सोशल मीडिया पर तनाव भड़काने वाले जाएंगे जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया खासतौर से फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्स एप पर अनाप-शनाप पोस्ट भेजकर सांप्रदायिकता व घृणा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा, बिसाहड़ा कांड की आड़ में शरारती तत्व व सांप्रदायिक ताकतें सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट भेज रही हैं। ऐसी घटनाओं का तुरंत संज्ञान लेते हुए अफवाह फैलाने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाए।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि नोएडा के एक ट्विटर हैंडिल से सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने, संप्रदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने और घृणा फैलाने के उद्देश्य से 30 सितंबर को कुछ ट्वीट्स की गई हैं। इसकी जानकारी मिलने पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने शिकायत के लिए जारी किया व्हाट्सएप नंबर
प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस विभाग ने एक प्रदेशव्यापी व्हाट्स एप मोबाइल नंबर 9454401002 जारी कर दिया है। इस नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करके आम जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
आमजन से अपील की गई है कि फेसबुक, ट्विटर या व्हाट्स एप पर यदि सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाली कोई सामग्री या फोटो डाली जाती है तो मोबाइल नंबर 9454401002 पर व्हाट्स एप के माध्यम से सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इकलाख की मां असगरी से बात हुई। इकलाख का बेटा दानिश अस्पताल में भर्ती है। उसके परिवार के लोग जहां भी बेहतर इलाज के लिए कहेंगे, सरकार मदद करेगी। यदि नौकरी देनी होगी तो वह भी देगी। पीड़ित परिवार जहां रहना चाहता है, सरकार पूरी मदद करेगी। मकान का इंतजाम भी करेगी।