08:38 AM, 07-Aug-2024
संदिग्ध परिस्थितियों में सेवानिवृत अधिकारी लापता
कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र से सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में वायु सेना के सेवानिवृत अधिकारी विजय सिंह लापता हो गए। परिजन ने मंगलवार को थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। श्रद्धापुरी सेक्टर तीन निवासी बाला देवी ने मंगलवार को थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उनका बेटा विजय सिंह(48) वायु सेना से सेवानिवृत हैं। परिवार में पत्नी व दो बेटी हैं।
विजय ने कुछ दिन सीएसडी कैंटीन चलाई थी। लेकिन फिलहाल वह घर पर ही थे। सोमवार को विजय दवा लेने के लिए चिकित्सक के पास गए थे। रात में घर पर आने के कुछ देर बाद वह बाइक लेकर वापस चले गए थे। लेकिन देर रात तक वापस नहीं आए तो परिजन को चिंता हुई।
परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन युवक का सुराग नहीं लग सका। थाना पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। सीसीटीवी के आधार पर युवक की तलाश कर ली जाएगी।
08:25 AM, 07-Aug-2024
West UP News Live: बिजनाैर में सड़क हादसे में एक कांवड़िया की मौत, 17 घायल
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से हरिद्वार कावड़ लेने जा रहे शिव भक्तों की ट्रैक्टर-ट्राॅली को बिजनाैर में आज सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत हो गई। 17 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एसपी मौके पर पहुंचे।
मुरादाबाद के गांव हरचंदपुर से 23 शिव भक्तों का जत्था ट्रैक्टर ट्राली से रात नौ बजे हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में तड़के 4:30 बजे पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को तेज टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली तीन बार पलटी।
हादसे में हरचंदपुर मुरादाबाद निवासी संतोष कुमार(60) की मौके पर मृत्यु हो गई।जबकि सुमनेश ,हिमांशु ,विशाल ,सनी केशव के गंभीर चोटें आईं।अन्य घायलों में कामिनी शर्मा, काजल ,अवनीश ,अभिषेक, विवेक,अंकुश शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलने पर एसपी अभिषेक झा, सीओ देश दीपक सिंह सहित नजीबाबाद, कोतवाली देहात और किरतपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया।