माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली के बीच वंदे भारत ट्रेन दौड़ाने की तैयारी, 8 घंटे में तय होगा सफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वैष्णो देवी के भक्तों को रेलवे बड़ी सौगात देने जा रहा है। रेलवे यात्रियों को आठ घंटे में दिल्ली से कटड़ा तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। 130 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली पहली स्वदेश निर्मित वंदे भारत एक्सप्रेस (टी-18) को नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलाया जाएगा। ट्रायल के बाद नियमित रूप से इस ट्रेन को चलाने की योजना बनाई जाएगी।
नई दिल्ली-कटड़ा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के ट्रायल की संभावनाओं को जानने के लिए नॉर्दर्न रेलवे जरनल मैनेजर टीपी सिंह गुरुवार को जम्मू व कटड़ा रेलवे स्टेशन के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान अंबाला से कटड़ा रेल सेक्शन तक के रेल ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। इसमें देखा जाएगा कि क्या इस सेक्शन की रेल पटरियों पर ट्रेन को 130 किलोमीटर की रफ्तार से चलाया जा सकता है या नहीं।
निरीक्षण के बाद ही वंदे भारत एक्सप्रेस को चलाने पर कोई फैसला लिया जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से कटड़ा आठ घंटे में पहुंच जाएगी। वर्तमान में दिल्ली के लिए 10 से 12 घंटे का समय लग रहा है। हालांकि, रेलवे बोर्ड ने अभी ट्रेन-18 के ट्रायल की तिथि पर कोई फैसला नहीं लिया है। वहीं, सूत्रों की मानें तो अगस्त माह में ट्रायल होने की उम्मीद हैं। जीएम के निरीक्षण के दौरान अगर सब कुछ ठीक रहा, तो राज्य के लोगों के अलावा माता वैष्णो के दर्शन करने वाले भक्तों और पर्यटकों के लिए यह बड़ी सौगात मिलेगी।
8 घंटे में दिल्ली तक का सफर, 5 स्टेशनों पर रुकेगी
टी-18 ट्रेन से माता वैष्णो से दिल्ली तक का सफर आठ घंटे में पूरा होगा। यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह छह बजे चलेगी, जो 8:10 पर अंबाला पहुंचेगी। यहां से 8:12 पर प्रस्थान करेगी। 9:10 पर ट्रेन सोनीवाल से चलेगी और 9:22 पर लुधियाना पहुंचेगी। इसके बाद 12:40 पर ट्रेन जम्मू तवी पहुंचेगी और 12:42 पर जम्मू से प्रस्थान करेगी। दोपहर दो बजे ट्रेन कटड़ा पहुंचेगी। कटड़ा से उसी दिन दोपहर तीन बजे ट्रेन दिल्ली के लिए चलेगी, जो 4:18 पर जम्मू पहुंचेगी। जम्मू से ट्रेन 4:20 पर प्रस्थान करेगी और 7:36 पर लुधियाना पहुंचेगी। यहां से यह 7:38 पर रवाना होगी। सोनीवाल से ट्रेन 7:50 पर रवाना होगी, जो अंबाला में 8:56 पर पहुंचेगी। ट्रेन नई दिल्ली में रात 11 बजे पहुंचेगी।
आईसीएफ को मिला था यह लक्ष्य
केंद्र सरकार ने आईसीएफ को इस साल 10 वंदे भारत एक्सप्रेस बनाने का लक्ष्य दिया था। हालांकि इस साल मात्र तीन रैक बनने की ही उम्मीद है। तीसरा रैक अक्टूबर और चौथा दिसंबर में मिलेगा। इसके बाद एक फरवरी 2020 में आएगा।
अभी यह है रूट
दिल्ली और वाराणसी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 8 घंटे का समय लेती है। ये सुबह 6 बजे नई दिल्ली से निकलती है और दोपहर 2 बजे वाराणसी पहुंच जाती है। उसी दिन दोपहर 3 बजे ये ट्रेन वाराणसी से निकलती है और रात 11 बजे दिल्ली पहुंच जाती है। ट्रेन प्रयागराज और कानपुर स्टेशन पर रूकती है। एसी चेयरकार का किराया 1755 रुपये और एक्जिक्यूटिव चेयर कार का किराया 3300 रुपये है।