सपा ने उतारे सबसे ज्यादा दागी नेता!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा उपचुनाव में सत्ताधारी समाजवादी पार्टी ने सबसे ज्यादा दागी और अमीर उम्मीदवारों पर दांव लगाया है। हालांकि महिलाओं को टिकट देने में भी यही पार्टी आगे है। इसका खुलासा एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और यूपी इलेक्शन वॉच की रिपोर्ट में किया गया है।
एडीआर के कोर टीम मेंबर शशि शेखर दुबे, राज्य समन्वयक अंशुमालि शर्मा और अनिल शर्मा ने प्रेस क्लब में रविवार को पत्रकारों को बताया कि उपचुनाव में सपा के आधे से ज्यादा प्रत्याशी दागी हैं।
सपा के बाद कांग्रेस और फिर भाजपा का नंबर है। सबसे ज्यादा अमीर प्रत्याशी भी सपा के ही हैं। सपा ने 11 में से 9 प्रत्याशी करोड़पति उतारे हैं। कांग्रेस और भाजपा के 7-7 प्रत्याशी करोड़पति हैं। सपा ने 11 में 3 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने दो महिलाओं को और कांग्रेस ने एक महिला को टिकट दिया है।
आपराधिक इतिहास यहां पढ़ें...
गंभीर आपराधिक मामलों की बात करें तो चरखारी से सपा प्रत्याशी कप्तान सिंह और यहीं से निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र सिंह पर हत्या का केस दर्ज है।
लखनऊ पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी रमेश श्रीवास्तव, सहारनपुर से कांग्रेस के ही प्रत्याशी मुकेश कुमार और निघासन से निर्दलीय प्रत्याशी लियाकत अली खान आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत आरोपों का सामना कर रहे हैं।
हमीरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी केशव बाबू शिवहरे, बिजनौर से पीस पार्टी के प्रत्याशी जमील अहमद और रोहनिया से निर्दलीय प्रत्याशी जयशंकर सिंह के खिलाफ अपहरण के मामले दर्ज हैं।
उपचुनाव वाले 11 में से 6 निर्वाचन क्षेत्र ऐसे हैं, जहां राजनीतिक दलों के कम से कम तीन उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ये निर्वाचन क्षेत्र हैं-हमीरपुर, निघासन, चरखारी, रोहनिया, लखनऊ पूर्व और सहारनपुर नगर।
एक नजर में प्रत्याशियों का रिकॉर्ड
* कुल 118 में से 25 (21 फीसदी) उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे।
* 12 फीसदी यानी 14 उम्मीदवारों के खिलाफ गंभीर आपराधिक मुकदमे (हत्या, हत्या का प्रयास और अपहरण आदि धाराओं में)।
* सपा के छह (55 प्रतिशत), कांग्रेस के पांच (45 प्रतिशत) और भाजपा के तीन (30 प्रतिशत) उम्मीदवार दागी।
* कांग्रेस के चार और सपा के तीन उम्मीदवारों के खिलाफ गंभीर धाराओं में आपराधिक मुकदमे।
ये है प्रत्याशियों की माली हालत
* 118 में से 36 उम्मीदवार (31 प्रतिशत) करोड़पति हैं।
* सपा के 11 में से 9, कांग्रेस के 11 में 7, भाजपा के 10 में से 7 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
* सपा के 11 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 4.24 करोड़, कांग्रेस के 11 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.98 करोड़ और भाजपा के 10 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.73 करोड़ रुपये है।
सबसे अमीर और सबसे गरीब प्रत्याशी
सबसे अमीर तीन प्रत्याशी
विधानसभा उपचुनाव में लखनऊ पूर्व से उतरे निर्दलीय प्रत्याशी शिवपाल सिंह सबसे अमीर हैं। उन्होंने अपने पास 27 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति दिखाई है। दूसरा नंबर बिजनौर से सपा प्रत्याशी रुचिवीरा का है। उनके पास 13.50 करोड़ रुपये की संपत्ति है। तीसरे नंबर पर लखनऊ पूर्व से सपा प्रत्याशी जूही सिंह हैं। उनके पास 10.07 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
जानिए, कौन है सबसे गरीब प्रत्याशी
नोयडा से निर्दलीय प्रत्याशी सुनील गौतम के पास मात्र 37 हजार रुपये, रोहनिया से सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के हेमंत कुमार यादव के पास 39 हजार रुपये और बिजनौर से निर्दलीय प्रत्याशी हेमेंद्र के पास 45 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति है।