खुशखबरीः यूपी में 40 हजार सिपाहियों की होगी भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 69वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक बड़ी भर्ती की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को हर मामले में एक विकसित और खुशहाल राज्य बनाना ही स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके लिए राज्य में तमाम विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है,जिनके पूरा होने पर सूबे के शहरी व ग्रामीण इलाकों की आर्थिक तस्वीर बदल जाएगी।
जहां कई रोजगार परक योजनाएं चलाई जा रही हैं वहीं रोजगार के मौके भी दिए जा रहे हैं। हाल ही में 38 हजार सिपाहियों की भर्ती की गई,जल्दी ही 40 हजार और भर्तियां की जाएंगी।
सीएम ने गिनाया विकास से जुड़े कामों को
सीएम ने कहा,विकास की यात्रा तब तक अधूरी है,जब तक समाज के सभी वर्गों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया न करा दी जाएं। हमारी सरकार का गांव,गरीब एवं किसान से सीधा रिश्ता है।
इनके लिए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर और अधिक ध्यान केन्द्रित करने के इरादे से राज्य सरकार ने वर्तमान वित्त वर्ष को किसान वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि के बाद प्रदेश सरकार ने किसानों को देश में सबसे ज्यादा मुआवजा दिया, जो भारत सरकार के मानकों से दोगुना था।
समाज के सभी वरिष्ठ नागरिकों के मन में अपने तीर्थ स्थलों की यात्रा की इच्छा रहती है लेकिन आर्थिक मजबूरियों के कारण ऐसे तमाम बुजुर्ग तीर्थ पर जाने की नहीं सोच पाते। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क समाजवादी श्रवण यात्रा शुरू की है।
मुख्यमंत्री ने कहा,प्रदेश सरकार बिजली के उत्पादन, पारेषण और वितरण में सुधार के साथ-साथ सौर ऊर्जा पर भी ध्यान दे रही है। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त दवाई के साथ निशुल्क पैथोलॉजी जांच व एक्स-रे की सुविधा दी जा रही है। एक सितम्बर से सरकारी अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड जांच की निशुल्क सुविधा भी मिलने लगेगी।