Meerut News Live: मेरठ में दर्दनाक हादसा, दिव्या काकरान बनीं तहसीलदार, बागपत में युवक को मारी गोली
कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों की सुविधा के लिए मेरठ जिला प्रशासन ने सुगम कांवड़ यात्रा एप जारी किया है। इससे उन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान कई जानकारियों मिल सकेंगी।
लाइव अपडेट
संत हैं भारत की आधारशिला : ज्ञानानंद जी महाराज
1008 शांतिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर असौड़ा हाउस में सुबह सात बजे अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद श्री ज्ञानानंद जी महाराज श्री ने अपने प्रवचनों में बताया कि आध्यत्म, साधना ज्ञान, आराधना, मैत्री, वात्सल्य कि सुगंध वर्षयोग में प्राप्त होती है।
मरने से सब जग डरा, मेरे मन आनंद : अनिरुद्धाचार्य महाराज
मरने से सब जग डरा, मेरे मन आनंद, जिंदगी जीने का प्लान बनाओ, सती की कथा सुनाते हुए कथावाचक अनिरुद्ध आचार्य महाराज ने शब्द मोहिनी से सभी को मंत्रमुग्ध किया। श्रद्धालुओं ने जलमग्न पंडाल में घुटनों तक पानी के बीच बैठकर श्रद्धा के साथ कथा का रसपान किया।
कथा से पूर्व वेस्ट एंड रोड स्थित अन्नपूर्णा मंदिर से 400 कलश के साथ यात्रा शुरू हुई। यात्रा वेस्ट एंड रोड से होते हुए बिल्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर संपन्न हुई। महिलाओं ने मंदिर परिसर में ही अपने कलश रखे। अनिरुद्धआचार्य महाराज ने बिलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भोले बाबा और जगन्नाथ भगवान के दर्शन किए। उन्होंने बारिश के बीच गाड़ी में बैठकर कथा स्थल का भ्रमण किया।
तीन घंटे देरी से शुरू हुई कथा
श्रीमद्भागवत कथा 2 बजे शुरू होनी थी। भारी जलभराव के चलते कथा में विलंब हुआ। पवन मित्तल ने बताया कि आरआरटीएस से कोई सहयोग नहीं मिला। महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने मुख्य भूमिका निभाते हुए नगर निगम से तत्काल 5 से 6 पंपसेट भेजे। मैदान में भरा पानी निकालने का कार्य नगर निगम की टीम ने किया।
कथा स्थल भैसाली मैदान में काफी जलभराव हो गया। जलभराव के बीच ही महिला श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे और कुर्सियों पर दोनों पैर ऊपर कर बैठ गई। कुछ महिलाओं ने जलभराव के बीच ही कथा सुनीं।
शामली के कांधला में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में संघर्ष हो गया। जिसमें दोनों पक्षों के सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां पर पुलिस की मौजूदगी में घायलों का उपचार कराया गया। घटना के संबंध में पुलिस ने कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया है।
बारिश में गिरे पेड़ के नीचे दबे दो बालक
बिजनौर में घर के बाहर खेल रहे एक बालक और बालिका अचानक गिरे पेड़ के नीचे दबने से गंभीर रूप से घायल हो गए। छाछरी मोड़ के पास स्थित गांव में मुकरपुर गुर्जर के रहने वाले कैलाश की छह वर्षीय बेटी वेदिका और धर्मपाल का दो वर्षीय बेटा विनीत घर के बाहर ही सड़क किनारे खेल रहे थे। इसी बीच बारिश हुई और एक सूखा हुआ पेड़ गिर गया। इसके नीचे दबने से बालक और बालिका घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बालिका की हालत नाजुक बनी हुई है, जिसे जिला अस्पताल से भी रेफर कर दिया गया।
बिजनौर में जलीलपुर के गांव खानपुर खादर से दत्तियाना की ओर जाती ई-रिक्शा पलटने से एक सवारी की मौत हो गई। एक मामूली घायल बताया जा रहा है।
बृहस्पतिवार की शाम गांव खानपुर खादर बाजार से ई-रिक्शा में सवार होकर गांव मुजफ्फरपुर खादर निवासी सुरेश सिंह व सुमेर सिंह दत्तियाना की ओर जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, खानपुर खादर में क्रेशर के सामने ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई। रिक्शा पलटते ही सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। ई-रिक्शा चालक घायल सुरेश को छोड़ अपनी रिक्शा को लेकर फरार हो गया। दुर्घटना का पता चलते ही मदद के लिए ग्रामीण मौके की तरफ दौड़कर पहुंचे। लेकिन, तब तक गांव मुजफ्फरपुर खादर निवासी सुरेश सिंह (50) की मौत हो चुकी थी। चौकी इंचार्ज जलीलपुर यशपाल सिंह ने बताया कि परिजनों का इंतजार है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर अखिलेश मोहन ने बताया कि उनके कार्यालय में प्राप्त शिकायत में सनसिटी हॉस्पिटल, जैदी फार्म के विरुद्ध आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत गोल्डन कार्ड बनवाने के नाम से रुपये 10 हजार की अवैध वसूली करने का वीडियो वायरल हुआ है, जिस पर नोडल अधिकारी, आयुष्मान भारत योजना को प्रकरण की जांच कर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया और चिकित्सालय का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।
नोडल अधिकारी, आयुष्मान भारत योजना और नोडल अधिकारी जिला शिकायत प्रबन्धक आयुष्मान भारत योजना द्वारा प्रकरण में लिप्त लोगों व चिकित्सालय के प्रबन्धक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र दिया गया है।
मुजफ्फरनगर में कवाल कांड के दौरान मारे गए शाहनवाज की मौत के मामले में एसआईटी आरोपियों को क्लीन चिट दे चुकी है। पीड़ित पक्ष की ओर से दायर वाद में सुनवाई शुरू हुई। बचाव पक्ष की जिरह के लिए 18 जुलाई तय की गई है।