लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के निवासियों ने नगर निगम की ओर से वर्ष 2020 से की जा रही टैक्स वसूली का विरोध किया है। मंगलवार को छह लोगों का प्रतिनिधिमंडल महापौर सुषमा खर्कवाल से मिला और 89 पन्नों को पत्र सौंपा, जिसमें 1,616 निवासियों के हस्ताक्षर थे। पत्र में कानूनी पहलुओं का हवाला देते हुए कहा गया है कि जब तक आवासीय क्षेत्र स्थानीय निकाय को हैंडओवर नहीं होता, तब तक नगर निगम को टैक्स वसूली का अधिकार नहीं है। बैठक में महापौर ने उनकी मुख्य कर अधिकारी अशोक सिंह से फोन पर बातचीत भी कराई। महापौर ने आश्वासन देते हुए कहा कि इस प्रकरण से संबंधित सभी नीतियों व शासनादेशों का अध्ययन कर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में डिंपी बाजपेयी, कर्नल एके सिंह, बृजपाल सिंह, डॉ. रमेश चंद्रा, मोहनलाल साहू, अवधेश कुमार राय शामिल रहे।