लखनऊ: मामूली विवाद में कार सवार प्रॉपर्टी डीलर को दौड़ाकर मारी तीन गोलियां, घात लगाकर किया था पीछा
गोली लगने से घायल शोर मचाते हुए चाचा अफसर की निर्माणाधीन बिल्डिंग में आकर गिर पड़े। इस बीच एसयूवी सवार हमलावर वहां से भाग खड़े हुए।
विस्तार
गाजीपुर के सर्वोदयनगर इलाके में रविवार शाम मामूली विवाद को लेकर तीन एसयूवी सवार लोगों ने कार से जा रहे प्रापर्टी डीलर मुर्सलीन पर हमला कर दिया। गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। कार सवार मुर्सलीन जान बचाकर कार लेकर भागे तो आरोपियों ने कई बार उनको टक्कर मारी। वह कार से उतर कर भागे तो हमलावरों ने पीछे से कई राउंड फायरिंग की। तीन गोली उनके पीठ व कमर पर लगी और वह लहूलुहान होकर एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के पास गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर एसयूवी सवार हमलावर वहां से भाग गए। घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एसयूवी सवार एक हमलावर घायल मुर्सलीन का दूर का रिश्तेदार बताया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
एडीसीपी पूर्वी पंकज सिंह ने बताया की मूल रूप से बाराबंकी के कुर्सी निवासी मुर्सलीन परिवार संग गुडंबा इलाके में रहते हैं। उनके चाचा अफसर अली का गाजीपुर के सर्वोदयनगर इलाके में बालाजी नाम से एक होटल है। उन्होंने होटल को सिपाही लाल नाम के व्यक्ति को किराए पर दे रखा है। होटल के पास ही अफसर अली का निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स भी है। रविवार दोपहर मुर्सलीन चाचा के होटल पर बैठे थे। इस बीच उनके दूरे के रिश्तेदार अर्शल गाजी अपने कुछ जानने वालों के साथ खाना खाने पहुंचे। मुर्सलीन ने उनको खान देने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों का विवाद हुआ। खबर अफसर को मिली तो उन्होंने भतीजे मुर्सलीन को फोन कर अर्शल गाजी व उसके साथ आए लोगों को खाना देने के लिए कहा। अफसर के बीच में आने से विवाद शांत हो गया।
घात लगाकर मुर्सलीन का किया पीछा, कई बार मारी टक्कर
दोपहर को हुए इस विवाद के बाद दोनों पक्ष शांत होकर होटल से चले गए। शाम करीब पांच बजे अर्शल और उसके साथियों ने मुर्सलीन को बातचीत के लिए मुंशीपुलिया चौराहे पर बुलाया। मुर्सलीन वहां पहुंचे तो आरोपियों से उनका विवाद हो गया। तीन एसयूवी सवार हमलावरों ने असलहा निकाल लिया। यह देख मुर्सलीन वहीं से भाग निकले। आरोपियों ने उनका पीछा कर रास्ते में उनकी कार में टक्कर मारी। और साढ़े तीन किमी दूर मुर्सलीन को उसके चाचा अफसर के होटल के पास घेर लिया।
कार से उतरते ही मारी तीन गोलियां
एसयूवी सवार हमलावरों से बचने के लिए मुर्सलीन कार लेकर चाचा के होटल के पास पहुंच गए। वह जैसे ही कार से नीचे उतरे, पीछे से एसयूवी सवार हमलावर भी वहां पहुंच गए। एसयूवी सवार हमलावरों ने मुर्सलीन की कार में तोड़फोड़ की। इस दौरान आरोपियों ने मुर्सलीन पर फायरिंग कर दी। गोली चलते ही मुर्सलीन कार से उतरकर भागे तो हमलावरों ने उनको दौड़ा लिया और तीन गोली मार दी। गोली उनके सीने व कमर पर लगी।
चाचा की निर्माणाधीन बिल्डिंग में आकर गिर पड़े
गोली लगने से घायल शोर मचाते हुए चाचा अफसर की निर्माणाधीन बिल्डिंग में आकर गिर पड़े। इस बीच एसयूवी सवार हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। घायल मुर्सलीन को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल मुर्सलीन की हालत गंभीर बताई गई है। एडीसीपी पूर्वी ने बताया कि मुर्सलीन के भाई असलम ने अर्शल, उसके भाई फैसल, फैजल साथी ही फैज समृद्धि सिंह अजय शादाब और छह अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.