West UP News Live: बिजनौर में गन्ना मिल की चेन में गिरकर किसान की मौत, होली पर अधिकतर ट्रेनें फुल
एडीएम प्रशासन अमित कुमार को अपर आयुक्त बनाया गया है। अपर आयुक्त बलराम सिंह को एडीएम प्रशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पढ़ें वेस्ट यूपी की ताजा खबरें।
लाइव अपडेट
शामली के कैराना में युवक की गोली मारकर हत्या करने व शव को छिपाने के मामले में दोष सिद्ध पाए जाने पर अपर जिला सत्र न्यायाधीश (एससी एसटी) रेशमा चौधरी ने मुजरिम गुलफाम निवासी कांधला को आजीवन कठोर कारावास व 30 हजार रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा नहीं करने पर तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
शामली में नाले मे मिला ग्रामीण का शव
गांव बहावड़ी निवासी रोहताश(55) दो दिन पहले निकट के गांव लांक में अपने परिचित के यहां गया था। वहां से वह बुधवार को घर के लिए चला था, लेकिन रात में घर नहीं पहुंचा। गुरुवार की सुबह परिजनों ने तलाश शुरु की।
होली पर सभी ट्रेनें फुल, सीट के लिए रहेगी मारामारी
जिन लोगों ने होली पर घर आने के लिए ट्रेनों में पहले से टिकट आरक्षित नहीं कराया, उन्हें अब परेशानी का सामना करना पड़ेगा। होली के मद्देनजर मेरठ से होकर गुजरने वाली सभी मुख्य ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। मार्च के अंत तक टिकट नहीं है। ऐसे में तत्काल टिकट का ही सहारा है। यदि रेलवे ने मेरठ से होकर गुजरने वाली कोई होली स्पेशल ट्रेन चला दी तो यह यात्रियों के लिए बड़ी राहत होगी।
इस बार 24 को होली और 25 मार्च को दुल्हेंडी का पर्व मनाया जाएगा। होली के आसपास की तारीखों में मेरठ से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों में अप और डाउन दोनों की ओर से आरक्षित टिकट नहीं हैं। मुंबई के लोकमान्य टर्मिनल से हरिद्वार के बीच चलने वाली एसी स्पेशल एक्सप्रेस में वेटिंग लिस्ट 95 तक पहुंच गई है। 21 मार्च को आरएसी भी 111, 25 मार्च को आरएसी 84 तक है। मुंबई से अमृतसर के बीच चलने वाली गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में भी स्लीपर में वेटिंग 159 तक पहुंच गई है।
थर्ड एसी में भी प्रतीक्षा सूची 138 पर चल रही है। हरिद्वार से बांद्रा तक चलने वाली हरिद्वार एक्सप्रेस में भी वेटिंग 58 और आरएसी 67 तक पहुंच गई है। कोच्चुवेली में वेटिंग लिस्ट 97 और आरएसी 75 तक चल रही है। योगनगरी ऋषिकेश से अहमदाबाद एक्सप्रेस में भी होली पर्व पर सीटों के लिए मारामारी रहेगी। इस महत्वपूर्ण ट्रेन में 20 मार्च को वेटिंग लिस्ट 170 तक पहुंच गई है।
मेरठ से प्रयागराज तक चलने वाली नौचंदी और संगम एक्सप्रेस में भी होली पर टिकट नहीं है। संगम में 23 मार्च को स्लीपर में 117, 24 मार्च को आरएसी में 19 और थर्ड एसी में आरएसी 39 तक चल रही है। हालांकि होली के बाद की तारीखों इन दोनों ट्रेनों में टिकट फिलहाल मिल जाएंगे। इनके अलावा इंदौर- चंडीगढ़, इंदौर- अमृरसर, उज्जैन-देहरादून एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में भी होली पर्व के आसपास की तारीखों में सीट नहीं है।