अखिलेश यादव बोले, भाजपा नेताओं को सड़ा-गला आलू भेंट करें किसान और सपा कार्यकर्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
समाजवादी पार्टी आलू, गन्ना किसानों की समस्याओं व बिजली मूल्य वृद्धि के खिलाफ 27 जनवरी को तहसीलों में प्रदर्शन करेगी। आलू किसानों की बदहाली की तरफ सरकार का ध्यान खींचने के लिए सपा कार्यकर्ता जिलाधिकारियों को आलू की बोरी उपहार के तौर पर देंगे। यह जानकारी सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दी। वहीं, उन्होंने ये भी कहा कि जब भाजपा नेता आपके गांव आएं तो किसान और सपा कार्यकर्ता उन्हें सड़ा-गला आलू भेंट करें।
अखिलेश शनिवार को विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में छात्र संघ के निर्वाचित पदाधिकारियों को संबोधित करने के बाद मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ ऐसी ताकतें घुस आई हैं जो समाज को कभी जति के नाम पर तोड़ रही है तो कभी धर्म के नाम पर। नौजवानों को इन्हें जवाब देना पड़ेगा वरना ये देश को तोड़ देंगी।
कहा कि युवाओं को आगे लाने में सपा कभी पीछे नहीं रही है। इतने युवा किसी दल के पास नहीं, जितने सपा के पास हैं। विधान परिषद में जितने युवा एमएलसी सपा के हैं, उतने किसी और दल के नहीं। कहा, नई पीढ़ी का तकनीक से गहरा रिश्ता है। अमेरिकी राष्ट्रपति कहते हैं कि नई टेक्नोलॉजी से सूचनाओं को देखते ही मनोविज्ञान बदल जाता है भले ही वे सूचनाएं सही न हो। नौजवान तकनीक का बेहतर इस्तेमाल करें।
सपा अध्यक्ष ने कहा प्रदेश सरकार ने 15 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान का वादा किया था, यह खोखला निकला। अभी पिछले साल का भी पूरा भुगतान नहीं हो पाया। बिजली आई नहीं, बिल बढ़ा दिया गया। आलू किसान बर्बाद हो गए हैं।
400 करोड़ रुपये से किया था मदद का वादा, किसकी मदद की बताएं
अखिलेश बोले, भाजपा सरकार ने पहली कैबिनेट में फैसला लिया था कि आलू किसानों को सही कीमत नहीं मिली तो 400 करोड़ रुपये से उनकी मदद करेंगे। सरकार बताए कि किन किसानों और किन कोल्ड स्टोरेज की मदद की और इस पर कितनी धनराशि खर्च की ? किसान कोल्ड स्टोरेज से आलू नहीं निकाल पाए हैं। कोल्ड स्टोरेज ने आलू बाहर फेंक दिया है।
अखिलेश ने कहा कि एक-डेढ़ माह में नई फसल आने वाली हैं लेकिन सरकार की कोई तैयारी नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं व किसानों से कहा कि भाजपा नेता उनके गांवों में आएं तो उन्हें उपहार में सड़ा-गला आलू दें। अखिलेश ने कहा कि सपा 27 जनवरी को तहसीलों में प्रदर्शन करेगी। जिलों में डीएम को उपहार के रूप में एक-एक बोली आलू देंगे।
अखिलेश ने कसा तंज, कप्तान को देंगे यशभारती
विधानभवन के बाहर आलू बिखेरने के मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी व केस दर्ज करने पर अखिलेश ने तल्ख लहजे में विरोध जताया। तंज कसा कि इस उपलब्धि के लिए कप्तान (दीपक कुमार) को यशभारती दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, कौन नहीं जानता कि एसएसपी ने पूर्व विधायक के बेटे की हत्या के आरोपी पुलिस कर्मचारी के बेटे का कैसे सरेंडर कराया है ? वह तो एनकाउंटर करने वाले थे ? कहा, पुलिस कप्तान छोटे अधिकारी हैं, उनकी इतनी हैसियत नहीं कि आलू किसानों की मदद कर सकें। उन्हें आलू किसानों, आलू फेंकने वालों के बजाय चोर, बदमाश, अपराधियों को पकड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा, यदि विधानभवन के बाहर आलू फेंकने वालों में हमारी पार्टी के कार्यकर्ता भी शामिल थे तो उन्होंने अच्छा काम किया है। उन्होंने छात्र नेताओं से कहा कि वे किसानों के लिए संघर्ष करें। हम किसानों के लिए साइकिल चलाएंगे, देखते हैं कितनी साइकिल रोकेंगे।
100 फीसदी एफडीआई के बाद स्वदेशी आंदोलन खत्म
अखिलेश ने कहा, भाजपा रिटेल में 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) का विरोध करती थी। अब खुदरा बाजार में 100 फीसदी और जीएसटी के बाद स्वदेशी आंदोलन खत्म हो गया है। पहले भाजपा स्वदेशी का नारा देती थी।
उन्होंने कहा, भाजपा जो कहती है, वह करती नहीं है और जो करती है, उसका किसी को पता नहीं होता। वे जेब में ओपियम (भांग) की पुड़िया लेकर चलते हैं। वे ध्यान हटाने में माहिर हैं। सुप्रीम कोर्ट के 4 जजों के मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए कार्तिक चिदंबरम के घर पर छापेमारी करा दी।