गर्लफ्रेंड बदलने के शौक में क्या से क्या हो गया ये लड़का, पढ़ें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गर्लफ्रेंड्स की फरमाइशों ने त्रिवेणीनगर के पतौरागंज निवासी बीए छात्र साहिल सोनकर को चेन लुटेरा बना दिया। साहिल ने अपने साथी शांतनु रावत उर्फ अंकित के साथ चेन व पर्स लूट की ताबड़तोड़ वारदातें कर पुलिस की नाक में दम कर दिया था।
लूटी गई चेन वे त्रिवेणीनगर निवासी ज्वेलर आशीष वर्मा को बेचते थे। हसनगंज पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। उसने कई वारदातें कबूली। एएसपी ट्रांस गोमती जयप्रकाश ने बताया कि साहिल ने डालीगंज के ही एक कॉलेज से इसी साल 68 प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की है।
शांतनु बीए फर्स्ट ईयर का छात्र है। बुधवार शाम हसनगंज एसओ दिनेश सिंह डालीगंज क्रॉसिंग के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे तभी दोनों बाइक से गुजरे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों भागने लगे। इन्हें दबोच लिया गया। इनसे लूटी सोने की एक चेन व नकदी मिली।
बदमाशों ने बीते छह महीने में चेन व पर्स लूट की ताबड़तोड़ 16 वारदातें कुबूल की हैं। एसओ का कहना है कि दोनों ने मिलकर इतनी वारदातें की हैं कि उन्हें खुद संख्या नहीं मालूम।
पाल रखे हैं काफी मंहगे शौक
बदमाशों ने बताया कि वे ज्वेलर आशीष वर्मा को लूट का माल बेचते थे जिसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची और दबोच लिया। आशीष बीकॉम सेकेंड ईयर का छात्र है और पिता के साथ सोने-चांदी के जेवर की दुकान देखता है।
उसने हाल ही में हसनगंज से लूटी गई एक चेन खरीदी थी जो बरामद हो गई है। बृहस्पतिवार दोपहर तीनों को जेल भेज दिया गया। साहिल के पिता जयप्रकाश सोनकर सब्जी के बड़े आढ़ती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक है इसलिए साहिल के पास रुपये-पैसे की कमी नहीं रहती।
उसने काफी मंहगे शौक पाल रखे हैं। वह फिल्मों और पार्टियों का शौकीन है। दोस्तों को भी फिल्में दिखाता है। मंहगे क्लबों में आता-जाता है। पुलिस ने बताया कि वह हर छह महीने में अपना मोबाइल फोन बदल देता था। इलेक्ट्रॉनिक घड़ी और आईपॉड जैसे कई आइटम उसके पास ढेरों की तादाद में हैं।
साहिल की कई गर्लफ्रेंड थीं। दोस्तों के बीच चर्चा थी कि वह रोज एक नई गर्लफ्रेंड बनाता था और उस पर रुपये लुटाता था। उन्हें फिल्म दिखाना, पार्टियां करना और कपड़े-ज्वेलरी के तोहफे देने में वह हमेशा आगे रहता था। कई बार दोस्तों ने पूछा भी कि इतना पैसा कहां से लाता है? इस पर साहिल हंसकर टाल देता था।