Meerut News Live: खूब गरजे BKU के राष्ट्रीय महासचिव, युवक ने वायरल वीडियो में कहा- मुझे एसएचओ को मारनी है गोली
Meerut News Live : मुजफ्फरनगर में आज भाकियू की महापंचायत हो रही है। महापंचायत में खाप चौधरी भी शामिल होंगे। वहीं शहर में रूट डायवर्जन किया गया है और कई जिलों की फोर्स तैनात है। उधर, बागपत में दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
लाइव अपडेट
सहारनपुर में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों की हत्या करने की बात कह रहा है। आरोपी वीडियो में कह रहा है कि एसएचओ गंगोह को गोली मारनी है मुझे। पुलिस ने मामले की जांच के साथ ही युवक की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार को नौ सैकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें नीली टी-शर्ट पहने बैठा युवक अपने साथियों से बात करते हुए मोबाइल फोन के कैमरे की तरफ देखते हुए बोल रहा कि उसे पुलिसकर्मियों की हत्या करनी है। युवक कह रहा कि एसएचओ गंगोह को गोली मारनी है मुझे। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली गंगोह इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस युवक की पहचान करने के साथ ही उसकी तलाश में जुट गई है। जांच में सामने आया कि वीडियो पुराना है, जिसे किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को चकमा देकर कोर्ट पहुंचा इनामी भाजपा नेता, अदालत ने भेजा जेल
25 हजार रुपये के इनामी भाजपा नेता प्रिंस चौधरी ने पुलिस को चकमा देते हुए एक अन्य मामले में नगीना की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने प्रिंस चौधरी को जेल भेज दिया है।
बीते 30 जनवरी को थाना परीक्षितगढ़ में बिजनौर के भाजपा नेता प्रिंस चौधरी के काफिले में शामिल गाड़ियों ने दो युवकों को कुचल दिया था। पुलिस ने गाड़ी चालक और भाजपा नेता प्रिंस चौधरी को नामजद करते हुए मामला दर्ज किया था।
महापंचायत में मंच से भाकियू के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नागपुर पॉलिसी चल रही है। टिकैत ने कहा कि पीएसी नहीं, मिलिट्री बुलाओ, पर मीटर नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपने मीटर की सुरक्षा करें, चोरी बढ़ रही है। कहा कि बड़ी कंपनियों को बिजली बेची जा रही है।
टिकैत ने कहा कि गरीबों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कंपनियों की सरकार है। टिकैत ने एलान किया कि 26 जनवरी 2024 को पूरे देश में ट्रैक्टर परेड होगी। किसान संगठन किसी एक पार्टी के खिलाफ नहीं है। कहा कि जहां सरकार किसान के खिलाफ फैसले करेगी, हम वहीं जाएंगे। उन्होंने किसानों को चेताया कि जमीन छीनने की तैयारी है, गलत तरीके से भूमि अधिग्रहण किया जाता है।
उन्होंने कहा कि 20 साल तक की लड़ाई के लिए तैयार रहें। कहा कि किसानों को फर्जी मुकदमों से डराया जाता है। टिकैत ने कहा कि ट्रैक्टर किसान का फाइटर विमान है। कहा कि जो किसान अपनी मर्जी से मीटर लगवाना चाहते हैं, वह लगवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार खेती पर निवेश कम कर रही है। कहा कि सरकार एमएसपी नहीं, कर्जा देने की बात कर रही है। कहा कि खेती के लोन अडानी के माध्यम से दिए जाएंगे। उन्होंने किसानों को चेताया कि यह जमीन कुर्क करने की तैयारी है। अगर सरकार 85 करोड़ को मुफ्त राशन दे रही है तो समझ लो देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।
युद्धवीर सिंह ने कहा कि 20 मार्च को पूरे देश का किसान एक साथ दिल्ली कूच करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश की निगाह मुजफ्फरनगर पर है। कहा कि यहां के किसान आंदोलन को मजबूत रखें। सिंह ने कहा कि किसानों का आंदोलन समाप्त नहीं हुआ, अब दूसरा चरण 20 मार्च से शुरू होगा। किसान एमएसपी की लड़ाई जारी रखेंगे।
बताया गया कि रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी और अशरफ अली मंच के पास बैठे रहे, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौट गए।
बता दें कि गन्ना मूल्य, बकाया भुगतान, आवारा पशु, बिजली की दरें और किसानों के उत्पीड़न समेत अन्य मुद्दों को लेकर यह महापंचायत हो रही है।
बताया गया कि मीनाक्षी चौक पर जाम की स्थिति बनी हुई है। वहीं एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यवस्था बनाने में जुट गए हैं।
वहीं छात्रों के पक्ष में पहुंचे कई छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रबंधन पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। बाद में सीओ सिविल लाइन ने स्कूल प्रबंधन से बात की और छात्रों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने धरना खत्म कर दिया।