Meerut News Live: टिकैत बोले- नलकूपों पर नहीं लगने दिए जाएंगे मीटर,किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को आजीवन कारावास
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सोमवार सुबह एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उसके तीन साथी घायल हो गए। बताया गया कि मृतक बिजनौर का रहने वाला है। वेस्ट यूपी की ताजा खबरें पढ़ें एक क्लिक में।
लाइव अपडेट
सहारनपुर में गंगोह मार्ग पर एक व्यक्ति से दो बदमाशों ने लूटपाट कर दी। हथियारों के बल पर बदमाशों ने आतंकित करते हुए 10 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने थाना कुतुबशेर में तहरीर दी।
कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में आईटीसी रोड निवासी अजय कश्यप किसी काम से गंगोह रोड स्थित गांव सबदलपुर गए थे। वह सोमवार की रात साढ़े आठ बजे बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और हथियारों के बल पर 10 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है।
शामली में छह साल पहले किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष अपर सत्र न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट के पीठासीन अधिकारी बाबूराम ने फैसला सुनाया।
विशेष लोक अभियोजक मनमोहन वर्मा और दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि दो सितंबर 2017 को किशोरी शामली कोतवाली क्षेत्र में अपनी माता की तलाश में गई थी। इस दौरान युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर आरोपी अपने साथ ले गया। परिजनों ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोप पत्र दाखिल किया।
प्रकरण की सुनवाई विशेष अपर सत्र न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट के पीठासीन अधिकारी बाबूराम ने की। प्रकरण के दोषी बिलाल उर्फ रेहान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। जबकि साक्ष्यों के अभाव में शादाब व नासिक को दोषमुक्त करार दिया गया।
टिकैत बोले- नलकूपों पर नहीं लगने दिए जाएंगे मीटर
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। भाकियू किसानों का सम्मान बचाने की लड़ाई लड़ रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार नलकूपों पर बिजली मीटर लगाने के लिए अड़ी हुई है, लेकिन किसी भी सूरत में मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे।
मेरठ के बेटे की मेहनत का कमाल: द एलिफेंट व्हिस्परर्स को मिला ऑस्कर अवॉर्ड
मेरठ के एकेश्वर चौधरी की कड़ी मेहनत से द एलिफेंट व्हिस्परर्स को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का ऑस्कर अवॉर्ड मिला है। खास बात यह है कि गोल्डन अवॉर्ड हासिल करने वाली द एलिफेंट व्हिस्परर्स की एडिटिंग एकेश्वर चौधरी ने ही की है। एकेश्वर चौधरी भाजपा नेता राकेश चौधरी के बेटे हैं।
वहीं एकेश्वर चौधरी के घर जश्न का माहौल है। साथ ही रिश्तेदारों ने भी फोन पर बधाइयां दीं हैं।
विद्युत विभाग के कर्मचारी 16 से हड़ताल पर
समिति का कहना है कि ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन के नकारात्मक रवैये के चलते टकराव की स्थिति बनी हुई है। विवाद को खत्म करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ से हस्तक्षेप की अपील की है। संघर्ष समिति के इंजीनियर सीपी सिंह, योगेंद्र बजाज, विपिन कुमार, संदीप कुमार सिंह, रोहित कुमार,राम आशीष कुशवाहा, आशुतोष शर्मा ने कहा कि ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी के साथ तीन दिसंबर को लिखित समझौता हुआ था, जिसपर कोई कदम नहीं उठाया गया है।
बिजलीकर्मियों ने चेतावनी दी कि अगर 16 मार्च तक समझौते पर अमल नहीं किया गया तो उसी दिन रात्रि 10 बजे से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम क्षेत्र के सभी बिजली कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर, अभियंता और संविदा कर्मी 72 घंटे की हड़ताल पर चले जाएंगे।
आज से सिटी स्टेशन पर लगेगी उत्पादों की प्रदर्शनी
सभी आवेदनों की जांच करने के बाद लॉटरी निकाली गई, जिसमें 10 उत्पादकों का चयन किया गया। लाॅटरी के तहत सोमवार से 12 अप्रैल तक एमएच मित्तल कैंची उत्पाद, एमडी इमरान 13 अप्रैल से 12 मई तक आर्ट क्राफ्ट, आदिल 13 मई से 12 जून तक लकड़ी उत्पाद, वसीम 13 जून से 12 जुलाई तक आर्ट एंड क्राफ्ट, एमडी चकी 13 जुलाई से 12 अगस्त तक हैंडीक्राफ्ट, एमडी आबिद 13 अगस्त से 12 सितंबर तक खिलौना एवं वुडन, अब्दुल 13 सितंबर से 12 अक्तूबर तक वुडन वर्क, हरमन स्पोर्ट्स 13 अक्तूबर से 12 नवंबर तक स्पोर्ट्स की प्रदर्शनी लगाएंगे।
सेंट्रल मार्केट में शिक्षिका से अभद्रता
पत्नी को मच्छर मारने की दवा पिलाई
मेरठ शास्त्रीनगर निवासी चंद्रकिरण ने तहरीर में बताया कि उसकी बेटी कोमल की शादी 10 वर्ष पूर्व जुड्डी निवासी के साथ हुई थी। सात वर्ष पहले कोमल को उसके पति और देवर ने जलाकर मारने का प्रयास किया था। मामला तब भी थाने तक पहुंचा था लेकिन कुछ समय बाद समझौता हो गया था। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे थे।
आरोप है कि उन्होंने अपने दामाद को चार लाख रुपये कुछ वर्ष पहले दिए थे। दामाद ने अन्य रिश्तेदारों से भी पैसे ले रखे हैं। अब उसने फिर से कोमल से रुपये मांगने और मारपीट व गाली गलौच शुरू कर दी। वह कोमल को जान से मारने तथा तलाक की धमकी भी देता आ रहा था। 10 मार्च को इनका तलाक हो गया और 11 मार्च को कोमल को जहर देकर मारने की कोशिश की गई।
थाने में पूछताछ के दौरान कोमल की बेटी ने बताया कि जब वह स्कूल से घर वापस आई तो पिता घर से निकल कर जा रहे थे। घर के अंदर पहुंची तो मां ने बताया उसके पिता ने उसे ऑल आउट पिला दिया है। मां ने फोन कर नानी को जानकारी दी। इसके बाद नानी मवाना पहुंची और मां को अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। महिला के पति के खिलाफ 151 में कार्रवाई की गई है।
मामूली विवाद पर चले लाठी-डंडे
कुछ देर बाद गुल्लू ने अपने दो साथियों के साथ संदीप पर हमला कर दिया। संदीप पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे चले। पुलिस ने संदीप, गुल्लू व एक अन्य को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी संत शरण सिंह का कहना है कि तीनों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की जा रही है।
बरात में शामिल कार पेड़ से टकराई, एक की मौत
मुंडाली थाना क्षेत्र के शाफियाबाद लोटी गांव में बरात की एक कार अनियंत्रित होकर पेड से टकराकर पलट गई, जिसमें एक बराती की मौत हो गई। पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। परिजनों ने मृतक युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
रविवार को जनपद हापुड़ के गांव सरावनी से चूने खां के पुत्र सलीम की बरात मसूरी गांव जा रही थी। बरात में अपनी कार से नादिर पुत्र अमीर, सुहेब पुत्र कलाम, कादिर पुत्र खालिद, फरहान पुत्र नौशेर, अतु पुत्र सरताज, अब्दुल अहमद पुत्र हसरत निवासी गढ़ सरावनी तथा अयान पुत्र इरशाद निवासी घुघराला थाना हाफिजपुर कार में सवार थे। शाफियाबाद लोटी और अटौला के बीच तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक पेड से टकराकर पलट गई। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा। इस हादसे में नादिर (18) पुत्र अमीर की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। मुंडाली पुलिस ने बताया कि मृतक नादिर के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया और शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया।
राष्ट्रीय लोकदल ने की पश्चिमी यूपी के छह जिलों में महिला प्रकोष्ठ के जिलध्यक्षों की घोषणा
राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष की संस्तुति से जिलाध्यक्ष पदाधिकारियों की घोषणा की है। छह जिलों की महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नियुक्त की गई हैं। इनमेंसर्वेश पुंडीर को मेरठ का जिलाध्यक्ष बनाया है, जबकि रेनू तोमर को बागपत का, निशु चौधरी को बुलंदशहर का, वंदना को गाजियाबाद का तो वहीं प्रियंका अत्री को गौतमबुद्धनगर का, ऊषा को हापुड़ का जिलाध्यक्ष बनाया है।