फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Meerut News Live: मेरठ में मुठभेड़, गोली लगने से बदमाश घायल, दरोगा ने रोजेदार रिक्शा चालक को मारा डंडा

Mon, 03 Apr 2023 11:35 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Dimple Sirohi Updated Mon, 03 Apr 2023 11:35 PM IST
खास बातें

ईस्टर्न डेडिकेट फ्रेट कॉरिडोर (ईडीएफसी) पर भले ही शुक्रवार को ट्रायल हो गया मगर दो-तीन दिन तक इस पर मालगाड़ियां नहीं चलेंगी। नगर निगम के वार्ड आरक्षण के अनुसार मेरठ के 31 वार्डों में महिलाओं की सरकार होगी।

विज्ञापन
Meerut News Live: Meerut News Live: Flaws found in the trial of the freight corridor, read latest news
ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर - फोटो : सोशल मीडिया

लाइव अपडेट

11:24 PM, 03-Apr-2023
मेरठ में थाना लालकुर्ती पुलिस और कुख्यात लुटेरे बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में इमरान नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं पुलिस ने घायल बदमाश को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

बताया गया कि बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने के बाद मौके से भागने में नाकाम हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किया गया बदमाश लूट की कई वारदातों में फरार चल रहा था।

उधर, सरधना थाना क्षेत्र के गांव ईकड़ी में सोमवार देर रात शराब के नशे में धुत पड़ोसी के मकान के बाहर गाली-गलौज कर दी गई। विरोध करने पर मारपीट कर दी। शोर मचाने पर आरोपी परिजन भी लाठी-डंडें लेकर मौके पर पहुंच और पीड़ित पक्ष के परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान हमले में पीड़ित पक्ष के युवती समेत तीन घायल हो गए।

वहीं, मारपीट के दौरान पथराव व फायरिंग भी हुई। जिससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस फोर्स गांव में पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताला भिजवाया। जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
10:15 PM, 03-Apr-2023
किसान से मांगी पांच लाख की रंगदारी

मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निवासी किसान से सोमवार को एक युवक ने फोन पर धमकी देते हुए पांच लाख की रंगदारी मांगी। रंगदारी की बात सुनकर पीड़ित किसान के होश उड़ गए। पीड़ित किसान परिजनों संग थाने पहुंचा। जहां पीड़ित ने अज्ञात युवक के बारे में पुलिस को जानकारी दी। वही पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के नंगला ताशी निवासी एक किसान ने सोमवार को थाने पर पुलिस को बताया कि पिछले दो दिनों से उसके नंबर पर एक अनजान नंबर से कॉल आ रही थी। पीड़ित किसान कॉल नहीं उठा रहा था जिसके बाद सोमवार शाम दोबारा से उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई जिसके बाद पीड़ित किसान ने फोन उठाया आरोप है कि फोन करने वाले युवक ने किसान के साथ अभद्रता की वही किसान से पांच लाख की रंगदारी मांग ली। रंगदारी नहीं देने पर किसान को कॉलर ने जान से मारने की धमकी दी। युवक की बात सुन पीड़ित किसान के पैरों तले जमीन खिसक गई। वही कॉलर ने पुलिस में सूचना देने पर अंजाम भुगतने की धमकी तक दे डाली। 

वहीं पीड़ित किसान ने परिजनों को मामले से अवगत कराया। पीड़ित परिजन किसान को लेकर थाने पहुंचे। किसान ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने धमकी देने वाले युवक के नंबर पर फोन किया। लेकिन नंबर बंद आ रहा था। पुलिस ने उक्त नंबरों को सर्विलांस भेज दिया। पुलिस किसान के नंबर की भी सीडीआर चेक कर रही है। सीओ दौराला अभिषेक पटेल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
09:13 PM, 03-Apr-2023
दुर्घटना में साइकिल सवार की मौत

गन्ना क्रेशर से काम करके लौट रहे साइकिल सवार मजदूर की दुर्घटना में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में ले लिया।

मंडावली के गांव सिकरौडा निवासी 58 वर्षीय सुरेश गांव करौली के गन्ना क्रेशर में मजदूरी करता था। सोमवार की शाम गन्ना क्रेशर से काम करने के बाद साइकिल पर सवार होकर सुरेश अपने गांव जा रहा था। करीब आठ बजे गांव औरंगपुर बसंता के पास पहुंचने पर किसी अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार सुरेश को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सुरेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

सूचना पर मंडावली थाना प्रभारी रविंद्र कुमार, एसआई श्रीपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। उधर, मृतक का बेटा नंदू और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
08:22 PM, 03-Apr-2023
अदालत से गोकशी के आरोपी की जमानत निरस्त

मुजफ्फरनगर में अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर सात के पीठासीन अधिकारी शक्ति सिंह ने पुलिस पार्टी पर हमला करने और गोकशी के मामले में आरोपी जावेद की जमानत अर्जी खारिज कर दी।

सहायक शासकीय अधिवक्ता परमेंद्र सिंह ने बताया घटना 19 मार्च कोतवाली थाना क्षेत्र की है। वहलना चौक प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह चौहान चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने एक पिकप गाड़ी में गोवंश देखकर रुकवाया। लेकिन आरोपी मौके से गाड़ी लेकर राणा चौक से शामली की बाईपास की तरफ लेकर फरार होने लगे। पुलिस ने पीछा किया। आरोपियों ने घिरा देखकर गाड़ी से काले रंग का बछड़ा सड़क पर फेंक दिया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्म रक्षा में पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में दो आरोपी भी घायल हो गए थे। कुछ दूरी पर गाड़ी के टायर में पंचर होने के बाद पुलिस ने गुल्लर वाली खालापार निवासी जावेद समेत तीन आरोपियों को दबोच लिया था।

एडीजीसी ने बताया अभियुक्त जावेद का गोकशी करने का ऑपराधिक इतिहास है। बेसहारा पशुओं का वध कर मांस बेचने के कृत्य में संलिप्तता बताई गई है। अदालत ने बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष के तर्कों को सुना। जानलेवा हमला, पशु क्रूरता अधिनियम, गोवध अधिनियम एवं शस्त्र अधिनियम की धाराओं में आरोपी की जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है।
08:21 PM, 03-Apr-2023
कोरोना पीड़ित ग्रामीण की मौत

सहारनपुर में नकुड़ क्षेत्र के गांव जैनपुर निवासी एक ग्रामीण की कोरोना से मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। 
     
क्षेत्र के गांव जैनपुर के सुशील कुमार (58) की रविवार देर रात ऋषिकेश एम्स अस्पताल में मौत हो गई। सोमवार को मृतक के भाई मास्टर अनिल कुमार ने बताया कि होली के बाद से ही सुशील बुखार से पीड़ित था। ज्यादा कमजोरी आने के बाद 23 मार्च को परिजनों ने सुशील को सहारनपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया। जहां हालत बिगड़ने पर परिजन उसे देहरादून के जौलीग्रांट अस्पताल ले गए।

बताया कि देहरादून के अस्पताल में डॉक्टरों ने सुशील की कोरोना की जांच की। जिसमे जांच कोविड पॉजिटिव आई। कोविड की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही परिजन सुशील को इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स अस्पताल में ले गए। जहां पर करीब एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद रविवार देर रात सुशील की मौत हो गई। अनिल ने बताया कि जून माह में सुशील के बेटे की शादी तय थी, जिसकी तैयारियां परिवार में चल रही थी। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटी और एक बेटा छोड़ गया है।
07:16 PM, 03-Apr-2023
मेरठ में हापुड़ अड्डे पर एक दरोगा ने रोजेदार रिक्शा चालक को डंडा मार दिया। वहीं, डंडा लगने के बाद बुजुर्ग बेहोश हो गया। इसके बाद लोगों ने जमकर हंगामा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
05:02 PM, 03-Apr-2023
दुबई से फोन पर दिया पत्नी को तीन तलाक
शामली जनपद में दुबई से फोन पर युवक ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। महिला ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पंसारियान निवासी एक महिला ने महिला थाना प्रभारी को तहरीर दी। जिसमें बताया कि उसका निकाह कुछ साल पूर्व मुजफ्फरनगर के गांव भागोवाली निवासी व्यक्ति के साथ हुआ था। निकाह में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य से अधिक सामान दिया था।

इसके बावजूद भी पति व अन्य ससुराल वाले उसे दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करते रहे। उसके साथ मारपीट कर और पैसा लाने का दबाव बनाया गया। कुछ माह पूर्व उसके पति ने सऊदी अरब जाने के लिए उसके पिता से दो लाख रुपये भी लिए थे। वहां जाकर पति ने फोन पर उसे तीन तलाक दे दिया। महिला ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू करदी है। महिला थाना प्रभारी निधि चौधरी ने बताया कि तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है।
01:21 PM, 03-Apr-2023

बादलों का चलता रहा आंख-मिचौली का खेल

रविवार को दिनभर आसमान में कभी धूप तो कभी बादलों का डेरा मंडराता रहा। हालांकि बारिश नहीं होने से किसानों ने राहत की सांस ली। सोमवार को भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. यूपी शाही का कहना है कि अभी एक-दो दिन मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके बाद मौसम साफ रहेगा और तापमान में वृद्घि होगी। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 93 में दर्ज किया गया। जयभीमनगर में 100, गंगानगर में 79 व पल्लवपुरम में 99 एयर क्वालिटी इंडेक्स दर्ज किया गया।  

कोरोना का एक मरीज मिला, सक्रिय केस छह
मेरठ जिले में रविवार को 417 लोगों की कोरोना की जांच की गई, जिनमें कोरोना का एक मरीज मिला है। 52 साल का यह मरीज अब्दुल्लापुर का रहने वाला है। इनके अलावा एक मरीज ठीक हुआ है। अब सक्रिय केस छह हैं। चिकित्सकों का कहना है कि कोरोना की लहर की अभी कोई आशंका नहीं है। बचाव ही जरूरी है। मास्क आदि का ध्यान रखना चाहिए।  
11:02 AM, 03-Apr-2023

मोहिउद्दीनपुर मिल में जल्द संचालित होगा एथेनॉल प्लांट

मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल में भी अब जल्द ही एथेनॉल डिस्टलरी प्लांट की स्थापना हो जाएगी। मिल में 60 किलो प्रतिदिन एथेनॉल तैयार किया जाएगा। परियोजना की स्थापना के प्रस्ताव को मंत्री परिषद की ओर से अनुमति प्रदान कर दी गई है। यह प्लांट शुरू होने से मिल को लाभ होने के साथ ही इससे जुड़े 26 हजार किसानों को भी लाभ पहुंचेगा। इनके लिए गन्ना भुगतान की स्थिति में सुधार होगा।

जिला गन्ना अधिकारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर मिल में शीरे पर आधारित आसवानी (एथेनॉल डिस्टलरी) प्लांट लगाने की अनुमति मंत्री परिषद की ओर से दी गई है। यह मिल अब तक 45 प्रतिशत गन्ना मूल्य बकाया भुगतान ही कर पाई है। इस प्लांट के लगने से मिल की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और समय से भुगतान में सहयोग मिलेगा।

उन्होंने बताया कि यह प्लांट शुरू होने से करीब 7 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष की आय बढ़ेगी। इसके साथ ही पर्यावरण भी प्रदूषित होने से बचेगा। एथेनॉल जैव आधारित एवं इको फ्रेंडली ईंधन है। इसके प्रयोग से कार्बन मोनोऑक्साइड का कम उत्सर्जन होगा। प्रदूषण बढ़ाने वाले पेट्रोलियम पर भी निर्भरता कम होगी।

जिले में एथेनॉल बनाने वाली चौथी मिल होगी
मेरठ में सकौती, नंगलामल, किनौनी, मोहिउद्दीनपुर, मवाना और दौराला मिल शामिल हैं। अभी तक इनमें से नंगलामल, किनौनी और दौराला मिल की ओर से  एथेनॉल बनाया जा रहा है। जिले में एथेनॉल बनाने वाली मोहिउद्दीनपुर मिल चौथे नंबर की होगी।
10:59 AM, 03-Apr-2023
निगम के 31 वार्डों में महिलाएं बनेंगी पार्षद
नगर निगम के वार्ड आरक्षण के मुताबिक शहर के 90 में से 31 वार्डों में महिलाओं की सरकार होगी। पांच महिला अनूसचित जाति एवं जनजाति, आठ महिला ओबीसी और 18 महिला सामान्य वर्ग से पार्षद चुनी जाएंगी। 

हालांकि सामान्य वर्ग की सीट पर ओबीसी और एससी वर्ग की महिलाओं को भी चुनाव लड़ने का अधिकार है। शहर में कई वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होने पर कई बड़े दिग्गजों का चुनावी समीकरण बिगड़ गया है। 

18 वार्डों में सामान्य महिला सीट 
वार्ड एक, नई बस्ती लल्लापुरा, वार्ड 21 तुलसी कालोनी,  वार्ड 32 सिविल लाइन, वार्ड 33 काजीपुर, 37 गंगानगर, 38 खड़ौली, 40 जटौली, 55 फतेहउल्लापुर, 60 फूलबाग कालोनी, 66 सराय बहलीन, 68 मकबरा डिग्गी, 75 शाहजहां कालोनी, वार्ड 77 लक्खीपुरा, वार्ड 80 करीमनगर, वार्ड 81 तारापुरी, वार्ड 86 जाकिर हुसैन कालोनी उत्तरी, वार्ड 90 फिरोजनगर। 

पांच वार्ड अनुसूचित जाति-जनजाति महिलाओं के लिए आरक्षित 
वार्ड 09 कासमपुर, वार्ड 10 काशी, वार्ड 14 जागृति विहार सेक्टर आठ, वार्ड 15 मुलताननगर और वार्ड 16 अजंता कालोनी।

आठ वार्ड ओबीसी महिलाओं के लिए आरक्षित  
वार्ड 20 कसेरूखेड़ा, वार्ड 41 नंगलाता, वार्ड 49 पूर्वा महावीर, वार्ड 65 खैरनगर, वार्ड 74 पूर्वा फैयाज अली, वार्ड 76 श्यामनगर, वार्ड 88 श्यामनगर पूर्वी, वार्ड 89 रसीदनगर।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed