Meerut News Live: बकाया गन्ना भुगतान को महापंचायत शुरू, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला लिसाड़ीगेट
एक बार फिर से मौसम साफ हो गया है। जहां गुरुवार को दिनभर धूप नहीं निकली और लोग ठंड से कांपते रहे तो वहीं शुक्रवार सुबह से ही तेज धूप निकली है। इससे लोगों को राहत मिली है। उधर, लखनऊ में पश्चिमी यूपी के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पढ़िए पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
मुजफ्फरनगर में लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। गाड़ी में सवार हथियार बंद बदमाशों ने मंसूरपुर क्षेत्र के अभीपुरा गांव के जंगल में पांच लाख रुपये की भेड़ लूट ली। विरोध करने पर भेड़ मालिक की पिटाई कर घायल कर दिया गया।
सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र के शेरपुर निवासी सोनी पुत्र धर्मपाल ने मंसूरपुर थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह अपने पांच साथियों के साथ भेड़ पालन का कार्य करता है। बृहस्पतिवार रात वह मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव अभीपुरा के जंगल में भेड़ों के साथ पड़ाव डाल कर रुक गए। रात 12 बजे के बाद कुछ हथियारबंद बदमाश आए और उन्होंने उनको बंधक बना लिया। उनसे लूटपाट करते हुए उनकी लगभग 50 भेड़ों को गाड़ी में भरकर ले गए। सात हजार की नकदी भी लूट कर ले गए।
बताया गया कि उनके साथी प्रदीप पुत्र तेजपाल को चोटें आईं हैं। लूटी गईं भेड़ों की कीमत करीब पांच लाख रुपये हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला लिसाड़ीगेट, युवती से शादी की जिद पर अड़ा मनचला
मेरठ जनपद में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने शुक्रवार को दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे पूरा इलाका दहल उठा। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल की।
बताया गया कि आरोपी युवक पड़ोस की ही युवती से शादी करना चाहता है। युवती के विरोध करने पर उसने ताबड़तोड़ फायरिंग की। करीब तीन साल पहले छात्रा ने मनचले से तंग आकर पढ़ाई भी छोड़ दी थी। मगर इसके बावजूद आरोपी युवक ने उसे परेशान करना नहीं छोड़ा।
छात्रा का आरोप है कि शादी की जिद पर अड़े मनचले ने गुरुवार की दोपहर उसके घर के बाहर फायरिंग कर दी। जिसके चलते पीड़िता का परिवार दहशत में है। वहीं, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
बागपत जनपद के बड़ौत में बकाया गन्ना भुगतान को लेकर तहसील में शुक्रवार को किसानों की महापंचायत शुरू हुई। महापंचायत में जिला प्रशासन को समस्या से अवगत कराने के बाद भी निस्तारण न होने पर नाराजगी जताई गई।
ADM की पत्नी की गाड़ी में मारी जोरदार टक्कर
मेरठ में कंकरखेड़ा में खिर्वा रोड पर शुक्रवार सुबह एक बाइक सवार ने एडीएम की पत्नी की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार सवार महिला मामूली रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बाइक चालक को पकड़कर थाने ले आई।
हिमाचल प्रदेश से बरेली के कासगंज जा रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 12 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस ने तुरंत ही मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बृहस्पतिवार शुक्रवार की रात एक बस करीब 80 यात्रियों को लेकर हिमाचल बद्दी से बरली के कासगंज जा रही थी। देर रात करीब 02.50 बजे बिजनौर के थाना कोतवाली शहर क्षेत्रान्तर्गत चौकी गंज और हीमपुर दीपा के बीच एक फैक्टरी के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराने के बाद बस पलट गई। जिसमें 12 यात्रियों को चोटें आईं हैं।
उधर, सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने छह यात्रियों को चांदपुर और छह यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिजनौर जनपद में चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव अलावलपुर निवासी युवक विशाल उर्फ गोलू (22) का शव लहूलुहान हालत में गांव नजरपुर में पड़ा मिला। शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने गांव नजरपुर निवासी दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
गांव अलावलपुर निवासी कार्तिक शर्मा पुत्र हृदेश शर्मा ने बताया कि बुधवार की शाम करीब पांच बजे गांव नजरपुर निवासी दो युवक मकान पर आए और उसके भाई विशाल उर्फ गोलू को अपने साथ कहीं ले जाने लगे। उन्होंने ले जाने का कारण पूछा तो आरोपियों ने बताया कि कुछ काम से जा रहे हैं, कुछ देर में वापस आ जाएगें।
वहीं रात्रि नौ बजे तक विशाल घर वापस नहीं आया। फोन भी बंद आ रहा था। तलाश करने निकले तो नजरपुर की ओर से आ रहे चचेरे भाई सौरभ ने बताया कि गांव नजरपुर निवासी युवकों ने विशाल की हत्या कर दी है। उसका शव गांव नजरपुर में चंदन के घर के सामने पड़ा है।
मृतक के भाई कार्तिक ने तीन को नामजद करते हुए चार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
Meerut News Live: बकाया गन्ना भुगतान को महापंचायत शुरू, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला लिसाड़ीगेट
प्रदेश सरकार ने गणतंत्र दिवस पर अर्जुन अवार्डी पहलवान दिव्या काकरान को लखनऊ में सम्मानित किया। काकरान ने कहा कि मुख्यमंत्री योग्यता के अनुरूप प्रतिभा का सम्मान करते हैं। दिव्या को बर्मिंघम कॉमनवेल्थ में कांस्य और गुजरात के नेशनल खेलों में स्वर्ण पदक के लिए सम्मानित किया गया है। दिव्या के पिता सूरज पहलवान ने खुशी जताई।