आतंकी हमले के बाद जम्मू-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर भी मंडराया खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सांबा के चमलियाल में मारे गए आतंकियों के निशाने पर जम्मू-दिल्ली रेलवे ट्रैक था। आतंकियों के पास चेन आईईडी बरामद की गई है। यह आईईडी रेलवे ट्रैक को उड़ाने में इस्तेमाल की जाती है। आतंकियों के पास से जीपीएस भी बरामद किया गया है। इससे साफ है कि आतंकी जीपीएस के माध्यम से रेलवे ट्रैक तक पहुंचने की कोशिश में थे।
लेकिन इससे पहले ही मार गिराए गए। मारे गए तीन आतंकियों की तलाशी लेने पर इनके पास पांच चेन आईईडी बरामद की गई। चमलियाल से सांबा दूर नहीं। सूत्रों का कहना है कि आतंकी जीपीएस की मदद से रेलवे ट्रैक तक पहुंचना चाहते थे। इसके लिए वह विजयपुर और सांबा के बीच का रेलवे ट्रैक चुनने वाले थे।
जम्मू से सुबह सबसे पहली अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन चलती है। इसके बाद मालवा और अन्य ट्रेनों का संचालन होता है। आतंकी विजयपुर और सांबा के रेलवे ट्रैक को उड़ाकर सुबह इन दो ट्रेनों को उड़ाने की प्लानिंग कर रहे थे। आतंकियों के जीपीएस की लोकेशन का भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है। देखा जा रहा है कि वह चमिलयाल में कहां कहां से आए।
पहले भी रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कोशिश कर चुके हैं आतंकी
आतंकियों की इस साजिश के बाद रेलवे अधिकारियों ने जम्मू से लेकर पठानकोट तक रेलवे ट्रैक को कड़ी निगरानी में ले लिया है। साथ ही पूरे स्टेशनों पर अलर्ट कर दिया गया है। जम्मू से दिल्ली को जाने वाली सभी ट्रेनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
आतंकी पहले भी रेलवे ट्रैक को उड़ाने की कोशिश कर चुके हैं। पठानकोट में हमला करने के वक्त आतंकियों ने पठानकोट के रेलवे ट्रैक पर आईईडी लगा दी थी। लेकिन रेल कर्मी की मुस्तैदी से इसका वक्त पर पता चल गया था। तब रेलवे ट्रैक को उड़ाने से बचा लिया गया था। इस बार भी आतंकी ऐसा ही करना चाहते थे।