जम्मू। रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जया वर्मा सिन्हा ने शनिवार को उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना का दौरा किया। उन्होंने कार्य गुणवत्ता, निष्पादन सहित सुरक्षा का व्यापक जायजा लिया और अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल कश्मीर घाटी को शेष रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के करीब पहुंच रही है।
उन्होंने सबसे पहले कटड़ा से सुरंग संख्या टी-33 (पुरानी सुरंग टी-1) का मोटर ट्रॉली में बैठकर निरीक्षण किया। इसके बाद सुरंग टी-33 तक पैदल यात्रा की। जया सिन्हा ने अंजी ब्रिज, रियासी स्टेशन, बक्कल स्टेशन, चिनाब पुल से होते हुए दुग्गा रेलवे स्टेशन तक ट्रैक, ईएंडएम, एसएंडटी और आरई कार्यों का निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति जानी। अध्यक्ष ने परियोजना टीम के कार्य की प्रशंसा की और उन्हें सभी सुरक्षा संबंधी प्रोटोकॉल का पालन करने की सलाह दी। परियोजना से जुड़े अधिकारियों को शेष कार्यों विशेष रूप से सुरंग टी-1 और सावलकोट यार्ड से जुड़े कार्यों को बिना देरी के पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि कटड़ा-रियासी सेक्शन को जल्द जोड़ा जा सके। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक उत्तर रेलवे शोभन चौधरी, सीएओ यूएसबीआरएल संदीप गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक फिरोजपुर संजय साहू और यूएसबीआरएल परियोजना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।