जम्मू-कश्मीर: राजोरी में आतंकियों की घुसपैठ करवाने और उन्हें खाने-पीने का सामान मुहैया करवाने वाले दो मददगार गिरफ्तार
सुरक्षाबलों की दो दिन पहले राजोरी के खबलां क्षेत्र में आतंकियों से मुठभेड़ हुई थी। पकड़े गए दोनों मददगार आतंकियों को कई प्रकार की मदद पहुंचा रहे थे। वह पाकिस्तान में बैठे आकाओं के संपर्क में थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजोरी जिले के थन्नामंडी के जंगलों में आतंकियों को घुसपैठ कराने और उन्हें खाने-पीने का सामान मुहैया करवाने में शामिल दो ओवर ग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया गया है। राजोरी पुलिस ने कार्रवाई कर इनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। लश्कर-ए-तैयबा के ये दोनों ओजी वर्कर जंगल में छिपे आतंकियों के संपर्क में थे और उन्हें सामान मुहैया करवाने के साथ सुरक्षाबलों की गतिविधियों की जानकारी दे रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों की पहचान मोहम्मद रउफ और वजीर हुसैन के रूप में हुई है। दोनों थन्नामंडी में खबलां क्षेत्र के वार्ड-1 के निवासी हैं।
दो दिन पहले खबलां क्षेत्र में ही आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। ये लोग आतंकियों को मदद पहुंचा रहे थे। इन आतंकी मददगारों के खिलाफ 307, 120 बी, 121, 122, 212 और 216 आईपीसी, 7/27 शस्त्र अधिनियम और 13 गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों के अनुसार ये ओजीडब्ल्यू पाकिस्तान और पीओजेके में स्थित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के संपर्क में भी थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कई और आतंकी मददगार पुलिस के रडार पर हैं। एलओसी से घुसपैठ करने वाले ज्यादातर आतंकी या तो राजोरी-पुंछ में सक्रिय रहना चाहते हैं या फिर पीरपंजाल पहाड़ों से होते हुए कश्मीर में जाने की फिराक में हैं। हालांकि सुरक्षाबलों ने जंगलों में छिपे आतंकियों की घेराबंदी जारी रखी है।