West UP News Live: मुजफ्फरनगर में चोर दुकान से साढ़े चार लाख नगदी लेकर फरार, टाइल्स फैक्टरी में GST चोरी पकड़ी
लाइव अपडेट
बागपत में सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव से नौवीं कक्षा की छात्रा का अपहरण करने वाले को न्यायाधीश ने पांच साल की सजा और 10 हजार रुपये अर्थदंड लगाया। साथ ही दुष्कर्मी को दस साल की सजा सुनाई और 20 हजार रुपये अर्थदंड लगाया।
तमंचा सप्लायर की तलाश में हरियाणा के सोनीपत जिले की पुलिस ने कैराना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सुनहेटी में दबिश दी। आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस वापस लौट गई। बुधवार को हरियाणा के सोनीपत के थाना गोहाना की सीआईए के हैड कांस्टेबल संदीप ने टीम के साथ कोतवाली पहुंच कर आमद दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस को साथ लेकर क्षेत्र के गांव अकबरपुर सुनहेटी में तमंचा सप्लायर की तलाश में दबिश दी। आरोपी के नहीं मिलने पर हरियाणा पुलिस वापस लौट गई।
बिजनौर में सड़क हादसे में पलटी बोलेरो, चालक घायल
मुजफ्फरनगर जनपद में जीएसटी की एसआईबी टीम ने खतौली में शिव मार्बल्स एंड टाइल्स की जांच की। जांच के दौरान स्टॉक में गड़बड़ी मिली। लेखा पुस्तकों में दर्ज स्टॉक और मौके पर पाए गए स्टॉक में काफी अंतर मिला।
रिकॉर्ड के बाहर बिक्री और ख़रीद के प्रमाण भी पाए गए। गड़बड़ियों पर व्यापारी ने मौक़े पर ही 20.00 लाख रुपये टैक्स जमा किया। इसके अलावा मौके से संदिग्ध प्रपत्रों को सीज किया गया। डिप्टी कमिश्नर विवेक मिश्रा के साथ जांच के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर वाईपी सिंह, अंबरीश कुमार, एसटीओ अनिल कुमार, महावीर, संदीप सत्यार्थी, रामचंद्र सम्मिलित रहे।
कस्बे के मुख्य बाजार में चीनी, तेल व घी के थोक विक्रेता संदीप रस्तौगी की बडी दुकान है। मंगलवार रात में अज्ञात चोर दुकान में छत के रास्ते घुस गए और दुकान में रखे गल्ले का ताला तोड़ कर साढ़े चार लाख की नकदी चोरी कर ले गए।
सुबह मेरठ से अपनी दुकान खेलने के लिए पहुंचे व्यापारी को दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लग सीसीटीवी कैमरों को खगाल रही है। थाना प्रभारी रवेंद्र यादव का कहना है कि अभी तहरीर नहीं दी गई है।
भावनपुर क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी सब्जी विक्रेता मोनू (28) की सिर व सीने में गाेली मारकर हत्या कर दी। मोनू परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव एत्मादपुर की पैठ में सब्जी बेचकर मोपेड पर गांव लौट रहा था। आक्रोशित परिजनों ने जाम लगाकर हंगामा किया। एसपी देहात व अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। करीब दो घंटे बाद लोगों ने जाम खोला। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि पुलिस की टीम लगा दी है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
मोनू पुत्र फूल सिंह सैनी मंगलवार को परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एत्मादपुर गांव में पैठ में सब्जी बेचने गया था। शाम को वह अपनी मोपेड पर घर लौट रहा था। गांव निवासी प्रताप के नलकूप के पास सिर और छाती में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। राहगीरों ने सड़क किनारे पड़ी मोपेड व बिखरी सब्जी देखी तो रुक गए।
सरसों के खेत में मोनू का गोली लगा शव पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और माेनू के परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। एसपी देहात कमलेश बहादुर, सीओ किठौर शिव प्रताप सिंह, अंडर ट्रेनिंग सीओ नितिन तनेजा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को करीब दो घंटे बाद समझा-बुझाकर शांत किया। और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
West UP News Live: मुजफ्फरनगर में चोर दुकान से साढ़े चार लाख नगदी लेकर फरार, टाइल्स फैक्टरी में GST चोरी पकड़ी
कड़ाके की ठंड में फुटपाथ पर सो रहे गरीब और रैन बसेरों में लटकते तालों की पोल खुलने पर मंगलवार को नगर निगम और जिला प्रशासन नींद ने जाग गया। निगम ने 12 घंटे में ही रैन बसेरों की कुछ व्यवस्था सुधारी। यहां गद्दे-रजाई मुहैया कराए गए। इसके बाद सड़कों पर सो रहे लोगों को रैन बसेरे तक लाने के लिए ई-रिक्शा चला दिए गए। बच्चा पार्क और पल्लवपुरम में अलाव भी जलाए गए। रात में नगर आयुक्त, एडीएम वित्त व एसीएम ने रैन बसेरों का निरीक्षण किया और वहां पर रहने वाले लोगों का हाल जाना। अपर नगर आयुक्त व प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी को रोजाना मॉनीटरिंग करने के नगर आयुक्त ने निर्देश दिए है।
बच्चा पार्क पर रैन बसेरे में सो रहे गरीबों से नगर आयुक्त ने व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। छतरी पीर, बेगमपुल, हापुड़ अड्डा चौराहे सहित शहर में कई जगहों से सड़क पर सो रहे गरीब लोगों को नगर निगम के कर्मचारी ई-रिक्शा से रैन बसेरों तक लाए। देर रात तक ई-रिक्शा शहर में चलते रहे।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने बताया है कि अब रैन बसेरों में टूटी खिड़की ठीक करा दी गई है और नए गद्दे-रजाई रखवा दिए गए हैं। बच्चा पार्क, भैसाली बस अड्डे सहित सभी रैन बसेरों की व्यवस्था देखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। रात 9:00 बजे जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर एडीएम वित्त सूर्यकांत त्रिपाठी व एसीएम द्वितीय सहित कई प्रशासनिक अधिकारी निकले और रैन बसेरे में रहने वाले लोगों से हाल जाना।