West UP News Live: बागपत में मिले दो बच्चों के शव, निकाह के पांच दिन बाद हत्या, पति समेत तीन को 10 साल की सजा
West UP News Live : दो मासूम बच्चों की हत्या करके शवों को बागपत जिले में फेंक दिया गया। गन्ने के खेत में बच्चों के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई है। यहां पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
बागपत में निकाह के पांच दिन बाद ही दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की हत्या करने के मामले में न्यायाधीश ने पति व सास-ससुर को दस-दस साल कैद की सजा सुनाई है। उन पर 30-30 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है और अर्थदंड जमा नहीं करने पर सजा को एक महीने के लिए बढ़ाया जाएगा।
जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल नेहरा और वादी के अधिवक्ता रामावतार शर्मा ने बताया कि तीन अप्रैल 2016 में मुजफ्फरनगर जनपद के जौला गांव निवासी शहजाद ने बागपत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें वादी ने कहा था कि उसकी बहन सैययारा का निकाह 28 मार्च 2016 को निवाड़ा गांव के मुजम्मिल के साथ हुआ था। निकाह के बाद दहेज में कार की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर तीन अप्रैल 2016 को उसकी बहन की फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। उसे आत्महत्या दर्शाने का प्रयास भी किया गया था। जिसमें पुलिस ने मृतका के पति मुजम्मिल, सास परवीन, ससुर तौफीक, नन्द मुस्कुराना और देवर रिजवान के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने पति मुजम्मिल, सास परवीन, ससुर तौफीक के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया। मुकदमे की सुनवाई पूरी होने पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव पांडेय ने मुजम्मिल, परवीन और तौफीक पर दोषसिद्ध कर दिया और उनको दस-दस साल कैद की सजा सुनाई। उन पर 30-30 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया गया।
मेरठ के मवाना में मोहल्ला मुन्नालाल में धार्मिक स्थल की दीवार समुदाय विशेष द्वारा तोड़े जाने को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं, मौके पर आसपास के थानों की पुलिस फोर्स बुला ली गई है। वहीं, एसडीएम द्वारा तोड़ी गई दीवार निर्माण कराया जा रहा है। उधर, समुदाय विशेष के दो लोगों को हिरासत में ले रखा है।
मेरठ में सरधना-नंगला ऑर्डर रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें एक छात्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बिना परिजनों के ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिसको लेकर थाने पर ग्रामीण हंगामा कर रहे हैं।
बताया गया कि रोहण पुत्र सुशील निवासी बडकली सरधना के सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा देकर घर लौट रहा था। सुबह की पाली में रोहन का पेपर था। वह पेपर देने के बाद घर वापस लौट रहा था, इसी दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर हो गई, जिसमें दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक छात्र की मौत हो गई है।
बिजनौर के स्योहारा में मुरादाबाद रोड स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल बस सीएचसी के सामने अनियंत्रित होकर दस फिट गहरे नाले में जा गिरी। इस घटना में करीब 12 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, बस नाले में गिरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
West UP News Live: बागपत में मिले दो बच्चों के शव, निकाह के पांच दिन बाद हत्या, पति समेत तीन को 10 साल की सजा
दो मासूम बच्चों की हत्या, बागपत में मिले शव
हरियाणा के सोनीपत के आदर्श नगर रहने वाले दो भाइयों के शव उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बाघु और नौराजपुर गांव के बीच गन्ने के खेत में मिले हैं। उनकी मां बेटों की हत्या कराये जाने का आरोप लगा रही हैं। पुलिस ने शक के आधार पर महिला से पूछताछ की तो दोनों की हत्या किए जाने का पता लगा। फिलहाल मां पर एक अन्य शख्स के साथ मिलकर हत्या किए जाने का संदेह जताया जा रहा है।