Sambhal Masjid Survey Dispute Live: संभल में बवाल के बाद इंटरनेट सेवाएं ठप, आठवीं तक के स्कूल कल रहेंगे बंद
उत्तर प्रदेश के संभल में मस्जिद पर दोबारा सर्वे को लेकर हुए पर विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। सर्वे के दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव और आगजनी कर दी। जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने और लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना में बीस से अधिक पुलिस कर्मी और दो दर्जन लोग चोटिल हो गए। मुरादाबाद कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने तीन लोगों की माैत की पुष्टि की है। पढ़ें पल-पल के अपडेट्स
लाइव अपडेट
अल्लाह की अदालत से कोई भी नहीं बच सकता: संभल सांसद बर्क
संभल सांसद जियाउररहमान बर्क ने इलाके में फैले तनाव और पत्थरबाजी की घटना को लेकर शांति की अपील की है। उन्होंने चिंता व्यक्त हुए कहा कि वह हालात को लेकर चिंतित हैं। जो भी जानमाल का नुकसान हुआ है उसकी भरपाई नहीं की जा सकती। बर्क ने यह भी कहा कि यह घटना अंतिम फैसला नहीं है और अल्लाह की अदालत से कोई भी नहीं बच सकता। वह बेंगलुरु में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की बैठक में थे लेकिन जैसे ही उन्हें हालात की जानकारी मिली उन्होंने तुरंत लौटने का फैसला लिया। बर्क ने संसद में पुलिस बर्बरता के खिलाफ संसद में आवाज उठाने का भी आश्वासन दिया।
कांग्रेस नेता दानिश अली बोले- शांति बनाए रखें, साजिशों से बचें
संभल बवाल पर कांग्रेस नेता कुंवर दानिश अली ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे हृदय विदारक बताया। उन्होंने कहा कि संभल में सांप्रदायिकता की आग को भड़काकर तीन मासूम युवकों की जान ले ली गई। यह एक साजिश है, जिसके तहत शांतिपूर्ण संभल को आग और खून के हवाले किया गया है। अब अनेकों गिरफ्तारियां होंगी और कई परिवारों का भविष्य अंधेरे में चला जाएगा। उन्होंने संभल के नागरिकों से अपील की कि वह इस कठिन समय में संयम बनाए रखें। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेता ने निशाना साधते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन राजनीतिक आकाओं को खुश करने में लगा हुआ है। प्रशासन को चाहिए कि वह साजिशों का हिस्सा बनने से बचे और निष्पक्षता के साथ अपना कर्तव्य निभाए। सांप्रदायिकता की इस भट्टी में देश का भविष्य दांव पर है। दानिश अली ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश करार देते हुए कहा कि ऐसे मुद्दों को उठाकर शांतिपूर्ण क्षेत्रों को भी हिंसा की आग में झोंकने की कोशिश की जा रही है। घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा यह घटना न केवल दर्दनाक है, बल्कि समाज को बांटने वाली साजिशों की ओर भी इशारा करती है।
संभल में बवाल के बाद इंटरनेट सेवाएं बंद, आठवीं तक के स्कूल कल बंद
संभल में बवाल के बाद इंटरनेट बंद कर दिया गया है। अगले 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। कहा गया है कि संभल तहसील में अगले 24 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं ठप रहेंगी। इसके साथ ही आठवीं तक के विद्यालय कल बंद रहेंगे।
बीस पुलिसकर्मी जख्मी, एक की हालत बेहद नाजुक
Sambhal Jama Masjid News: मुरादाबाद कमिश्नर बोले, हिंसा में तीन की मौत, महिलाएं भी हिरासत में
संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में तीन युवकों की मौत हो गई। कमिश्नर ऑन्जनेय सिंह ने इसकी पुष्टि की है। हिंसा में सीओ अनुज चौधरी और एसपी के पीआरओ को भी गोली लगी है। मृतकों के परिजनों का दावा है कि पुलिस की गोली से मौत हुई है। हालांकि कमिश्नर ने कहा कि पुलिस फायरिंग में कोई मौत नहीं है। कमिश्नर ने कहा कि हमलावर प्लांड तरीके से सर्वे टीम को टारगेट करना चाहते थे। 12-14 साल के बच्चों और महिलाओं को आगे किया गया। ऑन्जनेय सिंह ने संभल हिंसा में तीन युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मरने वालों में सरायतरीन निवासी नोमान, हयातनगर का बिलाल और कोट गर्वी का नईम शामिल है। कमिश्नर संभल में ही कैंप किए हुए हैं। हिंसा के बाद मुरादाबाद से अतिरिक्त पीएसी को संभल रवाना किया गया है।
पुलिस ने कई आरोपियों को किया गिरफ्तार, तीन महिलाएं भी हिरासत में
आचार्य प्रमोद कृष्णम बोले, हिंसा के पीछे सपा का हाथ
संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हार के बाद समाजवादी पार्टी के नेता बौखला गए हैं। संभल की हिंसा के पीछे उनका ही हाथ है। आचार्य प्रमोद ने उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस से मांग की कि हिंसा भड़काने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा जो लोग यहां हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं उनके खिलाफ योगी आदित्यनाथ सरकार को कड़ा कदम उठाना चाहिए। संभल में जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर रविवार को हुई हिंसा में तीन युवकों की मौत हो चुकी है। पुलिसकर्मियों सहित दर्जनों लोग घायल हुए हैं।
#WATCH | Ghaziabad: On incident of stone pelting in UP's Sambhal, Acharya Pramod Krishnam says, "The leaders of Samajwadi party are freaked out after getting defeated in the UP by-polls...they are behind the violence in the Sambhal district...I would like to appeal to the Yogi… pic.twitter.com/RAM146f0Ry
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) November 24, 2024
Sambhal Jama Masjid Survey: संभल में हिंसा को लेकर मुरादाबाद में भी चौकसी
हिंसक घटना में अब तक तीन युवकों की मौत की खबर है, हालांकि अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतकों की पहचान रोमान, बिलाल और नईम के तौर पर की गई है। इसके अलावा बीस से अधिक पुलिसकर्मी और दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।