कोहरे में हुआ भीषण हादसा, एक युवक की मौत, दो घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र में रविवार की सुबह कोहरे के चलते बेकाबू बाइक एक ट्रक के अंदर जा घुसी। इससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।
घटना से गुस्साए परिवारीजनों ने सीएचसी में न सिर्फ हंगामा किया, बल्कि शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। सूचना पर पहुंची सीओ सलोन के साथ परिवारीजनों की तीखी तकरार भी हुई।
इससे एक घंटे तक अफरातफरी रही। बाद में समझाने-बुझाने पर परिवारीजन शांत हुए। मृतक हेलमेट नहीं लगाए था। सलोन कोतवाली क्षेत्र के कान्हपुर गांव निवासी रमेश (22) पुत्र शिवनाथ सटरिंग बनाने का कार्य करता था।
सुबह बाइक से दो श्रमिकों राजेश (21), राकेश (22) निवासी कमालुद्दीनपुर के साथ महराजगंज मजरे किठावां गांव के बाबूलाल के मकान की सटरिंग बनाने जा रहा था। सलोन से प्रतापगढ़ की तरफ एक ट्रक जा रहा था। कोहरे की धुंध छाई थी।
कोहरे की वजह से कुछ दिख नहीं रहा था। इस वजह से बेकाबू बाइक कालूपुर जलालपुर चौराहा के पास आगे जा रहे ट्रक अंदर जा घुसी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक में ट्रक में फंसकर कुछ दूर तक चली गई।
एक घंटे तक चला हंगामा
रगड़ने की वजह से बाइक धू-धू करके जल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां पर रमेश को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राजेश, राकेश की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बेटे रमेश की मौत की सूचना मिलते ही पिता शिवनाथ समेत अन्य परिवारीजन सीएचसी पहुंचे। घटना से गुस्साए परिवारीजनों और ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। साथ ही शव का पोस्टमार्टम से कराने से इंकार कर दिया।
इसकी सूचना मिलते ही सीओ सलोन अल्का धर्मराज की अगुवाई में सलोन, डीह और भदोखर थाने की पुलिस पहुंची। इस दौरान शव का पीएम कराने को लेकर सीओ और परिवारीजनों के बीच तीखी तकरार हुई। एक घंटे तक हंगामे की स्थिति रही।
बाद में सीओ के समझाने पर परिवारीजन शांत हो गए और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए। सीओ ने बताया कि कोहरे के चलते हादसा हुआ।