08:23 PM, 26-Jan-2022
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 89 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी की इस लिस्ट में भी 37 महिलाएं हैं।
07:43 PM, 26-Jan-2022
जयंत चौधरी ने दिया प्रवेश वर्मा को जवाब
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने जयंत चौधरी को भाजपा के साथ आने का न्योता दिया। इस पर जयंत चौधरी का जवाब आया है। उन्होंने ट्वीट किया कि न्योता मुझे नहीं, उन +700 किसान परिवारों को दो जिनके घर आपने उजाड़ दिए!!
06:30 PM, 26-Jan-2022
जयंत चौधरी को प्रवेश वर्मा ने दिया भाजपा के साथ आने का न्योता
जाट नेताओं के साथ बैठक के बाद सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि जयंत चौधरी ने एक गलत रास्ता चुना है। यहां के समाज के लोग उनसे बात करेंगे, उन्हें समझाएंगे। चुनाव के बाद क्या संभावना बनती है ये देखते हैं। हम चाहते थे कि वो हमारे घर में आएं। हमारे घर के दरवाजे हमेशा उनके लिए खुले हैं।
06:21 PM, 26-Jan-2022
प्रवेश वर्मा बोले- जयंत चौधरी के लिए भाजपा के दरवाजे खुले हैं
जाट नेताओं से मुलाकात के बाद भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने जयंत चौधरी को लेकर कहा कि गृहमंत्री का कहना है कि चुनाव के बाद कई संभावनाएं हैं। अभी उन्होंने एक पार्टी चुनी है। जाट समुदाय के लोग जयंत चौधरी से बात करेंगे। भाजपा के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं।
06:11 PM, 26-Jan-2022
चौधरी चरण सिंह के लिए भारत रत्न की मांग
गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के जाट नेताओं से मुलाकात की । इस बैठक में शामिल एक जाट नेता ने कहा कि हमने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के लिए भारत रत्न की मांग की। इसके साथ ही जाटों के लिए आरक्षण और केंद्र व राज्य सरकार में जाट भागीदारी की मांग की। गृहमंत्री ने इन मुद्दों पर सकरात्मक जवाब दिया।
05:21 PM, 26-Jan-2022
गायत्री प्रजापति की पत्नी को टिकट देने पर अखिलेश ने दिया जवाब
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रजापति को अमेठी से टिकट देने का बचाव करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है। मामले उनके पति के खिलाफ हैं। वहीं, दूसरे नेता आजम खां और नाहिद हसन का बचाव करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आजम के खिलाफ ज्यादातर केस भाजपा शासन के दौरान दर्ज किए गए हैं। यही नाहिद हसन के साथ है। नाहिद के खिलाफ भाजपा सरकार में मामले दर्ज किए गए हैं।
04:49 PM, 26-Jan-2022
जाटों को मनाने की कोशिश में अमित शाह की जाट नेताओं से मुलाकात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी सांसद परवेश साहिब सिंह वर्मा के आवास पहुंचे। अमित शाह यहां उत्तर प्रदेश और हरियाणा के जाट नेताओं से मिल रहे हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहले चरण की वोटिंग से पहले अमित शाह जाटों की नाराजगी दूर करने की कोशिश करेंगे।
03:33 PM, 26-Jan-2022
फर्रुखाबाद जिलाध्यक्ष ने थामा बसपा का दामन, लुईस खुर्शीद के सामने लड़ेंगे चुनाव
फर्रुखाबाद सदर सीट पर टिकट न मिलने से नाराज जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस छोड़ बसपा का दामन थाम लिया है। अब वह पूर्व विदेश मंत्री की पत्नी लुईस खुर्शीद के सामने सदर सीट पर बसपा से चुनाव लड़ेंगे जिलाध्यक्ष के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
पढ़ें पूरी खबर...
02:25 PM, 26-Jan-2022
आज आ सकती है भाजपा उम्मीदवारों की नई सूची
भाजपा ने यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण की 16, चौथे चरण की 20 और पांचवें चरण की 59 सीटों के लिए प्रत्याशियों का चयन कर लिया है। मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में तीन घंटे से अधिक समय तक चली पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई गई। भाजपा ने तीसरे चरण की 59 में से 16, चौथे चरण की 59 में से 20 सीटों पर प्रत्याशी अभी घोषित नहीं किए हैं। इनमें लखनऊ की 9 सीटें भी शामिल हैं। इन सीटों पर आज प्रत्याशियों का एलान हो सकता है।
पढ़ें पूरी खबर...
12:52 PM, 26-Jan-2022
ये ओपिनियन पोल नहीं हैं, ये ओ पीएम पोल हैं: अखिलेश
अखिलेश ने ओपिनियन पोल पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि ये जनता का चुनाव बन गया है। इतने विधायक कभी नहीं टूटे होंगे। इसके बाद भी ओपिनियन पोल में न जाने क्या दिखाया जा रहा है। ये ओपिनियन पोल नहीं हैं, ये ओ पीएम पोल हैं। ये भ्रम फैलाने वाले पोल हैं। ये बड़े निर्णय का समय है।
12:49 PM, 26-Jan-2022
जो लोग कभी गली में नहीं जाते थे, वो अब गली-गली घूम रहे
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में कहा कि आने वाले समय में हमें लोकतंत्र को बचाना है। नेता जी ने समाज के दबे कुचले लोगों साथ लाकर देश को नई दिशा देने का काम किया था। ये चुनाव बहुत अलग चुनाव है। किसी ने कभी नहीं सोचा होगा कि आप चुनाव में प्रचार नहीं कर पाएंगे। अखिलेश ने कहा कि भाजपा नेताओं के जो बयान है, वो चाहते हैं कि चुनाव उस दिशा में ले जाएं। अब तक हम उनके जाल में नहीं फंसे हैं। वो हमारी दिशा को बदल नहीं पाएंगे। जो लोग कभी गली में नहीं जाते थे। वो अब गली-गली घूम रहे हैं।
12:34 PM, 26-Jan-2022
सपा कार्यालय पहुंचे मुलायम सिंह यादव
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में शामिल होने सपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि इतनी जोश पहले नहीं था जितना आज है। किसी को भी कोई परेशानी हो तो मुझे बातइयेगा मैं उसका समाधान करूंगा।
11:05 AM, 26-Jan-2022
UP Election : टिकट न मिलने पर बागी हुए सपा विधायक रिजवान हाथी पर सवार
मुरादाबाद में टिकट न मिलने पर सपा से त्यागपत्र देने वाले हाजी रिजवान अब बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। बसपा ने उन्हें अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बसपा ने पहले यहां 22 जनवरी को हाजी चांद बाबू मलिक को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। बसपा का दावा है कि पूर्व में पार्टी से प्रत्याशी घोषित किए गए चांद बाबू अब हाजी रिजवान को चुनाव लड़ाएंगे। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में जिले की छह विधानसभा सीटों में से चार सीटों मुरादाबाद देहात, कुंदरकी, ठाकुरद्वारा, बिलारी पर सपा व दो सीटों मुरादाबाद शहर और कांठ विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।
10:40 AM, 26-Jan-2022
Uttar Pradesh Vidhansabha chunav: सपा प्रत्याशी आदिल चौधरी के वीडियो पर अमित मालवीय का सवाल
समाजवादी पार्टी के मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी आदिल चौधरी का एक विवादास्पद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसे लेकर अब वह घिर गए हैं। अमित मालवीय ने वीडियो ट्वीट कर अखिलेश यादव से सवाल किया है, 'मेरठ दक्षिण से सपा उम्मीदवार आदिल चौधरी ने हिंदुओं को दी धमकी, कहा “हमारी सरकार आई तो छोड़ेंगे नहीं... चुनचुन कर बदला लिया जाएगा" क्या अखिलेश ने नाहिद हसन, आदिल चौधरी जैसे हिंदू विरोधी गुंडो को ही टिकट दिया है?'
10:38 AM, 26-Jan-2022
UP Election news : आज 253 जाट नेताओं से मुलाकात करेंगे अमित शाह
पश्चिम उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से बड़ी जीत हासिल करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह पुराने दांव आजमा रहे हैं। बीते विधानसभा की तरह हिंदुत्व के मुद्दे को तूल देने के लिए शाह ने पहले कैराना में रोडशो के जरिए चुनाव प्रचार की शुरुआत की। कैराना के बाद अब शाह पहले की तरह ही एक बार फिर से जाट बिरादरी को मनाने की मुहिम चलाने वाले हैं। इस कड़ी में शाह बुधवार को इस बिरादरी के 253 नेताओं के साथ बैठक करेंगे।