दूसरे दौर में 63 फीसदी मतदान, 21 जगहों पर होगी दोबारा वोटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाए तो पंचायत चुनाव का दूसरा चरण भी शांतिपूर्वक निपट गया। 68 जिलों के 826 जिला पंचायत वार्ड व 19520 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए हुए मतदान में करीब 63 फीसदी वोट पड़े।
10 जिलों के 21 बूथों पर गड़बड़ी के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने फिर से मतदान कराने का फैसला किया है। एटा में एक बार फिर मतदान के दौरान कई जगह गड़बड़ी हुई है।
मंगलवार को 188 ब्लॉकों में मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चला। कई जगह लाइन लंबी होने के कारण देर शाम तक वोट डाले गए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को 41631 मतदान स्थलों में से केवल 21 पोलिंग बूथों पर पर पुनर्मतदान के आदेश दिए गए हैं। इनमें से सात जगह तो मतपत्र की गड़बड़ी के कारण मतदान दोबारा कराना पड़ रहा है। जबकि 14 बूथों पर कानून व्यवस्था के कारण पुनर्मतदान होगा।
कुछ जगहों पर हुई गड़बड़ी
इटावा में विकासखंड बसरेहर के मतदान केंद्र गोरा दयालपुर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने मतपेटिका में पानी डाल दिया। फर्रूखाबाद के विकासखंड राजेपुर व गूजरपुर पमारान में कुछ लोगों ने मतपत्र ही फाड़ दिए। मैनपुरी के किसनी के मतदान केंद्र गुटारा में भी अराजक तत्वों ने मतपेटियों में पानी डाल दिया।
जौनपुर में भी विकास खंड मड़ियाहूं के मतदान केंद्र रजमलपुर में चार पोलिंग बूथों पर असमाजिक तत्वों ने धावा बोल दिया। यहां भी इन लोगों ने मतपेटियों में पानी डाल दिया।
आजमगढ़ का भी यही हाल रहा। यहां पर हरैया के मतदान केंद्र रहुआर के पोलिंग बूथ पर अराजक तत्वों ने मतपेटी में पानी डाल दिया।
वहीं, बिजनौर, हाथरस, सीतापुर व हमीरपुर के सात बूथों पर चुनाव अधिकारियों की गड़बड़ी के कारण मतपत्र गलत जारी हो गए। इस कारण चुनाव आयोग ने इन स्थानों का मतदान स्थगित कर दिया है।
इन जगहों पर होगा फिर से मतदान
गड़बड़ी की वजह से कुछ जगहों पर फिर से मतदान कराया जाएगा। बिजनौर जिले में एक, इटावा में दो, हाथरस में एक, फर्रुखाबाद में दो, सीतापुर में चार, मैनपुरी में तीन, जौनपुर में चार, आजमगढ़ में एक और हमीरपुर में एक जगह पर फिर से मतदान होगा।
मंगलवार को वोटिंग के बाद बयान देते हुए राज्य निर्वाचर आयुक्त एसके अग्रवाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में कही पर भी आर्गेनाइज्ड हिंसा नहीं हुई, दूसरा चरण पहले की अपेक्षा और भी ज्यादा शांतिपूर्वक संपन्न हुआ है। इससे पहले कभी भी इतने पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव नहीं हुए। इसके लिए जिला प्रशासन, ऑब्जर्वर, पुलिस प्रशासन व मीडिया सभी को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं
चुनाव ड्यूटी में लगे दो मतदान कर्मियों की मौत हो गई है। पहली मौत लखीमपुर खीरी के विकासखंड बिजुआ के मतदान केंद्र मलूकापुर में तैनात मतदान अधिकारी प्रह्लाद सिंह की हार्ट अटैक पड़ने से हुई है।
वे पशुपालन विभाग में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात थे। जबकि दूसरी मौत जनपद बुलंदशहर के विकास खंड सिकन्दराबाद के मतदान केंद्र सराय दूल्हा पर तैनात मतदान अधिकारी राज कुमार की बीती रात सांप काटने से हुई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों को ही पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे की संस्तुति कर दी है।