Meerut News Live: किशोरी से दुष्कर्म में आरोपी को 10 साल की सजा, विवाहिता की लाश मिलने से फैली सनसनी
Meerut News Live: मेरठ के एक गांव में आंबेडकर की प्रतिमा तोड़कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश गई है। यहां पढ़िए पश्चिमी के जिलों का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
किशोरी से दुष्कर्म में आरोपी को 10 साल की सजा
बिजनौर में अपर सत्र न्यायाधीश पोक्सो एक्ट प्रकाशचंद्र शुक्ला ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए 10 साल के कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई। साथ ही आरोपी पर लगाए गए जुर्माने की राशि से एक लाख रुपये पीड़िता को दिए जाने के निर्देश दिए।
शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र सिंह के अनुसार थाना कोतवाली शहर के एक गांव की रहने वाली किशोरी ने कोर्ट के माध्यम से अपने साथ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उसकी उम्र 16 वर्ष है। उसके पिता क्रेशर में मजदूरी का काम करते हैं। उसकी माता की मृत्यु हो चुकी है। गांव शादीपुर निवासी नरपाल की उसके पिता से दोस्ती थी। जिसके चलते उसका घर आना-जाना था। वह आरोपित को अंकल कहकर पुकारती थी। एक दिन नरपाल उसके घर नशे की हालत में आया। वह घर पर अकेली थी। नरपाल ने उसे अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसे धमकी दी कि अगर उसने यह बात अपने पिता को बताई तो वह उसके पिता को जान से मार देगा। इसके बाद वह बार-बार उससे दुष्कर्म करता रहा। उसने डर के कारण अपने पिता को यह बात नहीं बताई। जब वह गर्भवती हो गई और उसे उल्टियां आने लगी तब उसके घर वालों को शक हुआ। इसके बाद कारण पूछने पर उसने अपने पिता को पूरी बात बताई। उसके पिता उसे लेकर थाने गए, जहां पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं की। कोर्ट के आदेश पर उसकी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इस मामले में सोमवार को सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने नरपाल को दुष्कर्म का दोषी मानते हुए 10 वर्ष के कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई।
नग्न कर युवक की पिटाई का मामला, पुलिस ने शांतिभंग में काटा 2 का चालान
सहारनपुर के गंगोह में एक नग्न व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकानदार सहित दो का शांतिभंग में चालान कर कोर्ट में पेश किया।
आबकारी विभाग के चालक की मौत पर मचा कोहराम
मेरठ के परीक्षितगढ़ में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे आबकारी विभाग के चालक की मौत हो गई। उधर, हादसे की जानकारी लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि रविवार देर रात मेरठ से लौटते समय बाइक सवार युवक को गांव खटकी के समीप अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेरठ के एक निजि अस्तपाल में भर्ती कराया था। वहीं, सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बागपत जनपद में दोघट के कस्बे में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान घर में घुसकर एक परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों का बिनौली सीएचसी में उपचार कराया जा रहा है। उधर, हमला करने के एक आरोपी दिल्ली पुलिस जवान को थाने से छोड़ने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा किया।
मुजफ्फरनगर में रविवार देर रात दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग स्थित गंगा बैराज के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मीरापुर क्षेत्र के गांव कासमपुर खोला निवासी आदित्य (32) पुत्र बिजेंद्र देर रात अपनी बाइक पर सवार होकर बिजनौर जा रहा था, जैसे ही बाइक सवार गंगा बैराज के समीप पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के चाचा विनोद ने ट्रक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दिया है।
मुजफ्फरनगर में भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को गांव में ही दूध की डेयरी से दूध लेने के लिए गई थी। इसी दौरान डेयरी का संचालन करने वाले युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गई। पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सावन मास की कांवड़ यात्रा की व्यवस्था में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही प्रशासन की तैयारियों पर कहीं पानी न फेर दें? बिजनौर में मंगलवार यानि आज से कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। श्रद्धा और उल्लास के बीच कांवड़ियों के जत्थे निकलेंगे। प्रशासन की ओर से सुरक्षित कांवड़ यात्रा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। लेकिन गड्ढायुक्त और पथरीली सड़कें प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल सकती हैं।
मेरठ के जानी खुर्द में कस्बा सिवालखास में सोमवार सुबह एक वारंटी युवक को पकड़ने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने वारंटी युवक को जबरदस्ती पुलिस से छुड़ा लिया। वहीं, ग्रामीण से मारपीट में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने करीब 10-15 युवकों को हिरासत में लिया है।
ये है मामला
कस्बा सिवालखास निवासी फुरकान को जानी पुलिस सोमवार सुबह पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची थी। फुरकान के न्यायालय से वारंट हैं। फुरकान को पुलिस जैसे ही घर से पकड़कर चलने लगी तो महिलाओं ने जबरदस्ती फुरकान को पुलिस से छुड़ाने का प्रयास किया। किसी प्रकार पुलिस ने फुरकान को जीप में बैठा लिया और चलने लगी। इसी दौरान कुछ युवकों ने जीप के आगे खड़े होकर पुलिस को रोक दिया। इसके बाद युवकों ने पुलिस पर हमला कर फुरकान को छुड़ा लिया। वहीं, ग्रामीणों द्वारा की गई मारपीट में सिवालखास चौकी पर तैनात दीवान मदन सिंह घायल हो गए। जानी थानाध्यक्ष राजेश कंबोज के अनुसार, घटना को लेकर करीब 10-15 आरोपी युवकों को हिरासत में लिया गया है। घायल पुलिसकर्मी का उपचार करवाया जा रहा है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सरधना में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव बपासरी के पास सोमवार सुबह ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटा। सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। इसके बाद सीओ सरधना को जानकारी दी गई। जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक के शव को ट्रक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, विपिन पुत्र नवीन निवासी शिवपुरम मेरठ रविवार देर रात ट्रक में सिल्वर की एंगल भरकर करनाल जा रहा था। मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव बपारसी के पास पहुंचा तो मोड़ पर ट्रक अनियंत्रित हो गया और दूसरी तरफ जा पलटा। ट्रक के नीचे दबने से चालक विपिन की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद देर रात में पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना देने के लिए फोन किया गया। लेकिन कंट्रोल रूम की तरफ से फोन नहीं उठा। जिसके बाद ग्रामीणों ने सीओ शिव प्रताप सिंह को सड़क हादसे की जानकारी दी। तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।