जम्मू-कश्मीर में फिर बिगड़ेगा मौसम, कई जिलों में हिमस्खलन का खतरा
रियासत में होली पर मौसम फिर ठंड का अहसास करवाएगा। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार आगामी 8 से 12 मार्च तक राज्य के अधिकांश पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश होगी।
श्रीनगर में मंगलवार शाम से मौसम करवट बदलना शुरू कर देगा। खराब मौसम की जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। इस बीच सोमवार को रामसू के पास भूस्खलन से तीन घंटे हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
अगले चौबीस घंटों में जम्मू में मौसम खुश्क रहेगा। आगामी एक हफ्ते में मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए घाटी के सभी जिला उपायुक्तों को आपात प्रबंधन को मजबूत बनाने को कहा गया है।
कई जिलों में हिमस्खलन का खतरा
बर्फबारी प्रभावित इलाकों में जरूरी सामग्री जुटाई जा रही है। इस मौसम में कई जिलों में हिमस्खलन का खतरा भी बना रहेगा। राज्य में होली पर भी इंद्रदेव के मेहरबान रहने की संभावना है।
पिछले कुछ दिन से साफ मौसम के चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का पारा सामान्य से 3-4 डिग्री ऊपर चल रहा है। डीएसपी हाईवे ट्रैफिक दिनेश गुप्ता के अनुसार हाईवे को क्लीयर रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।