्री पंडित सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद उमड़े जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश ने कहा कि देश की जनता ने इतनी झूठी सरकार कभी नहीं देखी होगी। भाजपा सरकार केवल झूठ बोलती है और झूठे विज्ञापनों से जनता को गुमराह कर रही है। कहा कि भाजपा सरकार के विकास के दावे पूरी तरह से झूठे हैं, जो विकास कार्य जहां समाजवादी सरकार ने छोड़ा था, वह वहीं रुका है। इसका ज्वलंत उदाहरण जरवल से गोंडा तक की बनी फोनलेन सड़क है। जिसके डिवाइडर पर पौधे लगाए जाने थे। वहां आज सांड़ बैठे मिलते हैं।
विज्ञापन
कहा कि बड़े बड़े विज्ञापन देखे होंगे कभी एक लाख नौकरी तो कभी पांच लाख रोजगार के भाजपा दावे करती है, लेकिन सच्चाई यह है कि गोंडा जनपद में किसी को नौकरी नहीं मिली। ये सरकार सिर्फ गरीबों की जेब काटकर अमीरों की तिजोरी भर रही है। पंजाब के एक कार्यक्रम में जाते समय प्रधानमंत्री के सुरक्षा को लेकर उठे विवाद में अखिलेश ने कहा कि किसान भाईयों को प्रधानमंत्री को मंच पर जाने देना चाहिए था, ताकि खाली कुर्सियां देखते और किसानों को बताते तीन काले कानून क्यों लाए गए और तीनों कानून क्यों वापस किए गए। ये पूरा देश सुनने से रह गया। पंजाब में खाली कुर्सियां थीं। उनके लिए यूपी में भी खाली कुर्सियां हैं। सात सौ किसानों की जान गई है। सपा सात सौ किसानों को 25 लाख मुआवजा देगी। अखिलेश ने कहा कि भाजपा समाजवादियों की नकल करती है। समाजवादी एक रथ निकला तो भाजपा ने छह रथ निकाल दिए। उनके छह रथ पर हमारा एक रथ भारी है। भाजपा की ठोको सरकार को जनता चुनाव में समाजवादी को वोट ठोंककर जवाब देगी।
विज्ञापन
नोटबंदी से नहीं कम हुआ भ्रष्टाचार, न ही वापस हुआ कालाधन
सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार झूठ पर झूठ बोलती है। भाजपा सरकार ने कहा था कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। विदेशों में जमा कालाधन वापस होगा। मगर न तो भ्रष्टाचार खत्म हुआ और न ही कालाधन ही वापस आया। सपा में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो, समेत सभी काम रिकार्ड टाइम में हुए थे। मैने कहा था कि भगवान परशुराम की मूर्ति लगवाएंगे तो वह रिकार्ड टाइम छह माह में लग गई। भाजपा मंदिर के नाम पर सिर्फ वोट लेना चाहती है।
लैपटाप देने का वादा, देर रहे टैबलेट
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ने बच्चों को लैपटाप दिए थे, जो पढ़ाई में काम आ रहे हैं। सपा की नकल कर भाजपा ने भी लैपटाप देने का वादा किया था। मगर दे रहे हैं टैबलेट। वह भी देते हुए साढ़े चार साल हो गए पर अभी तक नहीं मिला। कहा कि भाजपा ने कारखाना लगाया है, लेकिन गोंडा, बहराइच, अयोध्या व बाराबंकी कहीं भी कारखाना नहीं लगा।
अखिलेश ने किया वादा, सरकार में आने पर देंगे सीवरलाइन
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनसमूह से वादा किया कि 2022 के चुनाव में सत्ता में आने पर गोंडा में ऐसा मेडिकल कॉलेज बनाएंगे जिसमें लोगों को लखनऊ जैसा इलाज मिलेगा। यहीं नहीं गोंडा की समस्या को देखते हुए यहां सीवर लाइन का निर्माण कराया जाएगा।
दंगा करने वाले सरकार में बैठ गए तो दंगा कहां से होगा
अखिलेश ने कहा कि भाजपा झूठा प्रचार कर रही है कि सपा सरकार में दंगे हुए। उन्होंने 2012-2015 में प्रदेश में कितने दंगे हुए सभी जानते हैं। एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि उसके बाद कितने दंगे हुए हैं। दंगा कराने वाले तो अब सरकार में बैठे हैं तो दंगा कहां से होगा। भाजपा ठोको राज चला रही है। भाजपा जनमाफी रैली निकालकर लोगों से माफी मांगे।
पंडित सिंह को पार्टी का हनुमान बताया
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय पंडित सिंह की प्रतिमा का अनावरण एवं अमर स्मृतिकोश आमरण समाजवादी पंडित सिंह का विमोचन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर डॉ. राम गोपाल यादव ने किया। सपा मुखिया ने पूर्व मंत्री पंडित सिंह के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि पंडित सिंह समाजवादी पार्टी की अमूल्य धरोहर थे, अब जबकि पंडित सिंह इस दुनिया में नहीं रहे तो इस परिवार की जिम्मेदारी पार्टी की हमारी और इस गोंडा के आवाम की है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री पंडित सिंह पार्टी के हनुमान थे। इस दौरान सूरज सिंह ने सभी का आभार जताया और कई बार वह भावुक हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप, योगेश प्रताप सिंह, महेश सिंह, नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री डॉ. एसपी यादव, पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे, पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला, पूर्व विधायक रमेश गौतम, पूर्व चेयरमैन कमरुद्दीन, पूर्व विधायक राम मिशन आजाद, प्रतिभा सिंह, कमलेश रंजन वर्मा, साबिर अली, सरफराज हुसैन सोनू, पूर्व विधायक आरिफ अनवर हाशमी, देवेंद्र सिंह, वतन सिंह आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता राजेश दीक्षित ने किया।