लखनऊ। चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया एक आरोपी सोमवार सुबह ठाकुरगंज पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को जब इसकी जानकारी हुई तो वहां अफरा तफरी मच गई। पुलिसकर्मी आरोपी की तलाश में जुट गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। आनन फानन इस मामले में पहरे पर तैनात सिपाही और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
ठाकुरगंज थाने में तैनात दारोगा पंकज सिंह ने इस मामले में केस दर्ज कराया है। दरोगा के मुताबिक रविवार की रात वह रात्रि अधिकारी के रूप में तैनात थे। हवालात में देर रात 1ः36 बजे चोरी के आरोप में तहसीनगंज निवासी शानू को गिरफ्तार कर रखा गया था। आरोपी ने शौच जाने की बात कही। इसपर थाने में पहरे पर तैनात सिपाही अजीत कुमार सुबह सात बजे उसे हवालात से निकाल कर शौचालय ले गए। एफआईआर के मुताबिक आरोपी के शौच करने के दौरान अजीत दरवाजे के बाहर ही खड़ा था। दरोगा का कहना है कि सोमवार सुबह 07.35 बजे सिपाही ने उन्हें फोन कर बताया कि आरोपी अभिरक्षा से भाग गया है। इसके बाद आरोपी की संभावित थानों पर तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिला। खास बात ये है कि इस मामले में थाने पर तैनात किसी और पुलिसकर्मी को जिम्मेदार नहीं माना गया और सिर्फ सिपाही अजीत के खिलाफ ही केस दर्ज किया गया। इसको लेकर विभाग में खूब चर्चा है। इंस्पेक्टर ओमवीर चौहान के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है। दो टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उसको पकड़ लिया जाएगा।