West UP News Live : एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, यात्रियों में मची चीख-पुकार, मेरठ में मिली सिर कटी लाश
West UP News Live : मेरठ में सिर कटी मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस धड़ और हाथ की तलाश में जुट गई है। उधर, बिजनौर में गुलदार का आतंक थम नहीं रहा है। फिर से गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। यहां पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
शामली में चौसाना के गढ़ी हसनपुर में छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी से क्षुब्ध दूसरे सम्प्रदाय के लोगों ने पीड़ित के घर में घुसकर तोड़फोड़ का प्रयास किया। विरोध करने पर परिजनों के साथ अभद्रता की। गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया।
शामली में कैराना के नंगलाराई गांव में मछली पकड़ने के दौरान यमुना नदी में डूबे किशोर का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। प्रशासन का सर्च ऑपरेशन भी दो राज्यों की सीमा में उलझकर रह गया। परिजनों के आग्रह पर तैरने वाले ग्रामीण व निजी गोताखोर तलाश में जुटे हैं।
शामली में दो दिन पहले लेनदेन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट के मामले में पुलिस ने अलग-अलग पक्ष के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भाजपा नेताओं व कार्यर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर बिना जांच किए निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और धरना दिया। बाद में एसपी को मामले से अवगत कराने की बात कहकर भाजपा नेता व कार्यकर्ता कोतवाली से चले गए।
बिजनौर के कासमपुरगढ़ी के गांव सीरवासुचंद में वर्षा व ढूल्ला कमजोर होने के कारण भरभरा कर पूरा लिंटर गिर गया। गनीमत यह रही कि कोई हादसा नहीं हुआ।
सीरवासुचंद निवासी अफजाल अल्वी ने बताया कि वह 2500 वर्ग फुट में अपना मकान बनवा रहा है। जिसके लिए गत दिवस राज मिस्त्रियों ने ढूला तैयार किया था और आज लिंटर डालने की तैयारी पूरी हो चुकी थी। सुबह से हो रही रुक-रुक वर्षा के बीच मिस्त्रियों ने लिंटर डालना शुरू कर दिया। पूरा लिंटर पड़ चुका था। मजदूर व मिस्त्री लिंटर डाल कर नीचे उतर चुकें थे। तभी अचानक पूरा लिंटर भरभरा कर गिर गया। अगर लिंटर कुछ समय पहले कंक्रीट डालते हुए गिर गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। अफजाल अल्वी के अनुसार, उसे लिंटर गिरने से करीब तीन लाख से भी ज्यादा का नुकसान हुआ है।
शामली में कैराना मार्ग पर स्थित नर्सिंग होम में उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत होने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई है।
बागपत में टेंपो मिस्त्री की मौत के मामले में आरोपी कार चालक को छोड़ने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद ग्रामीणों ने बिनौली रोड पुलिस चौकी पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों को खरी-खोटी सुनाई।
इस दौरान ग्रामीणों ने बड़ौत-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा: कंटेनर ने बस में टक्कर मारी, यात्रियों में मची चीख-पुकार
शामली जनपद के बाबरी में पानीपत खटीमा मार्ग पर स्थित दिल्ली देहरादून एक्सप्रवे के पास गोल चक्कर पर शनिवार की सुबह करीब 4:30 बजे कंटेनर ने बस में में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार महिलाओं समेत 24 यात्री घायल हो गए। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर पुलिस, एनएचएआई के कर्मचारी मौके पर पहुंचे किसी तरह बस के आगे के हिस्से में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। घायलों को प्राइवेट और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से सभी को छुट्टी दे दी गई। सूचना पाते ही बाबरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
मुजफ्फरनगर में शहर कोतवाली पुलिस ने चार वर्ष से वांछित टॉप 10 हिस्ट्रीशीटर अपराधी 20 हजार के इनामी परवेज उर्फ मल्हु को हैदराबाद तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया है।
शामली में कैराना के सेंट आरसी स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आयोजित पुलिस की पाठशाला में पुलिस क्षेत्राधिकारी अमरदीप मौर्य ने बच्चों को साइबर क्राइम और यातायात नियमों की जानकारी दी। बच्चों द्वारा साइबर क्राइम और यातायात पर पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देकर बच्चों की जिज्ञासाओं को शांत किया।
मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में पुराने हाईवे पर गांव फलोदा के जंगल में शनिवार को कुछ ग्रामीण खेतों पर गए। वहां, ग्रामीणों को तेंदुए के पंजों के निशान दिखाई दिए। पंजों के निशान जंगल से गांव की सीमा तक दिखाई दिए। बताया गया कि चार दिन पूर्व भी खेत पर काम कर रहे एक किसान को तेंदुआ दिखाई दिया था। जंगल में तेंदुआ होने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीण खेतों पर जाने से डर रहे हैं।