त्योहार करीब हैं और बाजार सज चुके हैं। अगर आप भी घर के लिए और परिवार वालों को गिफ्ट करने के लिए शॉपिंग का प्लान कर रहे हैं और बिगड़ते बजट को लेकर परेशान हैं, तो एक बाजार ऐसा भी है जो आपकी जेब को ज्यादा परेशान नहीं करेगा और आप यहां बेहतरीन सामानों की खरीदारी कर पाएंगे। आज हम आपको दिल्ली के उस पुराने बाजार के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां आप किचन के स्टाइलिश सिरेमिक बर्तन और सजावट के सामान सस्ते में खरीद सकते हैं।
नई दिल्ली के मालवीय नगर में हौज रानी बाजार जाकर दिल करेगा सब खरीद लें। ये बाजार करीब 70 साल पुराना है और इसकी खासियत है कि यहां के दुकानदार कुम्हार हैं। पहले ये इन बर्तनों को अपने हाथों से बनाया करते थे, लेकिन आधुनिकीकरण के कारण अब सिर्फ मिट्टी के बर्तन और सेरेमिक की चीजें बेचते हैं। हालांकि ये बाजार बड़ा नहीं है बीस से तीस दुकानदार यहां पर स्टाल लगाते हैं मगर आपको ढेरों वैरायटी सस्ते में मिलेगी। इन दुकानदारों के पास इतनी सुंदर कलाकृतियां और मिट्टी के बर्तन होते हैं जिन्हें खरीदे बिना आप रह नहीं पाएंगे।
हौज रानी मार्केट में दिल्ली के पास के राज्यों जैसे राजस्थान, हरियाणा से आए हुए कुम्हार सेरेमिक एक्सेसरीज, घर को सजाने के लिए आकर्षक सामान और पॉटरी वगैरह बनाकर बेचते हैं। यहां पर आपको अपने घर के लिए सर्विंग प्लेट्स, बॉउल, कोस्टर, मग्स और बहुत से सुंदर सजावटी सामान मिल जाएंगे। यहां पर आने वाले दुकानदार क्योंकि सारे सजावटी सामान खुद से बनाते हैं या फिर बाहर से खरीदकर लाते भी हैं तो इन्हें उन सामानों की बारीकी के बारे में पता होता है।
आपको आश्चर्य होगा कि ये सारे सामान यहां बिल्कुल बजट में होते हैं। वैसे तो ये सारे सामान सही दाम में होते हैं लेकिन अगर आपको थोड़ा मोलभाव करना आता है तो और भी अच्छा है क्योंकि कभी-कभी दुकानदार दाम थोड़ा बढ़ा कर बता देते हैं। लेकिन इतने कम दाम में इतने खूबसूरत सामान आपको कहीं और नहीं मिलेंगे। सेरामिक प्लेट मात्र 100 रुपये में, सेरामिक कटोरीयां 50 रुपये में मिल जाएंगे।
एेसे पहुंचे
ये मार्केट मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के बिल्कुल नजदीक है। अगर आप केवल मार्केट देखने के मकसद से भी जाएंगे तो बिना कुछ खरीदे घर नहीं लौटेगें।