{"_id":"6088616f8ebc3ee1c001548e","slug":"trf-threatens-jammu-businessman-demands-one-crore","type":"story","status":"publish","title_hn":"धमकी : जम्मू के कारोबारी से टीआरएफ ने मांगे एक करोड़ रुपये, पार्सल से तीन गोलियां भी भेजीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
धमकी : जम्मू के कारोबारी से टीआरएफ ने मांगे एक करोड़ रुपये, पार्सल से तीन गोलियां भी भेजीं
Wed, 28 Apr 2021 12:39 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Wed, 28 Apr 2021 12:39 AM IST
सार
- पगयाल ग्रुप के एमडी को बीते शनिवार को श्रीनगर से टैक्सी ड्राइवर ने पैकेट लाकर सौंपा
- पैकेट के अंदर टीआरएफ के लेटर पैड पर धमकी, डॉन अखबार में लपेटी गई थीं गोलियां
विज्ञापन
धमकी...
- फोटो : amar ujala
विस्तार
जम्मू के एक कारोबारी को आतंकी संगठन टीआरएफ की धमकी मिली है। उनसे संगठन के लिए एक करोड़ रुपये की मांग की गई है। श्रीनगर से भेजे गए पार्सल को एक टैक्सी ड्राइवर ने उन तक पहुंचाया। इसमें अत्याधुनिक राइफल की तीन गोलियां भी थीं, जो पाकिस्तान से छपने वाले डॉन अखबार में लपेटकर रखी गई थीं। पैकेट पर सियालकोट की एक गिफ्ट आइटम की दुकान की स्लिप चिपकी हुई था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
धमकी मिलने के बाद पगयाल ग्रुप के एमडी अतुल पगयाल ने बताया कि बीते शनिवार को श्रीनगर से उन्हें एक पैकेट प्राप्त हुआ। एक टैक्सी ड्राइवर ने यह पैकेट लाया था। ड्राइवर के फोन करने पर कंपनी के मुलाजिम ने जाकर वह पैकेट हासिल किया था। सैनिटाइज करने के बाद पैकेट खोला तो उसमें तीन पेज का उर्दू में लिखा धमकी भरा पत्र था। बीच में डॉन समाचार पत्र में लपेटकर रखी गई तीन गोलियां भी थीं। इसके बाद उन्होंने एसएसपी को पूरे मामले की जानकारी दी। एसएसपी के निर्देश पर पहुंचे सतवारी एसएचओ ने उर्दू में लिखे खत को पढ़ा।
विज्ञापन
इसमें कहा गया है कि श्रीनगर में कोई भी बाहरी व्यक्ति काम नहीं कर सकता है। यहां के लाभ पर केवल कश्मीरियों का हक है। कश्मीर के युवाओं ने खून का बलिदान किया है। किसी बाहरी को यहां काम करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। पत्र में यह भी धमकी दी गई है कि पहले भी आपने देख लिया होगा कि बाहरियों का अंजाम क्या होता है।
विज्ञापन
आप सोशल मीडिया प्लेटफार्म का उपयोग कर कश्मीर के खिलाफ लिख रहे हैं जो हमारी मुहिम को नुकसान पहुंचा रहा है। आपने गलती की है। इसके एवज में आपको एक करोड़ रुपये देना होगा। नहीं तो परिणाम भुगतना होगा। पत्र में कहा गया है कि जल्द ही यह बताया जाएगा कि कब और कहां पैसे देने हैं।
टैक्सी ड्राइवर उगल सकता है राज
पगयाल ग्रुप के एमडी को पैकेट देने वाला ड्राइवर राज उगल सकता है कि उसे किसने पैकेट सौंपे थे। अतुल का कहना है कि उन्होंने पुलिस को ड्राइवर का नंबर सौंपा है, लेकिन अब तक वह गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। यदि कार्रवाई में देर होती है तो ड्राइवर मोबाइल बंद कर कहीं लापता हो सकता है। ऐसे में इस धमकी भरे पत्र का राज नहीं खुल पाएगा।
पूरी रेकी के बाद पैकेट भेजा
कारोबारी की पूरी रेकी करने के बाद ही पैकेट भेजा गया है। बताया जा रहा है कि अतुल के घर में तीन सदस्य ही हैं। तीन गोलियां भेजना इस बात की ओर इशारा करती है कि धमकी देने वालों को परिवार के सदस्यों की संख्या का पता है। अतुल का कहना है कि जम्मू-कश्मीर सरकार और पुलिस को इसे गंभीरता से लेना चाहिए ताकि कश्मीर में निवेश करने के सरकारी प्रयास को झटका न लगे। इन दिनों अतुल श्रीनगर में कुछ कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे थे। इसके तहत ऑनलाइन विज्ञापन भी आ रहा था।
पाकिस्तान की दुकान का पूरा पता भी है पैकेट पर
पैकेट पर पाकिस्तान के सियालकोट की वॉच एंड ट्वायज गिफ्ट शॉप का कंप्यूटर से निकाला गया स्टिकर चस्पा है। इस पर दुकान का पूरा पता प्लाट नंबर 671, अलमा इकबाल रोड सदर बाजार दर्ज है। फोन नंबर भी दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यदि पैकेट श्रीनगर से भेजा गया है तो उस पर पाकिस्तान की दुकान का पता व फोन नंबर और डॉन अखबार में गोलियां लपेटकर भेजने का आशय क्या है।