Meerut News Live: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जिलाधिकारी कोर्ट के बाहर वकीलों ने दिया धरना
मेरठ में बारिश ने मौसम में फिर नमी ला दी है। कल शाम से हो रही झमाझम बारिश से तापमान में कमी आई है। वहीं मौसम में ठंड बढ़ गई है। उधर, नौचंदी थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
लाइव अपडेट
मुजफ्फरनगर में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को डिस्ट्रक्टि बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष के सामने धरना दिया। डीएम से मिलकर मांग पत्र सौंपा।
अध्यक्ष अनिल जिंदल एवं महासचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि बार काउंसिल के निर्णय के अनुपालन में अधिवक्ताओं की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के विरोध में धरना देने का फैसला किया है। बार काउंसिल ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश के जिलेभर में धरना देने का निर्णय लिया गया था। अधिवक्ताओं का पांच लाख का फ्री चिकित्सा बीमा कराने, कल्याण निधि के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण, जिले में अधिवक्ताओं के चैंबर निर्माण कराने, अधिवक्ता और पत्रकार की मृत्यु पर एक समान धनराशि दिलाए जाने, 60 वर्ष से अधिक के करीब 40 हजार अधिवक्ताओं के लिए पेंशन लागू करने और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांगों को लेकर विरोध स्वरूप डीएम कोर्ट के बाहर वकीलों ने धरना दिया। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष अनिल जिंदल ने बताया छह महीने बाद भी सरकार ने वकीलों की मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने के कारण अधिवक्ता आहत है।
महासचिव जितेंद्र कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष यशपाल बालियान और देवेंद्र कुमार कैल, पूर्व महासचिव सुरेंद्र मलिक और ठाकुर कंवरपाल सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञान कुमार, यशपाल पंवार, प्रवीण कुमार, निश्चल त्यागी, विकास त्यागी, सतीश लाटियान, अजय पुंडीर, शिखा कौशिक मौजूद रहे।
बिजनौर में विधान सभा परिषद बरेली-मुरादाबाद खण्ड स्नातक के लिए हुआ चुनाव भारी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।
नगर पालिका परिषद चांदपुर बूथ संख्या 185 पर 74.54 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 923 मतों में से 688 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान केंद्र पर दोपहर से वोट डालने वालों की लंबी कतार रही। क्षेत्र पंचायत कार्यालय जलीलपुर कक्ष संख्या एक बूथ नंबर 186 में 55.90 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 1050 वोट में से 587 मत पड़े। कक्ष संख्या दो बूथ नंबर 187 में 56.81 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 588 मतों में से 317 मत पड़े। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
एसडीएम रितु रानी, सीओ सुनीता दहिया चांदपुर नगरपालिका मतदान केंद्र व जलीलपुर मतदान केंद्रों पर पूरी तरह नजर बनाए रहीं। मतदान केंद्रों का निरीक्षण करती रहीं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार राय अपनी पुलिस फोर्स के साथ मतदान केंद्र पर मुस्तैद रहे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के परिजनों ने ससुरालियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मुजफ्फरनगर में पिता की डांट से क्षुब्ध होकर किशोर रतनपुरी क्षेत्र में सठेड़ी गंगनहर में कूद गया। परिजन पुलिस की सहायता से गंगनहर में किशोर को तलाश करने में जुटे हैं।
क्षेत्र के गांव सठेड़ी निवासी समर (16) को उसके पिता इकराम ने किसी बात को लेकर डांट दिया था। जिससे क्षुब्ध होकर समर साइकिल लेकर सठेड़ी गंगनहर के पास पुल पर पहुंचा और गंगनहर में छलांग लगा दी। उसकी तलाश में उसका चचेरा भाई भी गंगनहर पर पहुंचा, जहां उसे समर की साइकिल खड़ी मिली।
परिजनों ने मामले की सूचना रतनपुरी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर रतनपुरी मिथुन दीक्षित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव के ही कुछ गोताखोर युवकों की सहायता से गंगनहर में समाए समर की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने पीएसी के गोताखोरों को बुलाया है। परिजन किशोर की तलाश में गंगनहर पर जमा है। गंगनहर में समाए किशोर समर की तलाश जारी है।
बिजनौर जनपद में सिगरेट से भरे एक ट्रक को 4 लोगों ने जांच टीम के नाम पर रोक लिया। इस फर्जी टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर खेड़की गांव के पास एक मंडी में खड़ा करा दिया था। टैक्स चोरी व अन्य आरोप लगाते हुए फर्जी टीम ने ट्रक के ड्राइवर से 20 लाख रुपये की डिमांड रखी थी।
इस फर्जी टीम में बैराज चौकी पर तैनात एक सिपाही जबकि दूसरा सिपाही डायल 112 की गाड़ी पर तैनात था। दोनों ही सिपाहियों को हिरासत में लिया गया है। इनके खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। ट्रक मालिक ने जीपीएस के आधार पर अपने ट्रक को खोज निकाला। शुरू में दिल्ली की कोई जांच एजेंसी बताया था।
ट्रक के मामले में दो सिपाहियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस फर्जी टीम ने कस्टम अधिकारी बनकर ट्रक को रोका था। दरअसल ट्रक में असम से भरकर 19 कार्टून सिगरेट बिना किसी टेक्स लाई जा रही थी।
सिगरेट गाजियाबाद जानी थी। चार आरोपियों की यह कस्टम की फर्जी टीम ट्रक के ड्राइवर को अमरोहा भी ले गई। 20लाख रुपए की डिमांड रखी गई तो ट्रक मालिक को इस कस्टम टीम के फर्जी होने का संदेह हुआ कि कोई ऐसी अधिकारी इतनी मोटी रकम नहीं मांगेगा।
ट्रक मालिक को अपने ड्राइवर के अपना न होने का शक हो गया था जिसके बाद ट्रक मालिक ने लगातार उनसे फोन पर बात की लेकिन खाते में रकम नहीं डलवाई।
मेरठ मेडिकल थाना क्षेत्र के शेरगढ़ी में शादी के 17 साल बाद महिला सुशीला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। महिला के भाई सत्यपाल ने पति आदेश और जेठानी अनीता समेत अन्य ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस जांच में जुट गई है।
जिला हापुड़ के गांव अटूटा निवासी सत्यपाल ने बताया कि उनकी बहन सुशीला की शादी शेरगढ़ी निवासी आदेश के साथ हुई थी। आदेश यहां नगर निगम में सफाई कर्मचारी है। शादी के बाद दंपती से बेटा ध्रुव, बेटी राधिका और बेटा मंकू हैं। सत्यपाल के मुताबिक कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले सुशीला को परेशान करने लगे थे। कोरोना काल में भी आदेश को घर खर्च के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए थे।
आरोप है कि डेढ़ माह पहले भी सुशीला के साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को जेठानी अनीता ने फोन पर बताया कि सुशीला फिसलकर गिर गई है। जब वह वहां पहुंचे तो सुशीला अस्पताल में भर्ती थी। उन्होंने देखा तो बहन के गले सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान थे।
शनिवार देर रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मायके पक्ष का आरोप है कि सुशीला को इस बार भी बुरी तरह पीटा गया और उसकी पीटकर हत्या कर दी गई। वहीं, मेडिकल थाना प्रभारी दिनेश उपाध्याय का कहना है कि महिला की मौत की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिक्षितगढ़ में कार सवार ने दो युवकों को कुचला
नगर के खंड विकास कार्यालय के समीप स्कूटी पर सवार दो युवकों को कार सवार ने जोरदार टक्कर मार दी जिसमें ग्राम खजूरी निवासी निवासी वंश (17) पुत्र सुबोध त्यागी और गौरव (22) पुत्र सुधीर त्यागी की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक नगर से अपने गांव को जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शव का पंचनामा भर के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने शीघ्र ही आरोपों को पकड़ने की मांग की। हादसे की खबर लगने पर पीड़ितों के परिवार में कोहराम मच गया।
उत्तराखंड में रोडवेज कर्मियों के हड़ताल पर जाने की चेतावनी के बाद यात्रियों को सफर में दिक्कत न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। अगर उत्तराखंड की बसें बंद रहीं तो बिजनौर और नजीबाबाद डिपो की बसों के फेरे बढ़ा दिए जाएंगे।
उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों का 30 जनवरी की मध्यरात्रि से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। इसके चलते यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को परेशानी नहीं होने पाए, इसलिए यूपी की बसों को कोटद्वार-दिल्ली और अन्य मार्गों पर भेजने के निर्देश क्षेत्रीय प्रबंधक मुरादाबाद ने मुरादाबाद परवेज खान ने बिजनौर, नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर डिपो को दिए हैं।
इस संबंध में सहायक महाप्रबंधक उत्तराखंड परिवहन निगम कोटद्वार डिपो ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की अधिक से अधिक बसों को उत्तराखंड रूट पर चलाने का आग्रह करते हुए पत्र लिखा है। उन्होंने कोटद्वार- दिल्ली, कोटद्वार-देहरादून रूट पर यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर बस चलाने के लिए कहा है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक धीरज सिंह पंवार ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार बसों को इन मार्गों पर भेजा जाएगा। अन्य रूटों पर भी यात्रियों के लिए बसें संचालित रहेंगी।
बिजनौर मेंराष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी ने जिला पंचायत सदस्य की रिक्त सीट वार्ड 35 पर चुनाव लड़ रहीं चांदनी इरफान को संयुक्त रूप से गठबंधन का प्रत्याशी घोषित किया।
रविवार को रालोद जिला कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन एवं राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष नागेंद्र पंवार ने प्रेसवार्ता में की। राशिद हुसैन ने कहा कि दोनों पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट होकर गठबंधन प्रत्याशी का चुनाव लड़ाकर उनकी जीत सुनिश्चित करें। रालोद जिलाध्यक्ष नागेंद्र पंवार ने कहा कि चांदनी इरफान के नाम की गठबंधन प्रत्याशी के रूप में घोषणा हो गई है। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि अब हम सभी का दायित्व है कि उप चुनाव में जुट जाएं और गठबंधन प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाने का काम करें।
एमएलसी का चुनाव आज
बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक का बिजनौर जिले में 23 मतदान केंद्रों पर चुनाव आज हो रहा है। जिले में बारिश के बीच स्नातक एमएलसी मतदान आठ बजे शुरू हो गया। बारिश होने से मतदान धीमी गति से हुआ। अधिकारियों ने बारिश में छाता लगाकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे तक 3.67 प्रतिशत मतदान हुआ है। बिजनौर में बारिश बंद होने के बाद मतदान बूथ पर भीड़ लगनी शुरू हो गई. माना जा रहा है कि अगले कुछ घंटों में मतदान प्रतिशत काफी बढ़ेगा। इस दौरान डीएम उमेश मिश्रा, एसपी दिनेश सिंह ने भी मतदान बूथों का निरीक्षण किया।
पढ़ें पूरी खबर: Bijnor: एमएलसी का चुनाव आज, मतदान केंद्रों पर लगी लंबी लाइनें, सुबह 10 बजे तक 3.67 प्रतिशत मतदान