फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

West UP News Live: बिजनौर में फिर हुआ गुलदार का हमला, लोगों में दहशत, सिपाही ने तलाक दिए बिना की दूसरी शादी

Sat, 04 Nov 2023 07:34 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Sat, 04 Nov 2023 07:34 PM IST
खास बातें

मेरठ में यातायात माह शुरू होने के बावजूद लोगों को सड़कों पर लगने वाले भीषण जाम से राहत नहीं मिल रही है।  शहर के एक सिपाही ने पत्नी को बिना तलाक दिए ही दूसरी शादी कर ली।

विज्ञापन
West UP News Live: Traffic month begins, no relief from jam, constable marries second time without divorce
बिजनौर में फिर सक्रिय हुआ आदमखोर गुलदार - फोटो : सोशल मीडिया

लाइव अपडेट

12:03 AM, 05-Nov-2023
बिजनौर में फिर हुआ गुलदार का हमला

बिजनौर के बढ़ापुर में एक बार फिर गुलदार ने बढ़ापुर क्षेत्र में हमला किया। शनिवार की रात बुंदकी चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र मोहिउद्दीनपुर में गुलदार ने हमला कर लोडर पर काम करने वाले एक मजदूर को घायल कर दिया। शोर शराबा होने पर गुलदार केंद्र से भाग गया।

घटना करीब सवा सात बजे की है। बढ़ापुर-नगीना के मध्य पड़ने वाले इस्लामाबाद चौराहे के करीब द्वारिकेश चीनी मिल बुंदकी का मोहिउद्दीनपुर गन्ना क्रय केंद्र है। केंद्र पर गन्ना तौल कार्य समाप्त होने पर मिलकर्मी और किसान केंद्र से चले गए थे। केंद्र पर ट्रक में गन्ना भरान के लिए लगे लोडर पर मजदूरी करने वाला रवि कुमार निवासी ग्राम काजीवाला केंद्र पर बनी लेबर झोपड़ी में ही रुक गया। जैसे ही वह झोपड़ी से बाहर निकला तो देखा कि पास में केंद्र के तौल कांटे पर एक गुलदार खड़ा है। रवि कुछ समझता इससे पहले ही गुलदार उसकी ओर लपका। रवि सेंटर पर खड़े लोडर के ट्रैक्टर पर चढ़ गया और शोर मचा दिया।

शोर सुनकर गन्ना केंद्र के पास से गुजर रहे ग्राम इस्लामाबाद के ग्रामीण केंद्र की ओर दौड़े। इस बीच गुलदार ने रवि पर हमला कर दिया। ग्रामीणों को आता देख गुलदार भाग गया। गुलदार के इस हमले में रवि के पेट व हाथ पर मामूली चोटें आई है। सूचना मिलने पर मिल के गन्ना निरीक्षक आलोक कुमार गन्ना केंद्र पहुंचे और घायल रवि को उपचार के लिए अपने साथ ले गए।
07:34 PM, 04-Nov-2023

साहनपुर रेंज में हाथी की बीमारी से मौत

बिजनौर में साहनपुर रेंज में एक व्यस्क हाथी मृत मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। हाथी की मौत बीमारी से होने की बात बताई।

बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद के साहनपुर रेंज के गुलालवाली रेंज में हाथी के मृत पड़े होने की सूचना विभाग को मिली। डीएफओ आशुतोष पांडेय और रेंजर राजेश शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने चिकित्सकों के पैनल से मृत हाथी का पोस्टमार्टम कराया गया। मृत व्यस्क नर हाथी के शरीर पर चोट आदि नहीं मिलने और उसके बीमारी से मौत होने की विभागीय अधिकारियों ने पुष्टि की है। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने घटनास्थल क्षेत्र में ही हाथी को दफना दिया।

विज्ञापन
12:17 PM, 04-Nov-2023

सहारनपुर में व्यापारी की मौत के मामले में पिता-पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

सहारनपुर जनपद के बेहट थानाक्षेत्र में गारमेंट्स व्यापारी अर्पित उर्फ लक्की की मौत के मामले में पुलिस ने घटना के तुरंत बाद दी गई तहरीर पर आरोपी पिता-पुत्रों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। 

31 अक्तूबर की रात कस्बे की आरडी मार्किट में थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव हसनपुर नौगांवा निवासी अर्पित उर्फ लक्की की गारमेंट्स की दुकान में भीषण आग लग गई थी। अर्पित भी आग की लपटों में झुलस गया था, जिसकी शुक्रवार को देहरादून के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

घटना से अगले दिन अर्पित के पिता शिवकुमार ने एक नवंबर को कोतवाली में तहरीर देकर गांव मरवा निवासी पड़ोसी दुकानदार शंकर, उसके भाई सत्यम व पिता कुशल सिंघल पर दुकान पर बैठे अर्पित पर रंजिशन पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी, लेकिन उस समय पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।

इसी से नाराज भीड़ अर्पित की मौत के बाद उसका शव लेकर देहरादून से सीधी कोतवाली पहुंची थी और हाईवे पर जाम लगा दिया था, जिसके बाद पुलिस को घटना के तुरंत बाद दी गई तहरीर पर ही शंकर व सत्यम और उनके पिता कुशल सिंघल के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज करनी पड़ी। रात में ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। 
09:52 AM, 04-Nov-2023
हस्तिनापुर में तैनात सिपाही ने पत्नी की डिलीवरी के लिए 15 दिन की छुट्टी ली। शुक्रवार को उसकी पत्नी एसएसपी कार्यालय पहुंच गई और पति पर बिना तलाक दिए दूसरी शादी व उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। महिला ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस सेवा से बर्खास्त करने की मांग की।

शामली जनपद निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी 2015 में यूपी पुलिस के सिपाही के साथ हुई थी। उसकी तैनाती फिलहाल हस्तिनापुर थाने में है। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, बाद में पति उसके साथ मारपीट करने लगा। उसकी एक छह वर्ष की पुत्री भावना है। पति छह माह से घर नहीं आ रहा है, न ही फोन पर संपर्क कर रहा है। घर खर्च के लिए पैसा भी नहीं दे रहा है। वह मजदूरी कर पुत्री का पालन-पोषण कर रही है।

अब उसे पता चला कि पति ने पत्नी की डिलीवरी के लिए 15 दिन की छुट्टी ली है जबकि उसका पति से एक वर्ष से कोई संपर्क नहीं है और न ही वह गर्भवती है। महिला ने आरोप लगाया कि पति ने पुलिस महकमे में नौकरी के बावजूद दूसरी शादी करके हिंदू मैैरिज लॉ एक्ट और सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन किया है। वह गजरौला में किसी दूसरी महिला के साथ शादी करके रह रहा है।

उसने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और विभागीय जांच कराकर सेवा से बर्खास्त करने की मांग की। एसएसपी ने आरोपी सिपाही को तलब कर उसे मामले की जानकारी ली तो उसने दूसरी शादी करना स्वीकार कर लिया। सिपाही ने बताया कि उसने तलाक की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बाद एसएसपी ने मामला परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया।
 
09:41 AM, 04-Nov-2023

West UP News Live: बिजनौर में फिर हुआ गुलदार का हमला, लोगों में दहशत, सिपाही ने तलाक दिए बिना की दूसरी शादी

मेरठ में यातायात माह की शुरुआत होने पर भी शहरवासियों को जाम से निजात नहीं मिल सकी। शुक्रवार को दिन भर लोग जाम से जूझते रहे। यातायात पुलिस भी जाम खुलवाने में नाकाम साबित हुई। दिल्ली रोड पर केसर गंज से बहादुर मोटर्स तक पहुंचने में दो घंटे का समय लग रहा था। इसके अलावा तमाम चौराहों पर जाम लगा रहा।

शुक्रवार को यातायात माह का शुभारंभ डीएम दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने पुलिस लाइन में किया था। अधिकारियों ने अतिक्रमण और जाम से लोगों को निजात दिलाने के दावे भी किए लेकिन हकीकत यह है केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा, बहादुर मोटर्स और टीपीनगर में सुबह दस बजे से लेकर रात को नौ बजे तक जाम की स्थिति बनी रहीं। कुछ देर के लिए यातायात सुचारु रहा लेकिन फिर वही स्थिति हो गई।

कुछ लोग तो रेलवे रोड से कैंट में होते हुए जैन नगर से बागपत रोड होते हुए टीपीनगर से दिल्ली रोड पहुंचे। इसके अलावा शारदा रोड पर भूमिया पुल, लिसाड़ी रोड, हापुड़ अड्डा, ईव्ज चौराहा, बच्चा पार्क पर लोग जाम से जूझते रहे। दिन भर कचहरी पुल पर भी लोग जाम में फंसे रहे। यातायात पुलिस जाम खुलवाने में नाकाम साबित रहीं। खैरनगर, अहमद रोड, बुढ़ाना गेट और लाला का बाजार भी लोग रोज की तरह जाम में फंसे रहे।
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed