बेटी से छेड़खानी पर महिला ने की दोस्त की बेरहमी से हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पारा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात नशे में धुत होकर आए अपने दोस्त को बेटी से छेड़खानी करते देख भड़की महिला ने बांके से वार कर उसे मार डाला।
लाश को रजाई में लपेटा और एक अन्य व्यक्ति की मदद से बाइक पर लादकर ठिकाने लगाने निकली। इस दौरान गश्त पर निकले सिपाहियों ने शव फेंककर भाग रही महिला को पकड़ लिया, जबकि बाइक सवार व्यक्ति भाग निकला।
सीओ आलमबाग राजेश यादव ने बताया कि पारा थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित पूर्वीदीनखेड़ा तिकोनिया मोड़ पर गश्त पर निकले मूवर-28 मोबाइल टीम के कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह तोमर और ज्ञानेंद्र सिंह ने देर रात 3:30 बजे बाइक पर जा रहे महिला व पुरुष के बीच में सफेद कपड़े में लिपटी गट्ठर जैसी वस्तु देखी।
संदेह होने पर पीछा किया तो चालक ने बाइक नहर पुलिया से माहम सिटी की तरफ दौड़ा दी। माहम सिटी के गेट में घुसते ही बाइक रुकी। महिला ने कपड़े में लिपटे गट्ठर को दीवार के पास फेंका और बाइक पर सवार हुई। यह देख सिपाहियों ने ललकारा। हड़बड़ाहट में संतुलन बिगड़ने से महिला गिर गई और चालक बाइक लेकर भाग निकला। दोनों सिपाहियों ने महिला को हिरासत में लेकर छानबीन की। पता चला कि उसने युवक की हत्या कर शव रजाई में लपेट कर फेंका था।
किराए के मकान में रहती है गोमती
हत्थे चढ़ी महिला की पहचान उन्नाव के औरास थाने के कुशलखेड़ा निवासी हरिपाल यादव की पत्नी गोमती यादव के रूप में हुई, जो दो साल से पारा के पूर्वीदीन खेड़ा में तीन बच्चों के साथ किराए पर रहकर मजदूरी करती थी।
उसने शव की पहचान हरदोई के कछौना थाने के गांव गाजू निवासी राजगीर रंजीत (38) के रूप में की। महिला ने बताया कि पांच महीने से रंजीत से दोस्ती थी। वह अक्सर उसके घर आता था।
वह बृहस्पतिवार रात 10:30 बजे अपने बहनोई राजेश के साथ नशे में धुत होकर आया। इस दौरान रंजीत ने उसकी बेटी से छेड़खानी के साथ बुरी नीयत से पकड़ लिया।
इससे गुस्साई गोमती ने विरोध जताने के साथ रंजीत पर बांके से वार कर उसे मार डाला। शव को बोरे व रजाई में लपेटने के बाद राजेश की मदद से फेंकने निकली थी।
कांबिंग में मिली बाइक, फंसा नशेड़ी
पुलिस को शुक्रवार सुबह सिटी कॉन्वेंट स्कूल के पास खेत में एक बाइक लावारिस मिली। नंबर व डिक्की से मिले कागजात के आधार पर उसके मालिक का पता लगाते पुलिस टीम पुरानी कांशीराम कॉलोनी में राम खत्री के घर पहुंची।
चारबाग में पार्किंग ठेकेदार के अधीन काम करने वाले राम खत्री ने रात 2:30 बजे तीन बदमाशों द्वारा बाइक व मोबाइल लूटने की कहानी सुनाई।
रंजीत की हत्या में उसके शामिल होने के शक में पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के साथ कॉल डिटेल खंगाला। उसकी न तो कभी रंजीत से बात हुई थी और न ही गोमती यादव से संपर्क की पुष्टि हुई।
पता चला कि नशे में धुत होकर घर लौटने के दौरान रंजीत रास्ते में लड़खड़ाया। किसी तरह बाइक खड़ी की ओर लौटते वक्त हुई। कई घंटे तहकीकात के बाद पुलिस ने राम खत्री को क्लीन चिट देकर छोड़ दिया।
गले नहीं उतरी कहानी, करीबी पर शक
एसओ पारा अमित तोमर ने बताया कि गोमती के बयान के आधार पर राजेश की तलाश की गई। पता चला कि वह भपटामऊ में रहता है।
उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पता चला कि वह बृहस्पतिवार शहर से बाहर था। शक है कि गोमती ने अपने किसी बेहद करीबी की मदद से रंजीत की हत्या की है।
जेठ पर दर्ज कराया था रेप का केस
एसओ अमित तोमर ने बताया कि हत्थे चढ़ी गोमती यादव ने काफी देर तक खुद को बेकसूर बताते हुए फर्जी कहानी सुनाई।
उन्नाव के औरास थाने से संपर्क पर पता चला कि गोमती ने अपने जेठ के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखाई थी। कुछ दिनों पहले उसने जेठ व परिवार के अन्य लोगों पर मारपीट का केस भी दर्ज कराया था।