नशे का खेल: कश्मीर में नारको टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़, आतंकियों के दो मददगार गिरफ्तार
सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि दो आतंकी मददगार हेरोइन व हथियारों के साथ एक वाहन से गुजरने वाले हैं। पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने चेनाद क्रासिंग से गुजरने वालों वाहनों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इस दौरान उनकी गिरफ्तारी हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में सुरक्षा बलों ने नारको टेररिज्म मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए लश्कर-ए-ताइबा के दो मददगारों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से हथियार व हेरोइन बरामद किए गए हैं। बरामद हेरोइन की कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए मददगार सीमा पार के हैंडलरों के संपर्क में थे।
दो आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया
सुरक्षाबलों ने चेनाद क्रासिंग पर नाका चेकिंग के दौरान एक वाहन से जा रहे लश्कर-ए-ताइबा के दो आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान निसार अहमद खान निवासी खहमो रफियाबाद, बारामुला और मोहम्मद रफीक खान निवासी तंगधार, कुपवाड़ा के रूप में की गई है।
पुलिस ने वाहन भी जब्त कर लिया
बताया जाता है कि सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि अंतर जिला नारको टेररिज्म के एक मॉड्यूल से जुड़े दो आतंकी मददगार हेरोइन व हथियारों के साथ एक वाहन से गुजरने वाले हैं। पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने चेनाद क्रासिंग से गुजरने वालों वाहनों की तलाशी लेनी शुरू कर दी।
इस दौरान एक टिप्पर (जेके09बी-9787 ) पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। चेकिंग के लिए उनके वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 800 ग्राम हेरोइन बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
टिपर की स्टेपनी से निकले हथियार
पूछताछ के दौरान दोनों मददगारों ने स्वीकार किया कि वह लश्कर-ए-ताइबा के साथ काम कर रहे हैं और लश्कर के आकाओं के निकट संपर्क में थे। उनके खुलासे पर स्टेपनी से एक एके 47 मैगजीन, एके 47 के 15 कारतूस व चीन में बना एक ग्रेनेड भी जब्त किया।
नशीले पदार्थों के पैसों का आतंकी गतिविधियों में होना था इस्तेमाल
दोनों आतंकी मददगारों को उनके आकाओं ने नशीले पदार्थों को बेचने का काम सौंपा था। इससे मिलने वाली रकम का उपयोग घाटी में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जाना था।
लश्कर मॉड्यूल का भंडाफोड़, तीन आतंकी गिरफ्तार
श्रीनगर में सुरक्षा बलों ने आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए लश्कर-ए-ताइबा के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया। वे बड़े हमले की फिराक में थे। उनके पास से तीन चीन निर्मित पिस्टल व अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि वे बाहरी मजदूरों तथा पंचायत से जुड़े जनप्रतिनिधियों पर हमले की योजना बना रहे थे।
राष्ट्रीय राइफल्स व पुलिस ने नाका लगाया था
खुफिया सूचना मिली थी कि तीन आतंकी सोपोर से श्रीनगर जा रहे हैं। इस आधार पर 29 राष्ट्रीय राइफल्स व पुलिस ने नाका लगाया। देर रात हैगाम में बगीचे के रास्ते तीन संदिग्ध जाते हुए दिखे। इस पर सुरक्षा बलों ने उन्हें चुनौती दी तो वे बगीचे में भागने लगे। इस पर तीनों को दौड़ाकर सुरक्षा बलों ने पकड़ लिया। इनकी शिनाख्त वारपोरा के तफहीम रियाज, ब्रथ कला सोपोर के सीरत शाहबाज मीर व रमीज अहमद खान के रूप में हुई। ब्यूरो