जम्मू-कश्मीर: ऑपरेशन ऑलआउट का शतक, सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर किए जैश के दो आतंकी
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को मार गिराया। इसमें एक स्थानीय और दूसरा पाकिस्तानी नागरिक था। आपरेशन के दौरान एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई जबकि दो जवान घायल हो गए।
मंगलवार तड़के जिले के कुंडललन इलाके में आतंकियों के होने की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को मिली। इसके बाद सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सीआरपीएफ के जवानों ने इलाके में सांझा तलाशी अभियान चलाया। घेराबंदी सख्त होता देख एक मकान में छिपे आतंकियों ने जवानों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। इसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया।
आतंकियों की ओर से भारी फायरिंग होता देख सेना ने आसपास के मकानों से स्थानीय लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर आतंकियों के खिलाफ आपरेशन तेज कर दिया। इस मुठभेड़ में जैश के दो आतंकी मार गिराए गए। पुलिस के अनुसार उनमें से एक की पचान शोपियां के रावलपुरा के समीर अहमद शेख के तौर पर हुई। वह अप्रैल 2018 में जैश में शामिल हुआ था। दूसरे आतंकी की पहचान पाकिस्तानी निवासी बाबर के तौर पर हुई है। वह जैश का कमांडर था। मारे गए दोनों आतंकी कई घटनाओं को अंजाम दे चुके थे।
सेना पर पथराव, भड़की हिंसा में नागरिक की मौत
इलाके में मुठभेड़ शुरू होते ही स्थानीय युवा सड़कों पर पर उतर आए। सुरक्षाबलों ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए आंसू गैस के गोले, पेलेट गन के साथ हवाई फायरिंग की। इसमें वेहिल काचीडूरा के तमशील अहमद खान समेत करीब 50 लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से तमशील समेत 7 अन्य को श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल रेफर किया गया। जहां चिकित्सकों ने तमशील को घोषित कर दिया।
उधर, पुलिस ने एक की मौत और 16 के घायल होने की पुष्टि की है। इसमें से 12 को पेलट जबकि चार को बुलेट इंजूरी बताई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस दौरान सेना के एक जेसीओ समेत दो जवानों के घायल होने की खबर है।