लड़कियों के वीडियो बना करते थे ब्लैकमेल, कहते थे दूसरी लड़की लाने पर छोड़ेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहनलालगंज में नौकरी का झांसा देकर सेक्स रैकेट चलाने वाले शातिर युवतियों के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। सेक्स रैकेट में फंसी युवतियां पीछा छुड़ाने के लिए गिड़गिड़ातीं तो उनके सामने दूसरी लड़कियों को फंसाकर लाने की शर्त रख दी जाती। युवतियों ने थाने में आपबीती सुनाई तो पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।
इंस्पेक्टर रामपाल यादव ने बताया कि युवतियों ने रियल एस्टेट कंपनी चलाने वाले अमन नाम के युवक को सेक्स रैकेट का संचालक बताया है। अमन के इशारे पर उसका साथी अरविंद युवतियों की वीडियो फिल्म बनाकर उन्हें धंधे के लिए मजबूर करता था। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सेक्स रैकेट के आरोप में पकड़ी गई युवतियों को ब्लैकमेल करके उनका शोषण किया जा रहा था। जिस युवती को रैकेट की सदस्य बताया जा रहा है, वह कृष्णानगर के एक प्रतिष्ठित मॉल में काम करती है और रैकेट संचालक के चंगुल में फंसी थी।
शादी का झांसा देकर बनाता था संबंध
पीड़िता ने बताया कि रैकेट संचालक उसकी वीडियो फिल्म बनाकर अन्य लड़कियों को जाल में फंसाकर लाने का दबाव डाल रहा था। रैकेट संचालक रियल एस्टेट कारोबारी अमन युवतियों से सिर्फ मोबाइल फोन पर ही बात करता है। उसका साथी अरविंद ही युवतियों से मिलता है।
अरविंद युवतियों को शादी का झांसा देकर फुसलाता है और उनसे शारीरिक संबंध बनाता है। इसकी वीडियो फिल्म बनाकर युवतियों को डराता-धमकाता है। युवतियां जान बचाने की गुहार लगाती हैं तो उनसे दूसरी लड़कियां लाने के लिए कहा जाता है।
मॉल में काम करने वाली लड़की ने बताया कि उसने सेक्स रैकेट के चंगुल से बचने के लिए ही महानगर के एक अस्पताल में नर्स का काम करने वाली बाराबंकी की युवती से संपर्क किया था।
उसने रियल एस्टेट कंपनी में नर्स को अच्छी नौकरी का झांसा देकर अरविंद से मिलवाया था। उसे लग रहा था कि नर्स को अरविंद से मिलवाने पर उसकी जान बच जाएगी। उसने मोहनलालगंज से लखनऊ जाने वाली कई युवतियों को टारगेट किया था। वहीं, सेक्स रैकेट के चंगुल से बचने के लिए दूसरी युवतियों को फंसाने की आरोपी के फोन से कई नेताओं और सफेदपोशों के नंबर मिले हैं। पुलिस ने बताया कि कई युवतियों के नंबर भी मिले हैं।
फिजिकल टेस्ट के नाम पर बनाते थे वीडियो
इंस्पेक्टर ने बताया कि रियल एस्टेट में नौकरी के लिए युवतियों का इंटरव्यू और फिजिकल टेस्ट कराया जाता था। इंटरव्यू में सामान्य सवाल पूछे जाते थे जबकि फिजिकल टेस्ट में युवतियों से अंतरंग सवाल होते थे।
इन सवालों का जवाब देने वाली युवती को पर्सनल रिलेशन के नाम पर क्लाइंट्स को प्रभावित करने के तौर-तरीकों के बारे में बातचीत होती थी।
युवतियों से कहा जाता था कि क्लाइंट्स के साथ वैसा ही व्यवहार करना होगा जैसे पति-पत्नी और प्रेमी-प्रेमिका के बीच होता है। इसके बाद अरविंद युवतियों के साथ अपने अश्लील वीडियो बनाता था। सीओ के मुताबिक, बुधवार को युवती का मेडिकल कराकर मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराए जाएंगे।
नौकरी के नाम पर पहले भी युवती से हुआ धोखा
युवती का कहना है कि नौकरी के नाम पर दिसंबर में भी उसके साथ धोखा हुआ था। बीते वर्ष आलमबाग के एक इंस्टीट्यूट से जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (जीडीए) की छह महीने की ट्रेनिंग के बाद वह महानगर के निजी नर्सिंग होम में नौकरी करने लगी।
दिसंबर में उसे एक व्यक्ति मिला जिसने रियल स्टेट कंपनी में नौकरी दिलाने के बहाने मोबाइल नंबर ले लिया। युवती नौकरी के लिए नहीं गई तो वह फोन कर बुलाने लगा। एक दिन वह युवती को झांसा देकर चारबाग के एक होटल ले गया। वहां पानी में कुछ मिलाकर उसे पिलाया। युवती बेहोश हो गई। इस दौरान उक्त युवक ने युवती का अश्लील वीडियो बना लिया।
अगले दिन उसने फोन कर युवती का वीडियो बनाने की जानकारी देते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती के मुताबिक उसके बाद से उसे ब्लैकमेल कर लखनऊ से लेकर मोहनलालगंज के एक हास्टल तक लाकर जबरन अवैध संबंध बनाए। युवती का कहना है कि उक्त युवक भी रियल एस्टेट संचालक के सेक्स रैकेट से जुड़ा हुआ है।
जानें, यह थी घटना
मोहनलालगंज कोतवाली में सोमवार दोपहर एक नर्स ने सेक्स रैकेट में फंसाने का आरोप लगाते हुए युवती को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर हड़कंप मचा दिया था। नर्स का कहना था कि करीब 15 दिन पहले युवती उसे मोहनलालगंज रेलवे स्टेशन पर मिली थी।
युवती ने खुद को रियल एस्टेट कंपनी से जुड़ा होने की जानकारी देते हुए मोटी सेलरी पर नौकरी का लालच दिया। दोनों ने एक-दूसरे का मोबाइल नंबर ले लिया। युवती से नर्स की कई बार बातचीत हुई।
शनिवार को युवती ने नर्स को कॉल करके सेक्स रैकेट में सेक्स वर्कर के तौर पर काम करने का ऑफर दिया तो उसके होश उड़ गए। नर्स ने उक्त युवती की बातचीत रिकॉर्ड करके सोमवार को मिलने के लिए उसे मोहनलालगंज बुलाया। यहां नर्स ने युवती को दबोचकर उसकी पिटाई की और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रैकेट संचालक का साथी युवती को ले गया था हॉस्टल
पकड़ी गई युवती ने बताया कि करीब 15 दिन पहले शॉपिंग मॉल में काम करने वाली युवती उसे मिली थी। उसने अरविंद से परिचय कराया।
अरविंद से वह नौकरी के लिए कहती तो वह इधर-उधर की बातें करके उसे गुमराह कर देता। छह दिन पहले अरविंद उसे मोहनलालगंज कस्बे के मौरावां मोड़ स्थित एक हॉस्टल ले गया और शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस उसके बयान के सत्यापन के लिए हॉस्टल पहुंची तो बात सही निकली। हॉस्टल में रहने वाले इंजीनियरिंग के छात्रों ने युवती को पहचान लिया। युवती ने एक होटल का नाम भी बताया, जहां पुलिस ने छानबीन की है। युवती ने बताया कि अरविंद ने उसे शादी का झांसा दिया था।